CM योगी से गाय मांगने पर ग्रामीण महिला की खुल गई लॉटरी, तत्काल योजनाओं का लाभ देने के निर्देश

Poonam Devi Ask cow from CM Yogi Adityanath : सीतापुर जिले के हरगांव की महिला पूनम देवी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से पालने के लिए गाय मांगी. इसके बाद सीएम ने पशुपालन विभाग को तत्काल प्रभाव से संबंधित योजनाओं का लाभ दिए जाने का निर्देश जारी कर दिया.

नोएडा | Updated On: 24 Aug, 2026 | 01:31 PM

सीएम योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में फरियाद लेकर पहुंची महिला को एक नहीं कई योजनाओं की सौगात मिल गई. दरअसल, सीतापुर जिले की पूनम देवी सोमवार को जनता दर्शन में पहुंची थीं. इस दौरान जब सीएम योगी उनकी फरियाद सुनने पहुंचे तो उन्होंने पशुपालन के लिए गाय मांग ली. महिला की मांग से सीएम खुश हो गए और पशुपालन विभाग को तत्काल गाय उपलब्ध कराने का आदेश दिया है. इतना ही नहीं सीएम ने मुख्यमंत्री सहभागिता योजना का लाभ देने का भी निर्देश दिया और गोवंश की देखभाल के लिए सरकारी मदद देने को भी कहा.

जनता दर्शन में महिला ने सीएम योगी मांगी गाय

सीतापुर जिले के हरगांव के गुरुदेव नगर मुहल्ले की रहने वाली पूनम देवी सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलीं. पूनम ने सीएम से गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई और गाय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. मुख्यमंत्री ने उनकी मांग पर तत्काल अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निराश्रित गाय उपलब्ध कराने और नियमानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए.

पूनम के पास पहले से पांच गाय

सरकारी बयान में कहा गया कि पूनम देवी ने मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पास अभी पांच गाय हैं और अन्य गोवंश को रखने के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि अतिरिक्त गाय मिलने से वह दूध आदि की बिक्री कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर कर सकेंगी.

सहभागिता योजना और गोवंश पालन के लिए सरकारी मदद मिलेगी

मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निर्देश दिया कि पूनम को निराश्रित गाय उपलब्ध कराने के साथ ही मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता भी दिलाई जाए. मुख्यमंत्री ने पूनम की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उन्हें नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाएगी. उन्होंने गोसेवा के प्रति उनकी इच्छा के लिए प्रेरित भी किया.

अवैध कब्जा तत्काल हटवाने का निर्देश

‘जनता दर्शन’ के दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति ने मुख्यमंत्री से अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की. मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई और पीड़ित को यथासंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए.

Published: 24 Aug, 2026 | 01:19 PM

Topics: