18 एकड़ में लगाए 1000 केसर आम के पेड़, इस सीजन 8 लाख का मुनाफा कमाया.. CM से मिला सम्मान

Success Story: उद्यान विभाग और कृषि विभाग की योजना का लाभ लेकर केसर आम की खेती शुरू करने वाले युवा किसानों को बड़ी सफलता मिली है. इस सीजन बंपर उत्पादन के साथ ही 8 लाख रुपये की आमदनी हासिल की है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने युवा किसानों को सम्मानित किया है.

नोएडा | Updated On: 25 Jul, 2026 | 11:50 AM

मध्य प्रदेश के किसान बड़े पैमाने पर कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर खेती में नए कीर्तमान गढ़ रहे हैं. उद्यान विभाग से केसर आम के 400 पौधे लेकर आम का बाग लगाने वाले दो युवा किसान यशपाल सिंह ने बंपर उत्पादन और अच्छी कमाई हासिल करके अन्य किसानों को प्रेरित किया है. वहीं, किसान विजय सिंह ने 9 एकड़ में आम के पौधे लगाए हैं और उनके बाग में आम के पेड़ों की संख्या बढ़कर एक हजार के भी पार पहुंच गई है. उन्होंने इस सीजन आम की बिक्री से 8 लाख रुपये का मुनाफा कमाया है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दोनों युवा किसानों को सम्मानित किया है.

18 एकड़ में एक हजार केसर आम लगाए

मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के भाभरा इलाके के कांदा गांव निवासी प्रगतिशील किसान यशपाल सिंह ने आम की प्राकृतिक खेती करके नया कीर्तिमान स्थापित किया है. कृषि विभाग के अनुसार युवा किसान ने कहा कि करीब 18 एकड़ इलाके में 1000 से ज्यादा केसर आम के पेड़ हैं. इनमें जो भी फसल होती है, वो सब दूसरे राज्यों में बेचते हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के हाथों सम्मानित होकर बहुत खुशी हो रही है. खासकर इसलिए कि हमने इस काम की शुरुआत सरकार की मदद से ही की थी.

विदेश में आम बेचने की इच्छा

यशपाल सिंह ने कहा कि शुरुआत में उन्हें उद्यान विभाग की ओर से 400 पौधे दिए गए थे. आर्थिक सहायता भी मिली थी. यही पौधे बढ़कर आज हमारे खेतों में 1000 से ज्यादा पेड़ बन गए हैं. सरकार की नीतियों की वजह से मुझे आम बेचने के लिए बाजार में नहीं जाना पड़ता. मैं जंगल में रहता हूं, लेकिन ग्राहक सीधे वहीं पहुंच जाते हैं. इतना ही नहीं, सरकार की सोलर पंप लगाने की योजना से भी हमें काफी मदद मिलती है. युवा किसान ने कहा कि हम चाहते हैं कि हमें प्राकृतिक खेती का प्रमाणपत्र मिल जाए. इससे हम विदेशों में भी आम बेच पाएंगे.

इस सीजन आम बेचकर 8 लाख कमाए

जिले के जोबट के कांदा गांव के प्रगतिशील युवा किसान विजय सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होकर वे बहुत खुश हैं. वे करीब 9 एकड़ में केसर आम की खेती करते हैं. उनके 1000 से ज्यादा पेड़ हैं. इसके लिए सरकार से उन्हें मदद मिली थी. विभाग की ओर से आम के पेड़ और आर्थिक सहायता मिली थी. इस साल उन्होंने करीब 8 लाख के आम बेचे. उनके सारे आम स्थानीय बाजार में ही बिक जाते हैं, कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ती. यदि आम के बागानों की तार फेंसिंग का कोई इंतजाम हो जाए तो फसल ज्यादा सुरक्षित रहेगी.

Published: 25 Jul, 2026 | 11:50 AM

Topics: