Todays Top News List: जैविक खेती करने पर मिलेंगे 10 हजार रुपये, क्रॉप डॉक्टर मिनटों में बता रहा फसल की बीमारी, दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें

Latest Agriculture News in Hindi: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 15 मई तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 मई को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

Agriculture News in Hindi: मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना की 36वीं किस्त 13 मई को जारी की जाएगी. इसे योजना के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,835 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की राशि सीधे सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर की जाएगी.

नोएडा | Updated On: 13 May, 2026 | 09:54 PM
The liveblog has ended.
  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 07:15 PM (IST)

    दूध खरीदना हुआ और महंगा, अमूल ने 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए दाम

    अमूल ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है. नई कीमतें 14 मई 2026 से पूरे देश में लागू होंगी. कंपनी ने बढ़ती उत्पादन लागत, पशु चारे और ईंधन की महंगाई को इसकी वजह बताया है. इस बढ़ोतरी के बाद आम लोगों के किचन बजट पर असर पड़ सकता है.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 06:50 PM (IST)

    पंजाब की खेती बचाने के लिए केंद्र का बड़ा प्लान, फसल विविधीकरण पर बनी सहमति

    शिवराज सिंह चौहान और भगवंत मान की दिल्ली में हुई बैठक में पंजाब की खेती, पानी और किसानों को लेकर अहम चर्चा हुई. केंद्र सरकार ने कहा कि अब पंजाब में धान के साथ दूसरी फसलों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि पानी की बचत हो और मिट्टी की सेहत बनी रहे. सरकार ने भरोसा दिलाया कि किसानों को नई फसलों के लिए पूरा सहयोग और बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाएगा.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 06:33 PM (IST)

    ओडिशा के आम ने लंदन में मचाई धूम, 3 टन अम्रपाली आम पहुंचा ब्रिटेन

    ओडिशा के ढेंकानाल जिले से इस सीजन का पहला अंतरराष्ट्रीय आम निर्यात सफलतापूर्वक किया गया है. यहां से 3 टन अम्रपाली आम लंदन भेजे गए हैं, जिससे किसानों में खुशी का माहौल है. इस निर्यात में किसान उत्पादक संगठनों, कृषि विभाग और APEDA का अहम सहयोग रहा. अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से किसानों की आय बढ़ेगी और ओडिशा के आम को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलेगी.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 06:16 PM (IST)

    प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने वाले किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा, सरकार देगी हर साल 10 हजार रुपये प्रति एकड़

    श्याम सिंह राणा ने कहा है कि राज्य सरकार प्राकृतिक और जैविक खेती को बड़े स्तर पर बढ़ावा देने की तैयारी में है. उन्होंने घोषणा की कि जो किसान प्राकृतिक या जैविक खेती अपनाएंगे, उन्हें अगले पांच वर्षों तक प्रति एकड़ हर साल 10 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा. सरकार का मानना है कि इससे खेती की लागत कम होगी, मिट्टी की गुणवत्ता सुधरेगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 06:05 PM (IST)

    AI से स्मार्ट हुई खेती, ITC का ‘क्रॉप डॉक्टर’ मिनटों में बता रहा फसल की बीमारी और इलाज

    ITC लिमिटेड का एग्रीटेक प्लेटफॉर्म ITCMAARS अब किसानों के लिए खेती को आसान और आधुनिक बना रहा है. कंपनी का AI आधारित “क्रॉप डॉक्टर” फीचर फसल की फोटो देखकर तुरंत बीमारी और कीट की पहचान कर रहा है. यह तकनीक अब तक 70 से ज्यादा फसलों के लिए इस्तेमाल की जा रही है और करीब 3 लाख बार उपयोग हो चुका है. किसानों को स्थानीय भाषा में बीमारी का इलाज, बचाव के उपाय और विशेषज्ञों से सीधे सलाह भी मिल रही है, जिससे फसल नुकसान कम होने और आय बढ़ने की उम्मीद है.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 05:50 PM (IST)

    मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, नागपुर एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण को मिली मंजूरी

    प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उन्नयन और आधुनिकीकरण को मंजूरी दे दी है. यह काम सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत किया जाएगा. सरकार ने एयरपोर्ट की लीज अवधि बढ़ाने का फैसला लिया है, ताकि GMR नागपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड को 30 साल के लिए संचालन का लाइसेंस मिल सके. इस फैसले के बाद नागपुर एयरपोर्ट को क्षेत्रीय विमानन और कार्गो हब के रूप में विकसित करने की योजना को बड़ा बढ़ावा मिलेगा.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 05:36 PM (IST)

    प्रतीक यादव मौत मामले में सपा विधायक ने उठाए सवाल, न्यायिक जांच की मांग

    सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने प्रतीक यादव की मौत मामले में न्यायिक जांच की मांग की है. सपा विधायक का कहना है कि प्रतीक यादव को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था और डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा था. उन्होंने कहा कि अगर पोस्टमार्टम हुआ है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 05:20 PM (IST)

    एअर इंडिया का बड़ा फैसला, जून से कई इंटरनेशनल उड़ानें होंगी बंद

    एअर इंडिया ने हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों और जेट ईंधन की बढ़ती कीमतों के चलते जून से अगस्त तक कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती करने का फैसला लिया है. एयरलाइन दिल्ली-शिकागो, मुंबई-न्यूयॉर्क, दिल्ली-शंघाई और चेन्नई-सिंगापुर जैसे प्रमुख रूट्स पर सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करेगी. इसके अलावा मुंबई-ढाका और दिल्ली-माले मार्ग भी प्रभावित होंगे. एयर इंडिया का कहना है कि यह कदम नेटवर्क को स्थिर रखने और बढ़ती परिचालन लागत को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 05:05 PM (IST)

    NEET पेपर लीक पर भड़की NSUI, सड़क पर उतरे कार्यकर्ता; सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

    NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों और अभिभावकों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है. गुजरात के राजकोट में NSUI कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए NTA की अर्थी निकाली और चक्काजाम किया. प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और यातायात बहाल कराया. NSUI ने बार-बार पेपर लीक होने को सरकार की बड़ी नाकामी बताते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 04:50 PM (IST)

    खरीफ किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, सरकार देगी लागत से 50% ज्यादा MSP

    केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन 2026-27 के लिए फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को मंजूरी दे दी है. सरकार के मुताबिक किसानों को उनकी लागत से कम से कम 50 प्रतिशत ज्यादा दाम मिलेगा. इस फैसले से किसानों को करीब 2.60 लाख करोड़ रुपये का फायदा होने का अनुमान है. वहीं सरकार ने 824.41 लाख मीट्रिक टन फसलों की खरीद का लक्ष्य भी तय किया है.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 04:35 PM (IST)

    पंजाब किसानों को बड़ा तोहफा? दिल्ली में बैठक के बाद कृषि मंत्री और CM मान ने किया अहम ऐलान!

    दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ अहम बैठक की. बैठक के बाद उन्होंने इसे बेहद सकारात्मक और रचनात्मक बताया. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे पंजाब के लोगों को नमन करते हैं, जो हर संकट में देश के साथ खड़े रहते हैं. उन्होंने कहा कि बैठक में खास तौर पर फसल विविधीकरण (क्रॉप डाइवर्सिफिकेशन) पर चर्चा हुई और केंद्र व पंजाब सरकार मिलकर काम करने पर सहमत हुई हैं.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 04:21 PM (IST)

    लैंसडाउन में BJP का प्रशिक्षण शिविर शुरू! संगठन को मजबूत करने पर जोर

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन में बीजेपी के जिला प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा भी की.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 04:05 PM (IST)

    कोयला गैसीफिकेशन पर बड़ा फैसला! भारत बनाएगा गैस, बिजली और खाद में आत्मनिर्भरता की राह

    दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कोयला गैसीफिकेशन को लेकर एक अहम फैसले की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि सरकार ने “कोल गैसीफिकेशन स्कीम” को मंजूरी दी है, जिसका उद्देश्य देश को गैस की जरूरतों और मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के बीच आत्मनिर्भर बनाना है. उन्होंने बताया कि भारत के पास कोयले का विशाल भंडार है और यह आने वाले लगभग 200 सालों की जरूरतों को पूरा कर सकता है.

    उन्होंने कहा कि इस गैस का उपयोग आगे बिजली उत्पादन, खाद (फर्टिलाइजर) निर्माण और विभिन्न प्रकार के रसायनों (केमिकल्स) बनाने में किया जा सकेगा. इसे एक बड़ा और रणनीतिक फैसला बताया गया है, जो देश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम है.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 03:50 PM (IST)

    40 दिन की सुस्ती के बाद बढ़ी गेहूं खरीद, सरकार ने खरीदे 30 मिलियन टन से ज्यादा गेहूं

    देश में रबी विपणन सत्र 2026 के दौरान गेहूं खरीद अब तेजी पकड़ती दिख रही है. 12 मई तक केंद्र सरकार ने 30.15 मिलियन टन गेहूं की खरीद कर ली है, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 3 प्रतिशत ज्यादा है. शुरुआती 40 दिनों तक खरीद पिछड़ने के बाद अब हालात सुधरते नजर आ रहे हैं. पंजाब और हरियाणा में तेज खरीद ने सरकार को राहत दी है, जबकि सरकार अब 34.5 मिलियन टन खरीद लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 03:39 PM (IST)

    मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, खरीफ फसलों के MSP पर किसानों को मिलेगा 2.60 लाख करोड़ रुपये का फायदा

    केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन 2026-27 के लिए फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को मंजूरी दे दी है. मोदी कैबिनेट के इस फैसले से किसानों को करीब 2.60 लाख करोड़ रुपये का भुगतान होने का अनुमान है. सरकार के मुताबिक MSP को उत्पादन लागत से कम से कम 50 प्रतिशत ज्यादा रखा गया है, ताकि किसानों को उनकी फसल का बेहतर दाम मिल सके. इस बार खरीफ फसलों की सरकारी खरीद 824.41 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान जताया गया है.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 03:22 PM (IST)

    BRICS बैठक से पहले दिल्ली में हलचल! उज्बेकिस्तान के उप विदेश मंत्री पहुंचे भारत

    दिल्ली में आलोयेव बखरोमजोन जोराबोयेविच का आगमन हुआ है. वे BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे हैं. इस हाई लेवल बैठक में कई देशों के विदेश मंत्री और शीर्ष अधिकारी भाग लेंगे, जहां वैश्विक मुद्दों और आपसी सहयोग पर चर्चा होने की संभावना है. दिल्ली में हो रही यह कूटनीतिक बैठक अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 03:10 PM (IST)

    NEET-UG पेपर लीक के आरोपों पर बवाल! पालक्कड़ में SFI का जोरदार प्रदर्शन

    केरल के पलक्कड़ में एसएफआई (स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के कार्यकर्ताओं ने NEET-UG परीक्षा में कथित पेपर लीक के आरोपों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए और इस तरह की घटनाओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है. उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. छात्र संगठन का यह प्रदर्शन केरल की राजनीति और शिक्षा व्यवस्था में परीक्षा सुरक्षा को लेकर चल रही बहस को और तेज कर रहा है.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 02:56 PM (IST)

    NEET पेपर लीक पर हंगामा! DUSU अध्यक्ष का बड़ा हमला, NTA डायरेक्टर के इस्तीफे की मांग

    दिल्ली में आर्यन मान ने NEET परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले को लेकर कड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी मांग है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के डायरेक्टर को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 में NEET पेपर लीक के समय भी संगठन ने सबसे पहले विरोध किया था और अब 2026 में एक बार फिर पेपर लीक की घटना सामने आई है.

    आर्यन मान ने कहा कि छात्र और उनके माता-पिता अपनी पूरी जिंदगी की कमाई बच्चों की तैयारी में लगा देते हैं, ऐसे में इस तरह की घटनाएं बेहद गंभीर हैं. उन्होंने मांग की कि इस कथित साजिश में शामिल पूरी चेन को गिरफ्तार किया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 02:42 PM (IST)

    CBSE 12वीं रिजल्ट 2026 जारी! लड़कियों ने फिर मारी बाजी, पास प्रतिशत में बड़ा फर्क

    CBSE 12th Result: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. रिजल्ट आते ही लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया. इस साल कुल 85.20 फीसदी छात्र पास हुए हैं, लेकिन खास बात यह रही कि लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है.

    इस साल का रिजल्ट कैसा रहा?

    • कुल पास प्रतिशत: 85.20 फीसदी
    • लड़कियां: 88.86 फीसदी
    • लड़के: 82.13 फीसदी
    • पिछले साल का पास प्रतिशत: 88.39 फीसदी

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 02:32 PM (IST)

    लखनऊ पहुंचा प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़

    प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर लखनऊ स्थित उनके आवास लाया गया. इस दौरान समर्थकों और शुभचिंतकों की बड़ी संख्या अंतिम दर्शन के लिए पहुंची. प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव के बेटे और बीजेपी नेता अर्पणा यादव के पति थे. उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 02:20 PM (IST)

    प्रतिक यादव के निधन पर डॉक्टरों का बयान! फेफड़ों में ब्लड क्लॉट बना मौत की बड़ी वजह

    लखनऊ में मेडिसिन विभाग की एसोसिएट डायरेक्टर डॉ रुचिता शर्मा ने प्रतीक यादव ने के निधन पर गहरा दुख जताया है. डॉ. रुचिता शर्मा ने बताया कि प्रतिक यादव लंबे समय से उनके इलाज में थे और उन्हें हाई ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन जैसी समस्याएं थीं. कुछ दिन पहले उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जांच में पता चला कि उन्हें पल्मोनरी एम्बोलिज्म हुआ था. यह ऐसी गंभीर स्थिति होती है, जिसमें खून का थक्का फेफड़ों की धमनियों में जाकर फंस जाता है. इससे फेफड़ों में ब्लॉकेज हो जाता है और दिल की कार्यक्षमता पर भी बुरा असर पड़ता है.

    डॉक्टरों के मुताबिक, पल्मोनरी एम्बोलिज्म बेहद गंभीर और जानलेवा स्थिति मानी जाती है. प्रतिक यादव पहले से ब्लड थिनर दवाएं ले रहे थे और अपनी बीमारी को लेकर पूरी तरह जागरूक थे. वे नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की दवाएं भी लेते थे.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 02:06 PM (IST)

    BJP की जीत पर नायब सैनी का बड़ा दावा! बोले, ‘जहां मोदी, वहां जीत तय’

    दिल्ली में नायब सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हर जगह बीजेपी सरकार बन रही है. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी जनता के बीच जाने के लिए झूठ का सहारा लेती है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं. नायब सैनी ने कहा कि इसी भरोसे का परिणाम है कि बीजेपी को पश्चिम बंगाल और असम में ऐतिहासिक जीत मिली है. साथ ही हरियाणा के निकाय चुनावों में भी जनता ने एकतरफा वोट देकर बीजेपी का समर्थन किया है.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 01:50 PM (IST)

    मां त्रिपुरा सुंदरी के दरबार पहुंचीं दिल्ली की CM रेखा गुप्ता! बोलीं, ‘PM मोदी के नेतृत्व में बनेगा विकसित भारत’

    रेखा गुप्ता त्रिपुरा दौरे पर अगरतला पहुंचीं, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान उन्होंने कहा कि त्रिपुरा की धरती पर आकर उन्हें गर्व और सुकून महसूस हो रहा है, क्योंकि वे मां त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन के लिए जा रही हैं. उन्होंने माणिक साहा और पार्टी कार्यकर्ताओं का स्वागत के लिए धन्यवाद दिया. रेखा गुप्ता ने कहा कि वे मां त्रिपुरा सुंदरी से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में “विकसित भारत” और “विकसित त्रिपुरा” के तेजी से आगे बढ़ने की प्रार्थना करती हैं.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 01:36 PM (IST)

    TVK को बड़ा झटका! CM के OSD बने प्रवक्ता की नियुक्ति अचानक रद्द

    रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल की तमिलनाडु मुख्यमंत्री के स्पेशल ड्यूटी ऑफिसर (OSD) पद पर हुई नियुक्ति रद्द कर दी गई है. हाल ही में TVK के प्रवक्ता और मीडिया प्रतिनिधि के तौर पर उनकी नियुक्ति की घोषणा हुई थी, लेकिन अब सरकार ने इस फैसले को वापस ले लिया है.

    हालांकि नियुक्ति रद्द किए जाने की वजह को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. इस फैसले के बाद तमिलनाडु की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 01:20 PM (IST)

    पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील पर एकनाथ शिंदे का बड़ा ऐलान! अब EV से चलेंगे डिप्टी CM

    एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने की अपील का समर्थन किया है. ठाणे में मीडिया से बात करते हुए शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह अपील देशहित में है और सभी को इसे अपनाना चाहिए. उन्होंने कहा, “विदेशों में युद्ध हो रहा है, लेकिन उसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है. ऐसे समय में ईंधन की बचत जरूरी है.”

    एकनाथ शिंदे ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है और अब वे इलेक्ट्रिक वाहन (EV) का इस्तेमाल करेंगे. उनके इस बयान को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर देखा जा रहा है.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 01:06 PM (IST)

    TVK प्रवक्ता की CM ऑफिस में एंट्री! नियुक्ति पर पार्टी ने दी सफाई

    चेन्नई में TVK के प्रवक्ता रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल को तमिलनाडु मुख्यमंत्री का OSD (Officer on Special Duty) नियुक्त किए जाने पर पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है. TVK के संयुक्त महासचिव सीटीआर निर्मल कुमार ने कहा, “वह लंबे समय से हमारे मीडिया प्रवक्ता रहे हैं और लगातार मीडिया में पार्टी का समर्थन करते रहे हैं. किसी का निजी पेशा कुछ भी हो सकता है, लेकिन वह हमारे मीडिया पर्सन हैं.”

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 12:50 PM (IST)

    बंगाल की राजनीति में बड़ा पल! शुभेंदु अधिकारी ने विधायक पद की ली शपथ

    शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता स्थित पश्चिम बंगाल विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली. शपथ ग्रहण के दौरान विधानसभा में राजनीतिक हलचल और समर्थकों में खास उत्साह देखने को मिला. सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल की राजनीति के बड़े चेहरों में गिने जाते हैं और उनकी शपथ को राज्य की सियासत में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 12:36 PM (IST)

    तमिलनाडु में TVK सरकार का शक्ति प्रदर्शन! फ्लोर टेस्ट में 144 विधायकों का मिला साथ

    TVK सरकार ने तमिलनाडु विधानसभा में फ्लोर टेस्ट जीत लिया है. सरकार के पक्ष में 144 विधायकों ने वोट देकर बहुमत साबित कर दिया. TVK के संयुक्त महासचिव सीटीआर निर्मल कुमार ने कहा कि, तमिलनाडु की जनता ने उनके नेता पर भरोसा जताया है और बदलाव के लिए वोट किया है. उन्होंने कहा, “फ्लोर टेस्ट में हमने अपना बहुमत साबित कर दिया है. 144 विधायकों ने सरकार के पक्ष में मतदान किया. यह जनता की सरकार होगी और चुनाव के दौरान किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे.”

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 12:22 PM (IST)

    बंगाल में फर्जी टोल पर बड़ा एक्शन! अब जबरन वसूली करने वालों की खैर नहीं

    पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में चल रहे अवैध टोल टैक्स और ड्रॉप गेट्स पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने आदेश दिया है कि बिना सरकारी मंजूरी के चल रहे सभी टोल गेट, बैरिकेड और वसूली केंद्र तुरंत बंद किए जाएं. जिलों के अधिकारियों को कहा गया है कि वे अपने इलाके में ऐसे फर्जी टोल पॉइंट्स की पहचान करें और उन्हें तुरंत हटाएं. साथ ही भविष्य में कहीं दोबारा अवैध वसूली केंद्र न बनें, इस पर भी नजर रखने को कहा गया है.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 12:08 PM (IST)

    पोस्टल बैलेट गड़बड़ी पर सुप्रीम कोर्ट ने TVK विधायक को दी बड़ी राहत

    सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाईकोर्ट के उस अंतरिम आदेश पर रोक लगा दी है, जिसमें आर. श्रीनिवासा सेथुपति को तमिलनाडु विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेने से रोका गया था. यह मामला पोस्टल बैलेट में कथित गड़बड़ी से जुड़ा है. मद्रास हाई कोर्ट ने पहले अंतरिम आदेश जारी कर विधायक की विधानसभा में भागीदारी पर रोक लगाई थी. अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उन्हें बड़ी राहत मिल गई है और फिलहाल वे विधानसभा की कार्यवाही में शामिल हो सकेंगे.

  • Posted By: Isha Gupta

    13 May 2026 11:53 AM (IST)

    PM मोदी की अपील के बाद सरकार ने Gold-Silver पर बढ़ाया भारी टैक्स, जानें कितना महंगा होगा सोना

    Gold-Silver Import Duty Hike: भारत सरकार ने बुधवार को सोना और चांदी के आयात शुल्क में बड़ा बदलाव किया है. अब इन दोनों पर इम्पोर्ट ड्यूटी 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दी गई है, जिसमें 10 फीसदी बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5 फीसदी कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर एवं डेवलपमेंट सेस (AIDC) शामिल है. इसका सीधा मतलब है कि अब विदेश से सोना-चांदी लाना पहले से ज्यादा महंगा हो जाएगा.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 11:40 AM (IST)

    पीएम मोदी की अपील के बाद हमने भी अपने कारकेड में कटौती की- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पीएम की अपील के बाद हमने भी अपने कारकेड में कटौती की है. आने वाले समय में हम EV पर जोर देंगे.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 11:25 AM (IST)

    महाराष्ट्र की मंडियों में प्याज का रेट 200 रुपये क्विंटल से भी नीचे, किसानों को नुकसान

    महाराष्ट्र की मंडियों में प्याज का रेट 200 रुपये क्विंटल से भी नीचे गिर गया है. Agmarknet के आंकड़ों के मुताबिक, अहमदनगर APMC में 11 मई कुल 2,929.90 मीट्रिक टन प्याज की आवक दर्ज की गई. इस दिन न्यूनतम कीमत 150 रुपये प्रति क्विंटल, अधिकतम 1,100 रुपये प्रति क्विंटल और मॉडल कीमत 650 रुपये प्रति क्विंटल रही. वहीं अकलुज APMC में 10 मई को 63.10 मीट्रिक टन प्याज की आवक हुई. यहां इसकी न्यूनतम कीमत 200 रुपये प्रति क्विंटल, अधिकतम 900 रुपये प्रति क्विंटल और मॉडल कीमत लगभग 500 रुपये प्रति क्विंटल रही.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 11:10 AM (IST)

    किसान ने मंडी के बाहर फेंका प्याज, किया प्रदर्शन

    महाराष्ट्र के नासिक जिले में रेट में गिरावट से प्याज किसान आक्रोशित हैं. नंदगांव कृषि उपज मंडी समिति (APMC) में एक किसान ने पूरे दिन इंतजार करने के बाद अपनी 2,500 किलो से ज्यादा प्याज मंडी के बाहर फेंक दी, क्योंकि उसकी फसल की नीलामी नहीं हो पाई. इस घटना के बाद मंडी के बाहर किसानों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया. उन्होंने प्रशासन और व्यापारियों के खिलाफ नारेबाजी की और मंडी समिति को भंग करने की मांग की. किसानों का आरोप था कि मंडी समिति ठीक से काम नहीं कर रही है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 10:55 AM (IST)

    मक्का खरीदी में आएगी तेजी, सरकार का बड़ा फैसला

    तेलंगाना में धान और मक्का किसानों के लिए राहत की खबर है. अब उन्हें  मंडियों में खरीद के दौरान परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा. क्योकि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने धान और मक्का खरीदी को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच सख्त फैसला लिया है. उन्होंने जिला कलेक्टरों को तेजी से खरीद प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि खरीदी के काम को मिशन मोड में पूरा किया जाए, ताकि किसानों को मंडियों में उपच बेचने के लिए ज्यादा दिनों तक इंतजार नहीं करना पड़े.

    दरअसल, मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के कलेक्टरों से बात की और हर जिले में खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं की विस्तृत जानकारी भी मांगी. मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से कहा कि वे किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास करें और खरीद केंद्रों पर काम सुचारु रूप से चलना सुनिश्चित करें. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अधिकारी खुद मौके पर जाकर फील्ड विजिट करें, ताकि किसानों की समस्याओं को सीधे समझा जा सके. खरीद प्रक्रिया की निगरानी मजबूत करने के लिए हर IKP (इंदिरा क्रांति पथम) केंद्र पर एक अधिकारी की तैनाती की जाएगी, जो वहां आने वाली दिक्कतों को तुरंत हल करेगा. इसी तरह सभी राइस मिलों पर भी एक सक्षम अधिकारी मौजूद रहेगा, ताकि खरीद प्रक्रिया बिना रुकावट पूरी हो सके.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 10:40 AM (IST)

    दिल्ली सरकार के मंत्री ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक वाहनों का करेंगे इस्तेमाल- कपिल मिश्रा

    दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा किप्रधानमंत्री मोदी के आह्वान का पालन किया गया है. ईंधन बचाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी संकल्प लिया है और सभी मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि हम ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करें.  बहुत आवश्यकता पड़ने पर हमें केवल एक सरकारी गाड़ी इस्तेमाल करनी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी अपने काफिले को कम कर रही हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 10:24 AM (IST)

    देशभर में तेज गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर

    देशभर में तेज गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस हफ्ते के आखिर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान सागर, दक्षिणी बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में पहुंच सकता है. विभाग का कहना है कि वहां मौसम तेजी से मानसून के अनुकूल बन रहा है.

    हालांकि मानसून समय पर आने की उम्मीद है, लेकिन इस बार बारिश सामान्य से कम हो सकती है. अगर ऐसा हुआ, तो इसका असर खेती-किसानी और गांवों की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है. किसानों के लिए यह चिंता की बात मानी जा रही है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 10:08 AM (IST)

    असम की पहचान और सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है- मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम की पहचान और सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है. हम असम के विकास के लिए काम करेंगे ताकि हम देश के विकास में सहयोग कर सकें. उन्होंने आगे कहा कि UCC हमारे चुनावी घोषणा पत्र का हिस्सा है. हमने अपने घोषणा पत्र में जो भी वादे किए हैं हमारी 100 फीसदी कोशिश होगी हम सब लागू करें.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 09:53 AM (IST)

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे. उनके भाई प्रतीक यादव का आज निधन हो गया है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 09:36 AM (IST)

    बारामती हवाई अड्डे के पास प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त

    महाराष्ट्र के पुणे जिले में बारामती हवाई अड्डे के पास एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है: पुणे ग्रामीण पुलिस

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 09:21 AM (IST)

    केरल के अगले मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस जारी है, अब पोस्टर वार शुरू

    कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF की जीत के बाद केरल के अगले मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस जारी है, इसी बीच वायनाड जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के पास कांग्रेस सांसदों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा, और पार्टी आलाकमान को निशाना बनाने वाले पोस्टर दिखाई दिए.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 09:06 AM (IST)

    हरियाणा में गेहूं की खरीद पर भी उठने लगे सवाल, कार्रवाई की मांग

    पिछले खरीफ सीजन में नकली धान खरीद के आरोपों के बाद अब हरियाणा की मंडियों में उत्तर प्रदेश से लाए गए गेहूं की खरीद पर भी सवाल उठने लगे हैं. इस मामले में एक सेवानिवृत्त कृषि वैज्ञानिक ने कार्रवाई की मांग की है. भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), नई दिल्ली के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक डॉ. विरेंद्र लाठर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर हरियाणा में धान और गेहूं खरीद में गड़बड़ियों के आरोप लगाए हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 08:52 AM (IST)

    तिलजला आगजनी मामले पर CM शुभेंदु अधिकारी का बड़ा बयान, दर्ज होगी FIR

    तिलजला आगजनी की घटना पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मुख्य सचिव ने आदेश दिया है और चार विभागों की एक समिति बनाई गई है. कल सुबह 11 बजे एक रिपोर्ट आएगी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह एक अवैध इमारत थी. पूरे राज्य में यही हाल है. अब ऐसा नहीं चलेगा. सरकार कानूनी तौर पर जो भी जरूरी होगा, वह करेगी. इंतजार कीजिए और देखिए. फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट कल सुबह 11 बजे आएगी. FIR भी दर्ज की जाएगी. इसे ऐसी पहली और आखिरी घटना मानिए.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 08:35 AM (IST)

    CM योगी ने प्रतीक यादव ने निधन पर दुख जताया

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव ने निधन पर दुख जताया.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 08:22 AM (IST)

    सुबह करीब 6 बजे प्रतीक यादव को अस्पताल लेकर आए थे उनके साले चंद्रशेखर

    सुबह करीब 6 बजे उन्हें बीमार हालत में उनके साले चंद्रशेखर और उनके मित्र राहुल पाठक प्रतीक यादव को अस्पताल लेकर आए थे. उस समय उनकी पत्नी अपर्णा यादव साथ नहीं थीं. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 08:08 AM (IST)

    प्रतीक यादव को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था

    कहा जा रहा है कि प्रतीक यादव को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. वे बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति थे. हालांकि पिछले दिनों उनके वैवाहिक जीवन को लेकर विवाद की खबरें भी सामने आई थीं. बताया जा रहा है कि कुछ समय से वे परिवार के साथ रह रहे थे, लेकिन उनके बीच पारिवारिक मतभेद की चर्चा बनी हुई थी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 07:53 AM (IST)

    मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया

    समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का लखनऊ के सिविल अस्पताल में निधन हो गया.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 07:51 AM (IST)

    'कच्ची पर्ची' के इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई शुरू, किसानों को फायदा

    हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB) ने 1 अप्रैल से शुरू हुए खरीद सीजन की शुरुआत में ही 'कच्ची पर्ची' के इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी थी. बोर्ड ने सभी मंडी समितियों के सचिवों को साफ निर्देश दिए कि मंडियों में किसी भी तरह की अवैध पर्ची जारी न की जाए और किसानों को केवल मान्यता प्राप्त जे-फॉर्म ही दिया जाए. HSAMB के एक अधिकारी के अनुसार, यह कदम किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उठाया गया. किसानों ने आरोप लगाया था कि कई आढ़ती आधिकारिक रसीद (जे-फॉर्म) की जगह अनौपचारिक पर्चियां दे रहे थे, जिससे वजन, कीमत और भुगतान के रिकॉर्ड में गड़बड़ी की आशंका रहती थी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 07:32 AM (IST)

    हरियाणा में 'कच्ची पर्ची' व्यवस्था पर लगा ब्रेक, सरकार ने लागू किया नया नियम

    गेहूं खरीदी के  बीच हरियाणा सरकार ने अनाज मंडियों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक डिजिटल व्यवस्था शुरू की है. इसका उद्देश्य आढ़तियों द्वारा लंबे समय से चल रही 'कच्ची पर्ची' देने की प्रथा को खत्म करना है, जो बिना आधिकारिक रिकॉर्ड के दी जाती थी. इस नई व्यवस्था के तहत किसानों को अब सीधे उनके मोबाइल पर डिजिटल जे-फॉर्म मिल रहा है. इसमें बेचे गए अनाज की मात्रा और उन्हें मिला दाम साफ-साफ दर्ज होता है.  यह कदम किसानों को होने वाली गड़बड़ी और शोषण से बचाने की दिशा में एक बड़ा सुधार माना जा रहा है. साथ ही, इससे MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) के तहत होने ले लेन-देन में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 07:16 AM (IST)

    आज दिल्ली में हो सकती है बारिश, अलर्ट जारी

    भीषण गर्मी से जल्द ही राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के कहा है कि 13 मई को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है और कभी-कभी यह बढ़कर 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इस दिन अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इसके बाद 18 मई तक मौसम अधिकतर साफ रहने की संभावना जताई गई है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    13 May 2026 07:01 AM (IST)

    CM योगी ने अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों के साथ बैठक की

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों के साथ बैठक की अध्यक्षता की.

  • Posted By: Kisan India

    13 May 2026 07:00 AM (IST)

    सोना-चांदी खरीदना हुआ और महंगा, आयात शुल्क बढ़ते ही दामों में बड़ा उछाल

    सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को भारी तेजी देखने को मिली. सरकार द्वारा आयात शुल्क बढ़ाने के बाद सोना 8,550 रुपये महंगा होकर 1.65 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया, जबकि चांदी की कीमत में 20,500 रुपये प्रति किलो का बड़ा उछाल आया. सरकार ने गैर-जरूरी आयात कम करने के लिए शुल्क 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया है, जिसका सीधा असर बाजार और ग्राहकों की जेब पर दिखाई दे रहा है.

Agriculture News in Hindi Live Updates: मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में लू-लपट  (Heat Wave) चल रही है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और झुलसाने वाली गर्मी हो रही है. दिल्ली एनसीआर में गर्मी से लोगों को दोपहर में बाहर निकलना लगभग बंद हो गया है (Delhi Weather Latest Updates). वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लूट और गर्म हवाएं चलने का दौर जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में गर्म हवाओं से सुबह-शाम तापमान तीजे से ऊपर जा रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 23वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 23rd Installment) एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और रबी सीजन (Rabi Season) की फसलों की बुवाई और के बाद अब एमएसपी पर फसलों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today

Published: 13 May, 2026 | 07:02 AM