खराब बीज बेचने वाली कंपनियों पर कसेगा शिकंजा, कृषि मंत्री ने 31 नई सीड लैब बनाने को मंजूरी दी
किसानों को बेहतर और भरोसेमंद बीज उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का फैसला किया है. बीज गुणवत्ता की जांच बढ़ाने, शिकायतों पर कार्रवाई तेज करने और किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं. इससे कृषि उत्पादन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.
Seed Quality: किसानों को बेहतर और भरोसेमंद बीज उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने सख्त कदम उठाने की तैयारी कर ली है. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बाजार में खराब गुणवत्ता वाले बीज बेचने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. इसके साथ ही बीजों की गुणवत्ता जांच को मजबूत बनाने के लिए राज्य में 31 जिला स्तरीय बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना की प्रक्रिया को तेज करने पर भी जोर दिया गया है.
बीज गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं
कृषि भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बीज परीक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए ताकि किसानों तक केवल भरोसेमंद और मानक के अनुरूप बीज ही पहुंच सकें. मंत्री ने कहा कि बीज की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
31 जिला स्तरीय लैब की स्थापना को मंजूरी
बैठक में बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य में 31 जिला स्तरीय बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना को मंजूरी दी जा चुकी है. इन प्रयोगशालाओं के संचालन और सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया जारी है. कृषि मंत्री ने इसकी प्रगति रिपोर्ट मांगी और कहा कि आधुनिक जांच सुविधाओं के माध्यम से बीजों की गुणवत्ता पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी.
अमानक बीज बेचने वालों पर कसेगा शिकंजा
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पिछले तीन वर्षों में अमानक पाए गए बीजों की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि हर साल किसानों की ओर से खराब गुणवत्ता वाले बीजों की शिकायतें मिलती हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. ऐसे मामलों में संबंधित कंपनियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार की जाए. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि किसी कंपनी के बीज जांच में अमानक पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
किसानों को समय पर मिलेगा गुणवत्तापूर्ण बीज
बैठक में राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्रों के कार्यों की भी समीक्षा की गई. कृषि मंत्री ने आधार बीज उत्पादन बढ़ाने और प्रमाणित बीज उत्पादन की पूरी श्रृंखला को मजबूत बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि किसानों को बुवाई के समय पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है. उनके अनुसार बेहतर बीज कृषि उत्पादन बढ़ाने का सबसे महत्वपूर्ण आधार है और सरकार किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. इससे न केवल फसल उत्पादन में वृद्धि होगी बल्कि किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.