Agriculture News in Hindi Live Updates: केरल में मॉनसून के प्रवेश करने के बाद से मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. तटीय राज्यों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की जा रही है. जबकि, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में अभी भी गर्मी (Heat Wave) ने परेशान कर रखा है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) के कुछ हिस्सों में बदली के चलते तापमान कम हुआ है तो कई जगह गर्मी तेवर दिखा रही है. दिल्ली एनसीआर में गर्मी से लोगों हाल बेहाल है. (Delhi Weather Latest Updates). वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलने का दौर जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में गर्म हवाओं से सुबह-शाम तापमान तीजे से ऊपर जा रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 24वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 23rd Installment), एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और खरीफ सीजन (Kharif Season) की फसलों की बुवाई शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today
Todays Top News List: चाय किसानों के लिए टैक्स छूट सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव, मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने में बड़ी चुनौतियां, दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें
Agriculture News in Hindi: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश में दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तरी अरब सागर के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ चुका है. दिल्ली, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में 10 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
असम बजट में छोटे चाय उत्पादकों के लिए कर छूट सीमा बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का प्रस्ताव
गुवाहाटी: 10 जुलाई: असम सरकार ने छोटे चाय उत्पादकों के लिए कर छूट सीमा चार गुना बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने और परंपरागत एवं विशेष श्रेणी की चाय पर दी जाने वाली सब्सिडी में 50 प्रतिशत वृद्धि का शुक्रवार को प्रस्ताव किया.
राज्य के वित्त मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने अपना पहला बजट पेश करते हुए निर्यातोन्मुख और प्रीमियम गुणवत्ता वाली असम सीटीसी चाय के लिए भी सब्सिडी देने की घोषणा की.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
मानव-वन्यजीव संघर्ष संरक्षण एवं विकास की राह में बहुत बड़ी चुनौती : केंद्रीय पर्यावरण मंत्री
नयी दिल्ली: 10 जुलाई (भाषा) केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि इंसान और जंगली जानवरों के बीच टकराव भारत के सामने संरक्षण से जुड़ी सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है. उन्होंने इस समस्या से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की जरूरत पर जोर दिया. मंत्री ने कोयंबटूर में मानव-वन्यजीव संघर्ष उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) के उद्घाटन के दौरान ये बातें कहीं.
यादव ने कहा, ‘‘इंसानों और जंगली जानवरों के बीच टकराव भारत में संरक्षण और विकास से जुड़ी सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बनकर उभरा है. ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि इंसानी गतिविधियों के बढ़ने, जमीन के इस्तेमाल के तरीकों में बदलाव और वन्यजीवों के पर्यावास घटने की वजह से इंसानों और जंगली जानवरों का आमना-सामना बढ़ गया है. हमारा नजरिया समाधान खोजने वाला होना चाहिए... जिसमें आधुनिक प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल किया जाए.
-
Posted By: Saurabh Sharma
हनुमानगढ़ी विवाद पर अवधेश प्रसाद का योगी सरकार पर हमला, बोले- विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा
लखनऊ में हनुमानगढ़ी नमाज विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि फैजाबाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास के मुद्दों पर बात नहीं की. सपा सांसद ने कहा कि किसान खाद के लिए परेशान हैं, अस्पतालों की स्थिति खराब है और युवाओं को पेपर लीक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में विकास कार्य आगे नहीं बढ़े हैं. अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव को लेकर चिंतित है और जनता का भरोसा सपा व अखिलेश यादव के प्रति बढ़ रहा है. (ANI)
-
Posted By: Saurabh Sharma
हरिद्वार में गंगा में उतारी कार, स्टंट करना पड़ा भारी; पुलिस ने जब्त की गाड़ी और दर्ज किया मामला
हरिद्वार में गंगा नदी में कार उतारकर स्टंट करना दो युवकों को भारी पड़ गया. CO सिटी हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दो युवकों ने गंगा में गाड़ी उतार दी थी और वे वीडियो बनाने के लिए स्टंट कर रहे थे. अचानक नदी में पानी का स्तर बढ़ गया, जिससे दोनों युवक मुश्किल में फंस गए. स्थानीय लोगों ने समय रहते दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है और गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस ने लोगों से नदी में इस तरह के खतरनाक स्टंट न करने की अपील की है. (ANI)
-
Posted By: Saurabh Sharma
दुष्यंत चौटाला ने उठाए मंदिर ट्रस्टों के ऑडिट के सवाल, शीतला माता और मनसा देवी बोर्ड की जांच की मांग
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने राज्य के दो प्रमुख धार्मिक ट्रस्टों के ऑडिट की मांग उठाई है. चरखी दादरी में उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शीतला माता और मनसा देवी माता श्राइन बोर्ड का ऑडिट कराने की मांग की है. चौटाला ने दावा किया कि पंचकूला के पूर्व विधायक समेत कई लोगों ने इन ट्रस्टों में कथित अनियमितताओं की बात कही है. उन्होंने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोनों धार्मिक संस्थानों के कामकाज और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच जरूरी है. चौटाला ने सरकार से इस मामले में उचित कदम उठाने की अपील की है.(ANI)
-
Posted By: Saurabh Sharma
राम मंदिर दान मामले पर कांग्रेस का हमला, दीपेंद्र हुड्डा ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और PM से मांगा जवाब
अयोध्या राम मंदिर के लिए मिले दान में कथित हेराफेरी के मामले को लेकर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इस मामले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत और सबसे सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. हुड्डा ने प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी से भी इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की. उनका कहना है कि भगवान श्रीराम के मंदिर से जुड़े दान में कथित गड़बड़ी देश की आस्था पर गंभीर चोट है. उन्होंने आरोप लगाया कि इतने बड़े मामले पर अब तक सरकार और प्रधानमंत्री की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. (ANI)
-
Posted By: Saurabh Sharma
असम बजट 2026-27 पर कांग्रेस का हमला, रिपुन बोरा बोले- यह जन, किसान और गरीब विरोधी बजट
असम विधानसभा में पेश किए गए बजट 2026-27 पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा है. कांग्रेस नेता रिपुन बोरा ने कहा कि 117 पन्नों के बजट में राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए कोई ठोस योजना नहीं है. उनका आरोप है कि करीब 35 लाख पंजीकृत बेरोजगार युवाओं के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि बाढ़ और कटाव जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान पर भी सरकार ने ध्यान नहीं दिया. बोरा ने बजट को जन-विरोधी, किसान-विरोधी और गरीब-विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि इसमें बड़े कारोबारियों के हितों को प्राथमिकता दी गई है.(ANI)
-
Posted By: Saurabh Sharma
पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पर समीक्षा, CM ने त्योहारों के बीच शांति बनाए रखने की अपील की
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के बरहामपुर में मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक के बाद कहा कि बकरीद और मुहर्रम जैसे बड़े त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए हैं. उन्होंने बताया कि आने वाले समय में रथ यात्रा और सावन के दौरान भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोगों से कानून का सम्मान करने की अपील की गई है और सभी का सहयोग मिल रहा है. उन्होंने दावा किया कि पिछले दो महीनों में कोई बड़ी घटना नहीं हुई. साथ ही कहा कि जहां भी कोई समस्या होगी, प्रशासन तत्काल कार्रवाई करेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखेगा. (ANI)
-
Posted By: Saurabh Sharma
महिला आरक्षण लागू करने की मांग तेज, 20 जुलाई से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और संसद मार्च का ऐलान
महिला संगठनों ने महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने की मांग को लेकर 20 जुलाई से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और संसद तक मार्च करने का ऐलान किया है. CPI नेता एनी राजा ने कहा कि 500 से अधिक महिला संगठनों ने इस आंदोलन का समर्थन किया है. उनका आरोप है कि 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बावजूद इसे जनगणना और परिसीमन की शर्त से जोड़ दिया गया है, जिससे महिलाओं को तत्काल लाभ नहीं मिल पा रहा. संगठनों की मांग है कि यह शर्त हटाई जाए और मौजूदा संसद में ही महिलाओं को एक-तिहाई सीटों का आरक्षण दिया जाए. (ANI)
-
Posted By: रिजवान नूर खान
गवाही देने से पहले पत्नी की मौत, अदालत ने हत्या के प्रयास के मामले में पति को बरी किया
नयी दिल्ली: 10 जुलाई (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने अपनी पत्नी की हत्या की कोशिश के आरोपी एक व्यक्ति को बरी कर दिया है. अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष अपना मामला साबित करने में विफल रहा है क्योंकि मुकदमे की सुनवाई के दौरान गवाही देने से पहले ही शिकायतकर्ता की मौत हो गई थी. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय शर्मा, अभिनेश त्रिपाठी उर्फ राहुल के खिलाफ मामले की सुनवाई कर रहे थे, जिस पर 2021 में अपनी पत्नी रश्मि की हत्या की कोशिश का आरोप था.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
Amarnath Yatra 2026: 1.60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के किए दर्शन
श्री अमरनाथ जी यात्रा पूरे जोश और उत्साह के साथ जारी है. 3 जुलाई 2026 से शुरू हुई यात्रा के लिए अब तक 1.60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए हैं. शुक्रवार को 8,796 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था जम्मू से घाटी के लिए रवाना हुआ.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी
लखनऊ: 10 जुलाई (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहा और कई जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई.
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे की अवधि में मेरठ जिले के मवाना में राज्य में सर्वाधिक 315 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा दर्ज की गई. इसके बाद मुजफ्फरनगर के जानसठ में 270.1 मिमी, मुजफ्फरनगर शहर में 213.3 मिमी और खतौली में 212.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
बिहार में फर्जी डिग्री के आधार पर नियुक्त 3,000 से अधिक शिक्षकों पर गिरेगी गाज
पटना: 10 जुलाई (भाषा) बिहार सरकार ने फर्जी डिग्री और जाली शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने वाले 3,000 से अधिक शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है. बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को बताया कि इन शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त किया जाएगा. साथ ही, उनके खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
कांग्रेस के साथ विलय को लेकर कोई बातचीत नहीं - एनसीपी एसपी सांसद सुप्रिया सुले
पुणे: 10 जुलाई (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को उनकी पार्टी के कांग्रेस में विलय की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं आया है और दोनों दल सहयोगी के रूप में साथ मिलकर काम करते रहेंगे.
राकांपा (शप) और कांग्रेस महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (एमवीए) तथा राष्ट्रीय स्तर पर 'इंडिया' गठबंधन के घटक दल हैं. सुले ने यहां संवाददाताओं से कहा, "राकांपा (शप) किसी भी विलय की बातचीत में शामिल नहीं है. न तो हमें कांग्रेस की ओर से कोई प्रस्ताव मिला है और न ही हमने विलय को लेकर उन्हें कोई प्रस्ताव दिया है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
AAP से अलग होकर आईवीपी पार्टी बनाने वाले 16 पार्षद भाजपा में शामिल
नयी दिल्ली: 10 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) से अलग होकर बनी इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) के 16 पार्षद शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए.
गुप्ता ने आईवीपी के पार्षदों का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली के विकास को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह एक अच्छा संकेत है, जिससे उनके वार्डों में विकास कार्यों को गति मिलेगी.’’
-
Posted By: रिजवान नूर खान
चेक बाउंस मामला: अदालत ने राजपाल यादव की दोषसिद्धि बरकरार रखी, तीन महीने की जेल की सजा सुनाई
नयी दिल्ली: 10 जुलाई (भाषा) दिल्ली उच्च न्यायालय ने अभिनेता राजपाल यादव को ‘चेक बाउंस’ के मामलों में दोषी ठहराए जाने के फैसले को शुक्रवार को बरकरार रखते हुए उन्हें तीन महीने के कारावास की सजा सुनाई. न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा ने यादव को सातों शिकायतों में प्रत्येक शिकायतकर्ता को एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान करने का भी निर्देश दिया.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
इथेनॉल पेट्रोल के विरोध में नितिन गडकरी के खिलाफ यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के सदस्य दिल्ली में अपने दफ़्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के चेहरे वाले मास्क पहने हुए हैं, उनके हाथों में नोट और इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल वाली बोतलें हैं, और वे अपने प्रदर्शन में गन्ने का रस निकालने वाली मशीन का भी इस्तेमाल कर रहे हैं.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
MCD के तहत करीब 5,000 रेहड़ी-पटरी वालों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण मिला
नयी दिल्ली: नौ जुलाई (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के तहत आने वाले करीब 5,000 रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को चालू वित्त वर्ष में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत अब तक 16 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण दिया जा चुका है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने बताया कि इनमें से अधिकांश रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं ने ऋण की तीसरी किस्त प्राप्त की. इस योजना के तहत पहली और दूसरी किस्त का ऋण समय पर देने वाले विक्रेता अधिक राशि के अगले ऋण के पात्र बन जाते हैं.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
अमरनाथ तीर्थयात्रियों को लेकर जा रहा वाहन जम्मू कश्मीर राजमार्ग पर पलटा, छह लोग घायल
जम्मू: 10 जुलाई (भाषा) अमरनाथ तीर्थयात्रियों को लेकर जा रहा एक वाहन शुक्रवार को उधमपुर जिले में जम्मू श्रीनगर राजमार्ग पर पलट गया. इस घटना में छह श्रद्धालु घायल हो गए जिनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
असम के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में 4,200 से अधिक पद खाली : मंत्री
गुवाहाटी: 10 जुलाई (भाषा) असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक सिंघल ने शुक्रवार को विधानसभा को बताया कि राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में अलग-अलग वर्गों में मंजूर किए गए पदों में से 28 प्रतिशत से अधिक पद खाली पड़े हैं. कांग्रेस विधायक बेबी बेगम के एक सवाल के जवाब में सिंघल ने कहा कि राज्य में 14 सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल हैं, जिनमें कुल 14,754 स्वीकृत पद हैं और इनमें से 4,232 पद खाली हैं.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
त्रिपुरा के तीन जिलों में भारी बारिश से बाढ़,11,000 लोग विस्थापित
अगरतला: 10 जुलाई (भाषा) त्रिपुरा के तीन जिलों में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ आ गई, जिससे लगभग 11,000 लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
कांग्रेस के बिराजित सिन्हा ने आरोप लगाया कि जल संसाधन विभाग समय पर पानी नियंत्रित करने वाले गेट की मरम्मत करने में नाकाम रहा, जिसके कारण उनाकोटी, धलाई और खोवाई जिलों के कई निचले इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
बिहार में हर माह की 10 तारीख पेंशन दिवस के रूप में मनाई जाएगी : मुख्यमंत्री
पटना: 10 जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में अहम पहल करते हुए घोषणा की कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख 'बिहार पेंशन दिवस' के रूप में मनाई जाएगी.
इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस दिन राज्य के सभी पात्र पेंशनधारियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पेंशन की राशि समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
राम मंदिर चढ़ावा विवाद की जांच संबंधी याचिकाओं पर 13 जुलाई को सुनवाई करेगा न्यायालय
नयी दिल्ली: 10 जुलाई (भाषा) उच्चतम न्यायालय अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के अनुरोध वाली याचिकाओं पर 13 जुलाई को सुनवाई करेगा. 7 जुलाई को अयोध्या की एक अदालत ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों में से तीन को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने की अनुमति दी थी. अदालत ने अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय की पुलिस रिमांड मंजूर की थी.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक तीन दिवसीय बैठक के लिए कर्नाटक के बेलगावी में एकत्र हुए
बेलगावी (कर्नाटक): 10 जुलाई (भाषा) देश भर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक शुक्रवार को यहां अपनी सालाना तीन दिवसीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए इकट्ठा हुए। इस बैठक में देश भर में जारी जनगणना प्रक्रिया समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी. आरएसएस की वार्षिक ‘अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक’ शुक्रवार को यहां सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की उपस्थिति में शुरू हुई, जो 12 जुलाई को समाप्त होगी.
बैठक में आरएसएस की शाखाओं के कामकाज की समीक्षा की जाएगी और संघ की पहुंच को और बढ़ाने के लिए शाखाओं की संख्या बढ़ाने की योजना पर चर्चा की जाएगी. आरएसएस ने एक बयान में कहा कि बैठक में देश भर से सभी सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख, कार्यकारी परिषद के सदस्य, प्रांत प्रचारक, सह प्रांत प्रचारक, क्षेत्र प्रचारक और सह क्षेत्र प्रचारक भाग ले रहे हैं.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
मुंबई-पुणे रेल मार्ग बाधित: मध्य रेलवे ने 30 ट्रेन 17 जुलाई तक रद्द कीं
मुंबई: 10 जुलाई (भाषा) भोर घाट खंड में हुए भूस्खलन के बाद मध्य रेलवे ने 30 लंबी दूरी और इंटरसिटी ट्रेन रद्द कर दी हैं, जिसके कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर रेल यातायात 17 जुलाई तक प्रभावित रहेगा. रेलवे अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने बताया कि छह जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के कारण कर्जत और लोनावला स्टेशन के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे तीनों रेलवे लाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. अधिकांश भूस्खलन घाट खंड में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल केबिन के पास हुए.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
महराजगंज में दलित युवक की हत्या के दोषी को आजीवन कारावास की सजा
महराजगंज (उप्र): 10 जुलाई: महराजगंज जिले की एक अदालत ने प्रेम प्रसंग के कारण छह साल पहले अनुसूचित जाति (दलित) के एक युवक की हत्या करने के आरोपी को दोषी करार देते हुए कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है.
अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (एडीजीसी) पूर्णेंदु त्रिपाठी ने बताया कि विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम) आबिद शमीम ने युवक की हत्या के आरोपी राम प्रसाद प्रजापति को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई और उस पर 40 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया. (भाषा)
-
Posted By: रिजवान नूर खान
वायनाड भूस्खलन में मृतकों के परिजनों और घायलों को समय पर अनुग्रह राशि मिले: केरल उच्च न्यायालय
कोच्चि: 10 जुलाई : केरल उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को राज्य सरकार को निर्देश दिया कि वायनाड भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिवारों और इस घटना में घायल हुए लोगों को समय पर अनुग्रह राशि दी जाए. न्यायमूर्ति ए. के. जयशंकरन नांबियार और न्यायमूर्ति प्रीता ए. के. की पीठ ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए सरकार से यह रिपोर्ट भी मांगी कि निर्माण स्थल पर काम कब रोका गया था और अगर वहां सारी गतिविधियां रोक दी गई थीं तो भी श्रमिक वहां क्यों मौजूद थे.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
कांग्रेस ने दशकों तक राज्यों के बीच जल विवाद सुलझाने के बजाय किसानों को आपस में लड़ाया : मोहन यादव
कालापीपल (मप्र): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राज्यों के बीच जल विवादों का समाधान करने के बजाय किसानों को आपस में लड़ाया और इन विवादों को दशकों तक लंबित रखा. शाजापुर जिले के कालापीपल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यादव ने दावा किया, ‘‘कांग्रेस शासन के दौरान दक्षिण भारत के राज्यों को जल बंटवारे के मुद्दे पर एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा किया गया, जिससे किसानों का खून नदियों में बहा, जबकि कांग्रेस के लोग मौज करते रहे.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
बंगाल: नाबालिग से बलात्कार, हत्या के बाद भीड़ की हिंसा मामले में पांच और लोग पकड़े गए
कोलकाता: 10 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल में 11 साल की लड़की से कथित बलात्कार और हत्या के बाद हुई भीड़ की हिंसा और पुलिसकर्मियों पर हमले में शामिल होने के आरोप में पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या 35 हो गई है. शुक्रवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.
अधिकारी ने बताया कि बारुईपुर पुलिस जिला अधिकार क्षेत्र में आने वाले इलाकों में रात भर जारी छापेमारी के दौरान इन पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने कहा कि शेष आरोपियों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
किसानों को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक कृषि फीडर से बिजली दें : मुख्यमंत्री सम्राट
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के सभी किसानों को कृषि फीडर के माध्यम से प्रतिदिन सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. उन्होंने ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा पात्र परिवारों तक इसका अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने के भी निर्देश दिए.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
अदालत ने दुष्कर्म के बाद महिला के गर्भवती होने के मामले में आरोपी की जमानत याचिका खारिज की
ठाणे: 10 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक अदालत ने शादी का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म करने और उसके गर्भवती होने के बाद उसे धमकाने के आरोपी व्यक्ति की जमानत याचिका खारिज कर दी.
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वी.जी. मोहिते ने आरोपी शुभम भगवान शिंदे की जमानत अर्जी खारिज करते हुए कहा कि उसकी रिहाई से पीड़िता और उसके गर्भस्थ शिशु की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। अदालत के सात जुलाई के इस आदेश की प्रति बृहस्पतिवार को प्राप्त हुई.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
हिमाचल के सिरमौर में भारी बारिश; पोंटा में आज स्कूल बंद करने पड़े
नाहन (HP): (10 जुलाई) : पिछले 36 घंटों से हो रही भारी मॉनसून बारिश ने हिमाचल के सिरमौर जिले के कई इलाकों में तबाही मचाई है, जिसके चलते पोंटा प्रशासन ने शुक्रवार को शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की है.
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले के ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है, लेकिन अब तक किसी की जान जाने की खबर नहीं है, सिवाय एक बैल की मौत के, जो गुरुवार देर शाम शिलाई के पास एक गहरी खाई में गिर गया था.
सिरमौर की मुख्य नदियाँ - टोंस, यमुना, बाटा, गिरी और मारकंडा - और दर्जनों नाले उफान पर हैं. प्रशासन ने लोगों को उनसे दूर रहने की सलाह दी है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पूरी करने के बाद न्यूजीलैंड रवाना
मेलबर्न: 10 जुलाई (भाषा) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया की तीन दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए. इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच असैन्य परमाणु ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
पेड़ गिरने से मारे गए व्यक्ति के परिजनों को मुआवजा और नौकरी दिलाने के प्रयास जारी
ठाणे: 10 जुलाई (भाषा) : महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना के नेताओं ने पेड़ गिरने की घटना में मारे गए व्यक्ति के परिजनों को सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा है कि उन्हें वित्तीय मुआवजा दिलाने और मृतक के कानूनी उत्तराधिकारी को नौकरी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं.
पांडुरंग भुवड (64) छह जुलाई को उनके ऊपर पेड़ गिर जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे. हादसे के बाद स्थानीय पार्षद विकास रेपाले और नम्रता भोसले-जाधव उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गए थे लेकिन उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई थी.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
बंगाल में मूसलाधार बारिश, अगले कुछ दिनों तक वर्षा जारी रहने का अनुमान : आईएमडी
कोलकाता: 10 जुलाई : पश्चिम बंगाल के बड़े हिस्से में मॉनसून की मूसलाधार बारिश हुई। राज्य के उत्तरी हिस्से में स्थित कूचबिहार में शुक्रवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 143 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बारिश से सराबोर राज्य की राजधानी में सुबह से लगातार वर्षा होने के कारण स्कूल और कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जलभराव और यातायात धीमा होने के कारण शहर के कई हिस्से प्रभावित हुए, जिनमें सॉल्ट लेक क्षेत्र का आईटी हब सेक्टर-पांच भी शामिल है. (भाषा)
-
Posted By: रिजवान नूर खान
एकता और वोट की ताकत से सत्ता की मास्टर चाबी प्राप्त करें, जो लाख दुखों की एक दवा है : मायावती
लखनऊ: 10 जुलाई: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार को अपने समर्थकों को सजग करते हुए कहा कि अपनी समस्याओं के हल के लिए बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के बताए गये सही एवं शांतिपूर्ण रास्ते पर चलें तथा अपनी एकता और वोट की ताकत से सत्ता की मास्टर चाबी प्राप्त करें. उन्होंने कानून के दायरे में रहकर अपने हितों की लड़ाई लड़ने का भी सुझाव दिया. (भाषा)
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को राम मंदिर चंदा मामले में सुनवाई करेगा
सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में सुनवाई करेगा. याचिकाओं में ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई है. इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ करेगी.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
पार्टी के तीन सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर TMC सांसद सौगत राय का बड़ा बयान
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद सौगत राय ने पार्टी के तीन सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर कहा कि इन नेताओं ने पहले ही टीएमसी से इस्तीफा दे दिया था और वे भाजपा के साथ काम कर रहे थे. अब उन्होंने औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ले ली है. उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद ये नेता भाजपा के राज्यसभा सांसद बनेंगे और फिर ममता बनर्जी के खिलाफ बोलना शुरू कर देंगे. सौगत राय ने इसे विश्वासघात बताते हुए कहा कि पार्टी ऐसे घटनाक्रम को देख रही है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
मध्य प्रदेश में सोयाबीन का भाव 6,700 से 6,900 रुपये प्रति क्विंटल
सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार, मध्य प्रदेश में किसानों को सोयाबीन का भाव 6,700 से 6,900 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है. यह केंद्र सरकार द्वारा तय 5,708 रुपये प्रति क्विंटल MSP से काफी अधिक है. यही वजह है कि किसान इस साल सोयाबीन की खेती की ओर ज्यादा रुख कर रहे हैं. हालांकि, दक्षिण-पश्चिम मानसून की देरी से शुरुआत होने के कारण इस बार सोयाबीन की बुवाई थोड़ी देर से शुरू हुई. इसके बावजूद 8 जुलाई तक SOPA ने अनुमान लगाया है कि देश में सोयाबीन की बुवाई 100.31 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हो चुकी है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
सोयाबीन का रकबा पिछले साल के मुकाबले 5 से 7 फीसदी बढ़ सकता है
देश में सोयाबीन की अच्छी कीमतों का असर इस बार खेती पर भी दिख रहा है. बाजार में सोयाबीन का भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से ऊपर चलने के कारण किसान इसकी खेती की ओर तेजी से लौट रहे हैं. सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SOPA) का अनुमान है कि खरीफ 2026 में सोयाबीन का रकबा पिछले साल के मुकाबले 5 से 7 फीसदी बढ़ सकता है. हालांकि, खरीफ 2026 सीजन में प्रमुख सोयाबीन उत्पादक राज्यों में बुवाई लगभग पूरी हो चुकी है. पिछले साल जिन किसानों ने सोयाबीन छोड़कर मक्का की खेती शुरू की थी, वे इस बार बेहतर कीमत मिलने के कारण फिर से सोयाबीन की खेती की ओर लौट रहे हैं.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
मुख्यमंत्री पद छोड़कर नीतीश कुमार ने एक अलग मिसाल पेश की है- नीरज कुमार
जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि आज पटना में होने वाली एनडीए की बैठक खास है. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने पहले भी नीतीश कुमार के नेतृत्व और एनडीए पर भरोसा जताया था. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद छोड़कर नीतीश कुमार ने एक अलग मिसाल पेश की, जिसकी चर्चा आम कार्यकर्ताओं के बीच भी हुई. लोगों के मन में यह सवाल था कि उनके इस फैसले का बिहार के भविष्य पर क्या असर पड़ेगा. नीरज कुमार ने कहा कि आज एनडीए की बैठक में नीतीश कुमार की मौजूदगी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा बनेगी. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार '7 निश्चय-3' के रोडमैप पर आगे काम करती रहेगी.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
यूपी में सड़कों के किनारे लगेंगे 2 करोड़ से अधिक पौधे, CM ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश की सड़कों के किनारे भी पौधे लगाए जाएंगे. प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे, लोकनिर्माण, ग्राम पंचायतों, आवास विकास, पंचायती राज, नगर विकास आदि की सड़कों के किनारे भी पौधरोपण होगा. इसके लिए नोडल वन विभाग व अन्य विभागों के सहयोग से दो करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाएंगे. ‘मिशन छाया’ के अंतर्गत सड़क किनारे पौधरोपण के लिए 2336 स्थल पर 11325 हेक्टेयर में पौधे रोपित होंगे. मार्गों के किनारे व सार्वजनिक स्थलों पर छायादार पौधों का रोपण होगा. इसमें पीपल, बरगद, पाकड़, गूलर, नीम, शीशम, जामुन, महुआ, आम, महोगनी, अर्जुन, चिलबिल, गुलमोहर, जकरकंडा, कचनार, अमलतास आदि प्रजातियों को प्राथमिकता दी जाएगी.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
यूपी में 19,989 अमृत सरोवरों का निर्माण और पुनरुद्धार किया जा चुका है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने जल संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'अमृत सरोवर योजना' व 'अमृत सरोवर योजना 2.0' के तहत प्रदेश में 19,989 अमृत सरोवरों का निर्माण और पुनरुद्धार किया जा चुका है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
आज असम का बजट पेश किया जाएगा- भाजपा विधायक
भाजपा विधायक अरूप कुमार डे ने कहा कि आज असम का बजट पेश किया जाएगा, जिससे पता चलेगा कि किस विभाग को कितना पैसा मिलेगा. उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर पूरा भरोसा है. उन्होंने यह भी कहा कि जयंत मल्ला बरुआ को वित्त विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें उम्मीद है कि वह अगले पांच वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगे और असम को देश के शीर्ष पांच विकसित राज्यों में शामिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
PM मोदी ऑस्ट्रेलिया दौरे के आखिरी दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में शेन वॉर्न स्टैंड पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया दौरे के आखिरी दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में शेन वॉर्न स्टैंड पहुंचे.
#WATCH | मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया दौरे के आखिरी दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में शेन वॉर्न स्टैंड पहुंचे।
(सोर्स: ANI/DD) pic.twitter.com/hrDBXL2GtX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 10, 2026
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
बारिश के कारण अंबाला में कई इलाकों में जलभराव
बारिश के कारण अंबाला में कई इलाकों में जलभराव हुआ.
#WATCH | अंबाला, हरियाणा: बारिश के कारण अंबाला में कई इलाकों में जलभराव हुआ। pic.twitter.com/MJ2de4WwwF
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 10, 2026
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
पिछली सरकार के दौरान 42 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी
मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान 42 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी, जबकि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में यह बढ़कर 74 लाख मीट्रिक टन पहुंच गई है. उनके अनुसार, नई व्यवस्था से किसानों को तेजी से भुगतान मिल रहा है और खरीद प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और पारदर्शी हुई है. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री नादेंदला मनोहर ने कहा कि राज्य की 10 फीसदी टूटे चावल (ब्रोकन राइस) नीति को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है. अब केंद्र सरकार भी इस मॉडल को पूरे देश में लागू करने की तैयारी कर रही है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
दो वर्षों में रिकॉर्ड 74 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद
आंध्र प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री नादेंदला मनोहर ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में रिकॉर्ड 74 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की है. सरकार ने खरीद प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए कई सुधार भी किए हैं. खरीफ और रबी सीजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक में मंत्री ने बताया कि सरकार ने किसानों से 31,000 करोड़ रुपये मूल्य का धान खरीदा है. इस दौरान 11.53 लाख किसानों को भुगतान किया गया, जिसमें से 95 फीसदी किसानों के बैंक खातों में 24 घंटे के भीतर पैसा भेज दिया गया.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
मिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय आज करूर का दौरा करेंगे
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय आज करूर का दौरा करेंगे. इस दौरान वह सरकारी और पार्टी के कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. मुख्यमंत्री करूर त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को नियुक्ति पत्र (जॉब लेटर) सौंपेंगे. इसके अलावा, वह कई सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत भी करेंगे. अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री एटलस ग्राउंड में आयोजित TVK (तमिलगा वेत्री कझगम) के एक अलग पार्टी कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
जून महीने में देश में 37 फीसदी कम बारिश हुई थी, इससे खरीफ बुवाई प्रभावित हुई
जून महीने में देश में 37 फीसदी कम बारिश हुई थी, जिससे खरीफ बुवाई प्रभावित हुई थी. अब अच्छी बारिश होने से किसानों को राहत मिलने की संभावना है और बुवाई में तेजी आ सकती है. IMD ने बताया कि 9 जुलाई को मानसून ने उत्तर अरब सागर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों को भी कवर कर लिया. इसके साथ ही मानसून ने पूरे देश को अपनी चपेट में ले लिया है. मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रहने पर खेती को और फायदा मिलेगा.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
5 जुलाई तक देश में खरीफ फसलों की बुवाई 350.85 लाख हेक्टेयर में हुई
कृषि मंत्रालय के अनुसार, 5 जुलाई तक देश में खरीफ फसलों की बुवाई 350.85 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले साल इसी समय तक 442.80 लाख हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी. यानी इस बार अब तक 21 फीसदी कम क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुवाई हुई है. हालांकि, जुलाई मानसून का सबसे ज्यादा बारिश वाला महीना माना जाता है. इसी महीने किसान सबसे अधिक बुवाई करते हैं, ताकि खरीफ की अच्छी फसल मिल सके और नवंबर से पहले खेत रबी फसलों की बुवाई के लिए तैयार हो जाएं.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून 9 जुलाई को पूरे भारत में पहुंच गया
देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून 9 जुलाई को पूरे भारत में पहुंच गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून इस बार सामान्य तारीख 8 जुलाई की तुलना में सिर्फ एक दिन देरी से पूरे देश में फैला है. हालांकि इसकी शुरुआत केरल में 4 जून को हुई थी, जो सामान्य से तीन दिन देर थी. पिछले चार वर्षों में मानसून सामान्य समय से पहले पूरे देश में पहुंच गया था, लेकिन इस बार शुरुआत में देरी हुई. इसके बावजूद जुलाई के पहले नौ दिनों में देश में 38 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है. इससे खरीफ फसलों की बुवाई को रफ्तार मिलने की उम्मीद है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
तंबाकू खरीद में देरी करने वाली कंपनियों को कड़ी चेतावनी
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तंबाकू खरीद में देरी करने वाली कंपनियों को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि जिन कंपनियों ने किसानों से तंबाकू खरीदने का वादा किया है, उन्हें हर हाल में उसे पूरा करना होगा. ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने 28 कंपनियों की खरीद प्रतिबद्धताओं की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने खास तौर पर ITC, Godfrey Phillips India और VST Industries जैसी बड़ी कंपनियों की धीमी खरीद पर नाराजगी जताई.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
तंबाकू खरीदने वाली कंपनियों को तुरंत किसानों से खरीद शुरू करने के मिले निर्देश
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तंबाकू खरीदने वाली कंपनियों को तुरंत किसानों से खरीद शुरू करने का निर्देश दिया है. राज्य में बड़ी मात्रा में तंबाकू किसानों के पास बिना बिके पड़ा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि किसानों को तंबाकू का कम से कम 200 रुपये प्रति किलो का दाम मिलना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को उचित कीमत नहीं मिली तो वे तंबाकू की खेती छोड़कर दूसरी फसलों की ओर रुख कर सकते हैं. इससे भविष्य में तंबाकू उत्पादन प्रभावित हो सकता है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
IMD ने 10 जुलाई को उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 जुलाई को उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तेज बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक, उत्तराखंड में सबसे ज्यादा बारिश हो सकती है. राज्य के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.