72.8 मिमी बारिश से मची तबाही, फ्लैश फ्लड में घर उजड़े, राहत और मुआवजे की मांग तेज
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश ने कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं. अचानक आई बाढ़ से लोगों के घर और जरूरी ढांचे प्रभावित हुए हैं. प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है, जबकि प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है. नुकसान झेल रहे लोग अब जल्द सहायता और मुआवजे की मांग कर रहे हैं.
Arunachal Pradesh Flood: पूर्वोत्तर भारत में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, लेकिन इसके साथ कई इलाकों में भारी तबाही की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं. अरुणाचल प्रदेश के कीई पन्योर जिले के याजाली क्षेत्र में बुधवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई फ्लैश फ्लड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. तेज बहाव में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, एक महत्वपूर्ण पुल बह गया और कई परिवार बेघर हो गए. प्रभावित लोग अब सरकार से जल्द राहत और मुआवजे की मांग कर रहे हैं.
फ्लैश फ्लड से कई घर और क्वार्टर तबाह
भारी बारिश के बाद आई बाढ़ का सबसे ज्यादा असर पोजा स्थित इलाके और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिला. तेज जलप्रवाह और मलबे के कारण करीब 20 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. कई सरकारी और आवासीय क्वार्टर भी बाढ़ की चपेट में आ गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी इतनी तेजी से आया कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. कई परिवारों का घरेलू सामान भी बाढ़ में बह गया. शुरुआती रिपोर्टों में कुछ लोगों के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है.
पुल बहा, सड़क संपर्क हुआ बाधित
फ्लैश फ्लड के कारण मुख्य राजमार्ग पर बना एक पुल भी बह गया, जिससे कई इलाकों का संपर्क टूट गया है. बाढ़ के साथ आए मलबे ने सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचों को भी नुकसान पहुंचाया है. प्रशासन की टीमें हालात का जायजा लेने और प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं. सड़क संपर्क बाधित होने से राहत और बचाव कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं.
- PM Kisan Yojana के लाभार्थियों को एडवांस में मिलेंगे 2000 रुपये, जानिए किस्त जारी करने के लिए मंत्रालय ने क्या कहा
- हल्दी, करौंदा की खेती पर सरकार दे रही 10 हजार रुपये, स्प्रिंकलर लगवाने पर 90 फीसदी सब्सिडी पाएं किसान
- यमुना और हिंडन की बाढ़ में अभी भी डूबे दर्जनों गांव, गन्ना में बीमारी लग रही.. गेहूं बुवाई में देरी की चिंता
मुआवजे और राहत की मांग कर रहे प्रभावित लोग
बाढ़ से प्रभावित परिवारों का कहना है कि उनका घर, सामान और रोजमर्रा की जरूरतों का अधिकांश हिस्सा नष्ट हो गया है. ऐसे में वे सरकार से तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि नुकसान का आकलन कर जल्द राहत राशि जारी की जानी चाहिए ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें. कई परिवार फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं.
असम में अलर्ट, राहत एजेंसियां तैयार
अरुणाचल प्रदेश में हुई भारी बारिश का असर अब असम के निचले इलाकों में भी देखने को मिल सकता है. प्रशासन को आशंका है कि नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ जाएगा. इसे देखते हुए असम में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि राहत और बचाव एजेंसियों को भी तैयार रखा गया है. प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे और निचले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.