मजदूरों के लिए बड़े शहरों में बनेगा ‘लेबर अड्डा’.. बच्चे के जन्म पर मिलेंगे 20 हजार.. CM का ऐलान
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया है कि निर्माण श्रमिकों की शादी (और उनकी बेटियों की शादी) के लिए 25,000 रुपये की सहायता दी जाएगी. साथ ही बच्चे के जन्म पर 20,000 रुपये, प्राकृतिक मृत्यु होने पर 60,000 रुपये और अंतिम संस्कार के लिए 20,000 रुपये की मदद दी जाएगी.
Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने ऐलान किया है कि राज्य में मजदूरों की मदद के लिए ‘लेबर अड्डा’ बनाए जाएंगे. पहले चरण में बड़े शहरों और कस्बों में ऐसे 15 केंद्र स्थापित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लेबर अड्डों को आगे चलकर स्किल सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि मजदूर अपनी कौशल क्षमता बढ़ा सकें. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि मजदूरों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए अच्चुतापुरम, गुंटूर, कर्नूल, श्री सिटी और अमरावती जैसे स्थानों पर नए ESI अस्पताल बनाए जाएंगे. साथ ही मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि बच्चे के जन्म होने पर श्रमिकों को 20,000 रुपये की मदद दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि जिस तरह मजदूर लगातार मेहनत करते हैं, उसी तरह सरकार भी राज्य के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. नायडू ने यह भी कहा कि तेलुगु देशम पार्टी का चुनाव चिन्ह मजदूरों और किसानों का प्रतिनिधित्व करता है और पार्टी गरीब परिवारों के उत्थान के साथ-साथ उनके बच्चों को उद्यमी बनाने के लिए भी काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मजदूरों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं. इसके तहत निर्माण श्रमिकों की शादी (और उनकी बेटियों की शादी) के लिए 25,000 रुपये की सहायता दी जाएगी. साथ ही बच्चे के जन्म पर 20,000 रुपये, प्राकृतिक मृत्यु होने पर 60,000 रुपये और अंतिम संस्कार के लिए 20,000 रुपये की मदद दी जाएगी.
सीएम ने सिंचाई परियोजना को लेकर कही ये बात
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि पोलावरम सिंचाई परियोजना को 2027 में गोदावरी पुष्करम से पहले पूरा कर देश को समर्पित किया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि कृष्णा डेल्टा क्षेत्र में पानी की कोई कमी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. वहीं, मुख्यमंत्री ने मछलीपट्टनम पोर्ट को लेकर कहा कि 2014 में जमीन अधिग्रहण पूरा हो गया था, लेकिन 2019 में पिछली वाईएसआरसीपी सरकार ने टेंडर रद्द कर दिए, जिससे परियोजना में देरी हुई. फिलहाल ब्रेकवॉटर, ड्रेजिंग और समुद्री काम तेजी से चल रहे हैं और इस साल दिसंबर तक पोर्ट पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
- MSP से कम मक्का का भाव, अब केंद्र शुरू करेगा खरीदी? नुकसान की होगी भरपाई
- आग लगाने से 700 एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक, पूर्व CM ने की मुआवजे की मांग
- प्याज पैदावार में 29 फीसदी गिरावट की आशंका, रकबा भी हुआ कम.. बारिश से फसल चौपट
- UP में किसानों से होगी 20 लाख टन आलू की खरीद, सरकार से मिली मंजूरी.. इतने रुपये क्विंटल होगा रेट
17 अरब डॉलर का होगा निवेश
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में बड़े निवेश आ रहे हैं. गूगल जैसी कंपनी डेटा सेंटर लगाने में रुचि दिखा रही है, वहीं रिलायंस ने करीब 17 अरब डॉलर के निवेश से डेटा सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है. मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने गलत नीतियों से काम किया, जबकि एनडीए सरकार ने पिछले 22 महीनों में व्यवस्थाओं को सुधारने का काम किया है. उन्होंने कहा कि बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी, जबकि पिछली सरकार ने कई बार बिजली महंगी की थी. नायडू ने यह भी कहा कि वह विधानसभा क्षेत्रों के दौरे के दौरान सीधे जनता से विधायकों के कामकाज का फीडबैक लेंगे और जो विधायक अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाएंगे, उन्हें हटाने में भी हिचकिचाएंगे नहीं.
मुख्यमंत्री ने पवन कल्याण के विभाग की सराहना की
मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के नेतृत्व में पंचायत राज विभाग की ग्रामीण विकास योजनाओं की सराहना की. साथ ही, एचआरडी मंत्री नारा लोकेश द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों की भी तारीफ की, जिनका अच्छा असर एसएससी परीक्षाओं के नतीजों में देखने को मिला. दरअसल, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मई दिवस के मौके पर कृष्णा जिले के पामिडिमुक्कला गांव में आयोजित कार्यक्रम में ये बातें कहीं. इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट काम करने वाले श्रमिकों और नियोक्ताओं को श्रमशक्ति पुरस्कार दिए. साथ ही लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी वितरित की और उनसे बातचीत की. इस मौके पर आबकारी मंत्री कोल्लू रविंद्र, श्रम मंत्री वासमसेट्टी सुभाष, सांसद वी. बालाशौरी सहित कई अन्य नेता भी मौजूद रहे.