महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख खातों में पहुंची 626 करोड़ से अधिक की राशि

छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी कर 66 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए 626.25 करोड़ रुपये भेजे हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अब तक योजना के तहत 29 किस्तों में 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 11 Jul, 2026 | 04:09 PM

छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी कर दी है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से योजना के तहत 66 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए 626.25 करोड़ रुपये भेजे. सरकार का कहना है कि इस योजना के जरिए महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण का बड़ा माध्यम बन गई है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि 29वीं किस्त जारी होने के साथ ही अब तक इस योजना के तहत 29 किस्तों में कुल 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं.

महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रहीं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं और छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी दिशा में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों के दौरे के दौरान कई महिलाओं ने उन्हें बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है. कई महिलाओं ने इस पैसे से छोटा कारोबार शुरू किया, कुछ ने सिलाई-कढ़ाई और अन्य स्वरोजगार अपनाया. वहीं, कई परिवारों ने इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, इलाज और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के ये अनुभव बताते हैं कि यह योजना उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है.

लखपति दीदी योजना के लिए भी सरकार कर रही काम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार महतारी वंदन योजना के साथ-साथ लखपति दीदी योजना  के जरिए भी महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र महिलाओं की ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि योजना का लाभ हर योग्य महिला तक पहुंच सके. मुख्यमंत्री ने खास तौर पर बस्तर संभाग में इस काम को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए.

साल 2024 में शुरू हुई महतारी वंदन योजना

महतारी वंदन योजना की शुरुआत छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 से की गई थी. इस योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक उम्र की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है. सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक मदद मिल रही है. इससे परिवार के खर्च, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, कुपोषण और एनीमिया से बचाव के साथ-साथ स्वरोजगार शुरू करने में भी मदद मिल रही है.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 11 Jul, 2026 | 04:02 PM

लेटेस्ट न्यूज़