बचपन का सपना पूरा हुआ.. बंगाल चुनाव में जीत पर कृषि मंत्री शिवराज का आया बयान, पढ़ें ममता बनर्जी क्या बोलीं

West Bengal Election Results Reaction: पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत के रुझानों के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बचपन का सपना आज पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा हो रहा और पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बन रही है. वहीं, ममता बनर्जी ने भाजपा पर षणयंत्र रचने का आरोप लगाया है.

नोएडा | Updated On: 4 May, 2026 | 03:26 PM

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बंगाल चुनाव के रुझानों में मिल रही जीत पर कहा कि मैं बचपन से भारतीय जनसंघ से जुड़ा था जिसकी स्थापना श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी. हमेशा से इतना ही सवाल था कि बंगाल में कब सरकार बनेगी. बरसों की आस प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरी हुई है. वहीं, भाजपा नेताओं ने पार्टी मुख्यालय में ‘झालमुरी’ और ‘रसगुल्ले’ बांटकर जश्न मनाया. बंगाल चुनाव रुझानों पर ममता बनर्जी ने कहा कि टीएमसी आखिरी राउंड की वोटिंग में जीत हासिल करेगी.

कृषि मंत्री बोले- बचपन का सपना पीएम के नेतृत्व में पूरा हुआ

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में कहा कि मैं बचपन से भारतीय जनसंघ से जुड़ा था जिसकी स्थापना श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी. हमेशा से इतना ही सवाल था कि बंगाल में कब सरकार बनेगी. बरसों की आस प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरी हुई है. उनका बलिदान सार्थक हुआ है. यह केवल बंगाल की विजय नहीं है. यह भारत की विजय है.

केंद्रीय मंत्री बोले- अराजकता का राज खत्म हुआ

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बंगाल में जो हो रहा था, वह वोट बैंक की राजनीति के कारण हो रहा था. अवैध घुसपैठ ने बंगाल को तबाह कर दिया था. वहां अराजकता थी और इसकी जिम्मेदार वहां की सरकार TMC थी. अब अराजकता का राज खत्म हो रहा है. उन्होंने बंगाल की जनता का धन्यवाद दिया और कहा कि भाजपा ने जो वादे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा.

‘झालमुरी’ और ‘रसगुल्ले’ बांट रहे बीजेपी नेता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम को दिल्ली में भाजपा मुख्यालय आएंगे और 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन के जश्न में शामिल होंगे. भाजपा नेताओं ने पार्टी मुख्यालय में ‘झालमुरी’ और ‘रसगुल्ले’ वितरित कर जश्न मनाया. भाजपा ने पश्चिम बंगाल में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है; आधिकारिक चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, वर्तमान में 192 सीटों पर आगे है.

ममता बनर्जी ने बीजेपी पर षणयंत्र रचने का आरोप लगाया

पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि शुरुआती रुझानों के बावजूद आखिरी राउंड में टीएमसी ही जीत दर्ज करेगी. उन्होंने कहा कि मतगणना करने वाले एजेंट और उम्मीदवार मतगणना केंद्र न छोड़ें. यह भाजपा की साजिश है. मैं कल से यही कह रही हूं कि उन्हें सबसे आगे दिखाया जाएगा. उन्होंने कई जगहों पर मतगणना रोक दी है. कल्याणी में ऐसी मशीनें मिली हैं, जिनका कोई मेल नहीं है. केंद्रीय बलों के जरिए टीएमसी पर हर तरफ से अत्याचार किए जा रहे हैं.

Published: 4 May, 2026 | 02:43 PM

Topics: