लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त जारी, 50 लाख खातों में पहुंचे 1582 करोड़ रुपये

हरियाणा सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 50.20 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 1,582.16 करोड़ रुपये की राशि भेजी है. इसमें लाडो लक्ष्मी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, गैस सब्सिडी और आवास योजना के लाभ शामिल हैं. सरकार का कहना है कि DBT के जरिए योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है.

नोएडा | Updated On: 10 Jul, 2026 | 04:28 PM

Lado Lakshmi Yojana: हरियाणा सरकार ने प्रदेश के लाखों लोगों को बड़ी राहत दी है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने चंडीगढ़ से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 50 लाख 20 हजार 460 लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,582 करोड़ 16 लाख रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की. इस कार्यक्रम के दौरान सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लाडो लक्ष्मी योजना, गैस सब्सिडी और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से राशि सीधे खातों में भेजने से पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है. इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है.

15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में 34.83 लाख लोगों को मिला लाभ

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रदेश की 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं  के तहत 34 लाख 83 हजार लाभार्थियों के खातों में 1,121 करोड़ 39 लाख रुपये की राशि भेजी गई है. इसके अलावा दयालु योजना के तहत 3,295 परिवारों को आर्थिक सहायता दी गई है. इस योजना में इन परिवारों को कुल 125 करोड़ 11 लाख रुपये की मदद मिली. सरकार के अनुसार, अब तक दयालु योजना के तहत 77,330 परिवारों को 2,918 करोड़ 42 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है.

लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त जारी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना  की 9वीं किस्त भी जारी की. इस किस्त के तहत प्रदेश की 9 लाख 98 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 209 करोड़ 69 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए. मुख्यमंत्री ने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब तक कुल 9 किस्तों में 1,832 करोड़ 69 लाख रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है. इसके अलावा हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत मई महीने में गैस सिलेंडर रिफिल कराने वाली 5 लाख 16 हजार महिलाओं को 18 करोड़ 97 लाख रुपये की सब्सिडी दी गई. इस योजना के तहत अब तक 14 लाख 43 हजार पात्र महिलाओं को कुल 320 करोड़ 97 लाख रुपये की सब्सिडी मिल चुकी है.

प्रधानमंत्री आवास योजना से 20 हजार से ज्यादा परिवारों को मदद

हरियाणा सरकार ने आवास योजना  के तहत भी बड़ी सहायता जारी की है. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 20,165 पात्र लाभार्थियों के खातों में मकान निर्माण के लिए 107 करोड़ रुपये भेजे गए हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक प्रदेश में 827 करोड़ 22 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है. राज्य में कुल 76,466 मकान स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 41,260 मकान बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 35,206 मकानों का निर्माण कार्य जारी है.

DBT से बढ़ी पारदर्शिता, सीधे लोगों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी  ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के पहुंचे. DBT व्यवस्था से राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है. उन्होंने कहा कि सरकार की इन योजनाओं से महिलाओं, बुजुर्गों, जरूरतमंद परिवारों और गरीब लोगों को आर्थिक मजबूती मिल रही है. सीधे बैंक खातों में पैसा पहुंचने से लोगों को सरकारी सहायता पाने में आसानी हो रही है और योजनाओं का प्रभाव भी बढ़ रहा है.

Published: 10 Jul, 2026 | 02:25 PM

Topics: