नकली दूध, पनीर और मसालों का जखीरा पकड़ा.. पंजाब, मध्य प्रदेश, यूपी के बाद दिल्ली में छापेमारी

पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के साथ ही दिल्ली में नकली दूध, दही, पनीर और मिठाइयों के साथ ही मसालों में मिलावट के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया. कई डेयरियों और दुकानों पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री नष्ट की गई. अधिकारियों ने नमूने जांच के लिए भेजे हैं और कहा है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.

नोएडा | Updated On: 26 May, 2026 | 04:32 PM

Dairy Product Seized: देशभर में नकली दूध, दही, पनीर और मिलावटी डेयरी उत्पादों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जा रहा है. पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार कार्रवाई से डेयरी कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. यूपी के हापुड़ और वृंदावन में भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री नष्ट की गई, जबकि पंजाब में नकली दूध और पनीर के अवैध कारोबार को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. वहीं मध्य प्रदेश के इंदौर में भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर नमूने जांच के लिए भेजे हैं. अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

हापुड़ डेयरी पर छापा, 135 किलो क्रीम नष्ट

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग  की टीम ने बाबूगढ़ क्षेत्र के वनखंडा गांव स्थित तुषार डेयरी पर छापा मारा. विभाग को शिकायत मिली थी कि डेयरी में निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ तैयार कर बाजार में सप्लाई किए जा रहे हैं. जांच के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में संदिग्ध क्रीम और अन्य सामग्री मिली. मौके पर ही करीब 135 किलोग्राम क्रीम नष्ट कर दी गई. इसके अलावा 24 टिन वनस्पति घी और 13 टिन रिफाइंड सोयाबीन तेल को सीज किया गया.

अधिकारियों ने दो क्रीम, एक रिफाइंड तेल, एक वनस्पति घी और एक दही  का नमूना लेकर लैब जांच के लिए भेजा है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, CFSO पंकज कुमार ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अगर जांच में खाद्य सामग्री तय मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

वृंदावन में 200 किलो मिठाई नष्ट

यूपी के वृंदावन में भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा अभियान चलाया. यहां कई मिठाई दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों की जांच की गई. निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की खराब व्यवस्था और खाद्य पदार्थों के गलत तरीके से भंडारण को लेकर अधिकारियों ने सख्त नाराजगी जताई. कार्रवाई के दौरान लगभग 200 किलोग्राम मिठाइयों को जब्त कर नष्ट किया गया. विभाग ने साफ कहा कि त्योहारों के समय मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री बेचने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा. इस अभियान के बाद इलाके के कारोबारियों में डर का माहौल है और कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों की सफाई और गुणवत्ता सुधारने का काम शुरू कर दिया है.

पंजाब में नकली दूध और पनीर का बढ़ता कारोबार

पंजाब में नकली दूध, दही और पनीर का अवैध कारोबार  अब गंभीर चिंता का विषय बन चुका है. अमृतसर और लुधियाना जैसे शहरों में लगातार शिकायतें सामने आने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि त्योहारों और शादी सीजन में मिलावटी डेयरी उत्पादों की सप्लाई तेजी से बढ़ जाती है. कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन भी किए गए हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठी है.

800 किलो नकली मसाले जब्त, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने पुरानी दिल्ली के खारी बावली इलाके में नकली मसालों की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में 31 वर्षीय कमलजीत नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो मुकुंदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है. छापेमारी के दौरान करीब 801.88 किलोग्राम नकली मसाले और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया गया.

घटिया सामग्री से तैयार किए जा रहे थे नकली मसाले

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री में हल्दी पाउडर, लाल मिर्च, पीली मिर्च, धनिया, अमचूर और गरम मसाला जैसे नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे थे. इन्हें बनाने के लिए नकली रंग, चावल के टुकड़े, मिर्च के डंठल और दूसरी मिलावटी चीजों का इस्तेमाल किया जा रहा था. जांच में सामने आया है कि तैयार मसालों की सप्लाई दिल्ली-NCR के कई इलाकों में की जा रही थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है.

इंदौर में भी जांच अभियान तेज

मध्य प्रदेश के इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर के कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. इस दौरान कुल 17 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए. अधिकारियों ने साफ किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.

Published: 26 May, 2026 | 04:15 PM

Topics: