Gold Rate: सोना फिर हुआ सस्ता, एक हफ्ते में 4,370 रुपये तक टूटी कीमत, जानें अपने शहर के ताजा भाव

Gold Price: देशभर में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट जारी है. पिछले एक सप्ताह में 24 कैरेट सोना 4,370 रुपये और 22 कैरेट सोना करीब 4,000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है, जबकि चांदी 15,000 रुपये प्रति किलो तक टूट गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल बड़ी गिरावट की संभावना कम है.

नोएडा | Published: 13 Jul, 2026 | 10:36 AM

Gold-Silver Rate: अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है. देशभर में पिछले कुछ दिनों से सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है. 13 जुलाई की सुबह दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में सोने के भाव पहले के मुकाबले कम दर्ज किए गए. वहीं, चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट आई है. हालांकि, बाजार के जानकारों का कहना है कि, मौजूदा गिरावट के बावजूद सोने की कीमतों में बहुत बड़ी कमी आने की संभावना कम है. ऐसे में जरूरत होने पर खरीदारी को ज्यादा समय तक टालना सही फैसला नहीं माना जा रहा.

एक हफ्ते में सोना हुआ हजारों रुपये सस्ता

पिछले एक सप्ताह में 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 4,370 रुपये प्रति 10 ग्राम तक घट गई है. वहीं 22 कैरेट सोना लगभग 4,000 रुपये तक सस्ता हुआ है. 13 जुलाई को दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,44,470 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने का भाव 1,32,450 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया.

देश के प्रमुख शहरों में सोने के भाव

देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में थोड़ा-बहुत अंतर देखने को मिला.

शहर 22 कैरेट (₹/10 ग्राम) 24 कैरेट (₹/10 ग्राम)
दिल्ली 1,32,450 1,44,470
मुंबई 1,32,290 1,44,320
अहमदाबाद 1,32,340 1,44,370
चेन्नई 1,32,990 1,45,080
कोलकाता 1,32,290 1,44,320
हैदराबाद 1,32,290 1,44,320
जयपुर 1,32,440 1,44,470
भोपाल 1,32,340 1,44,370
लखनऊ 1,32,440 1,44,470
चंडीगढ़ 1,32,440 1,44,470

चांदी भी हुई सस्ती

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई है. 13 जुलाई को चांदी का भाव 2,34,900 रुपये प्रति किलोग्राम रहा. पिछले एक सप्ताह में चांदी की कीमत करीब 15,000 रुपये प्रति किलो तक कम हुई है.

आगे क्या कहते हैं बाजार के जानकार?

विशेषज्ञों का मानना है कि, हाल की गिरावट के बावजूद सोना अभी भी मजबूत स्थिति में बना हुआ है. उनका कहना है कि, कीमतों में बहुत बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं करनी चाहिए. इसलिए अगर शादी, त्योहार या निवेश के लिए सोना खरीदना है, तो सिर्फ कीमत और गिरने का इंतजार करना सही रणनीति नहीं हो सकती.

एक रिपोर्ट के मुताबिक, HSBC का अनुमान है कि 2026 में सोने की औसत कीमत 4,560 डॉलर प्रति औंस रह सकती है. वहीं 2027 में यह बढ़कर 4,925 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचने का अनुमान है. इस साल के अंत तक सोना 4,750 डॉलर प्रति औंस और अगले साल के अंत तक 5,025 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है.

सोने-चांदी की कीमतें क्यों बदलती हैं?

भारत में सोने और चांदी की कीमतें सिर्फ घरेलू मांग पर ही निर्भर नहीं करतीं. अंतरराष्ट्रीय बाजार, डॉलर की चाल, वैश्विक आर्थिक हालात, ब्याज दरें और निवेशकों की खरीद-बिक्री जैसे कई कारण इनके भाव को प्रभावित करते हैं. यही वजह है कि कीमतों में रोजाना बदलाव देखने को मिलता है. अगर आप निवेश या गहने खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो खरीदारी से पहले अपने शहर का ताजा रेट जरूर जांच लें. इससे आपको सही समय पर बेहतर फैसला लेने में मदद मिलेगी.

Topics: