मौसम का दिखेगा तांडव! 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में फिर पसीना छुड़ाएगी गर्मी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 जुलाई के लिए 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के बावजूद तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है.

नोएडा | Published: 13 Jul, 2026 | 07:05 AM

देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 जुलाई के लिए 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई जगहों पर तेज बारिश के साथ आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर में इस सप्ताह हल्की और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है. हालांकि, बारिश के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है. मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की है. पूरे सप्ताह के लिए इन इलाकों में ‘नो वार्निंग’ की स्थिति रखी गई है.

वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट  जारी किया गया है. इनमें महाराजगंज, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, कुशीनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, एटा, मैनपुरी, देवरिया, महामाया नगर (हाथरस), कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज शामिल हैं. इन जिलों में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है. भारतीय मौसम विभाग ने 13 जुलाई के लिए बिहार, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

बिहार के इन जिलों में चलेंगी तेज हवाएं

बिहार के भोजपुर, शेखपुरा, लखीसराय, बक्सर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, अररिया और मुंगेर में भारी बारिश के साथ 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं  चल सकती हैं. वहीं, झारखंड के रांची, जमशेदपुर, बोकारो, सिमडेगा, खूंटी, दुमका, देवघर, हजारीबाग, धनबाद और पलामू में भी भारी बारिश और आंधी की संभावना है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम

इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर के जम्मू, पुंछ, कुपवाड़ा, कुलगाम, कठुआ, मुजफ्फराबाद, रियासी, किश्तवाड़ और अनंतनाग में 13 जुलाई को भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, सिरमौर, कांगड़ा, ऊना, सोलन, हमीरपुर और बिलासपुर में भी भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान 50 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

14 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना

IMD के अनुसार, सक्रिय मानसून के कारण पश्चिम बंगाल में 14 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश झेल रहे उप-हिमालयी क्षेत्रों में मंगलवार तक तेज बारिश का दौर जारी  रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल के बांकुरा, बीरभूम, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, नदिया और मुर्शिदाबाद में 14 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, राज्य के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

मध्य प्रदेश में येलो अलर्ट जारी

उधर, मध्य प्रदेश के शहडोल, सिवनी, भोपाल, राजगढ़, श्योपुर, नीमच, आगर मालवा, विदिशा, बालाघाट, खंडवा, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), खरगोन, शिवपुरी और छतरपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 50 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.  वहीं, पंजाब के लुधियाना, चंडीगढ़, बठिंडा, अमृतसर, बरनाला, पठानकोट, फरीदकोट, होशियारपुर, कपूरथला, संगरूर और फिरोजपुर में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है. इन इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार झोंकों के साथ 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

Topics: