IMD का बड़ा अलर्ट, अगले 48 घंटे इन राज्यों में मूसलाधार बारिश, पहाड़ों में बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा

Weather Update: देशभर में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने दक्षिण भारत, महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों और हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 11 Jul, 2026 | 07:12 AM

Weather Update Today: देश के ज्यादातर हिस्सों में मॉनसूनी बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है. पिछले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि, उत्तर भारत में मॉनसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ सकती है, लेकिन अब लू जैसी स्थिति बनने की संभावना बहुत कम है. इसके बजाय लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. अगले 48 घंटों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है. लगातार बारिश के कारण नदियों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है. तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. अच्छी बात यह है कि बारिश की वजह से इन राज्यों में तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है.

महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भी बरसेंगे बादल

पश्चिमी घाट से जुड़े इलाकों में भी मॉनसून पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. मुंबई में पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश से जलभराव, लैंडस्लाइड और पेड़ गिरने जैसी घटनाएं सामने आई थीं. इससे लोकल ट्रेन, बस सेवा और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ था. मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि, आने वाले दिनों में मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में फिर से भारी बारिश हो सकती है.

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बढ़ा बाढ़ का खतरा

असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई गई है. लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है. कई क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से राहत

दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों की बारिश से मौसम सुहावना हुआ है. तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है. दिल्ली में बारिश भले ही कुछ समय के लिए थमी हो, लेकिन मौसम विभाग ने गरज-चमक और बारिश का येलो अलर्ट जारी रखा है. बारिश का असर हवा की क्वालिटी पर भी पड़ा है. प्रदूषण स्तर में कमी आने से लोगों को साफ हवा मिली है.

पश्चिम बंगाल और हिमाचल में सबसे ज्यादा चिंता

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है. कूचबिहार में 24 घंटे के दौरान 143 मिमी बारिश दर्ज की गई. कोलकाता और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई इलाकों में लैंडस्लाइड, सड़कें बंद होने और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है. सिरमौर और सोलन जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद किए गए हैं.

सावधानी बरतने की जरूरत

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. खासकर पहाड़ी और नदी किनारे वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है. आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे बाढ़, जलभराव और लैंडस्लाइड जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़