Anti hail net: आज खेती सिर्फ मेहनत का काम नहीं रह गई, बल्कि यह अब मौसम के साथ एक बड़ी जंग बन चुकी है. कभी अचानक बारिश, कभी तेज ओलावृष्टि तो कभी बदलते तापमान हर दिन किसान नई चुनौती का सामना कर रहा है. हालात इतने बदल चुके हैं कि साल के ज्यादातर दिनों में किसी न किसी रूप में मौसम का असर फसलों पर पड़ रहा है. ऐसे में किसानों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अपनी मेहनत और लाखों की लागत को कैसे सुरक्षित रखा जाए.
इन्हीं बढ़ती चुनौतियों के बीच एंटी-हेल नेट एक ऐसे मजबूत समाधान के रूप में सामने आया है, जो फसल को न सिर्फ ओलों से बचाता है, बल्कि खेती को ज्यादा सुरक्षित और स्थिर भी बनाता है.
क्या है एंटी-हेल नेट और कैसे करता है काम?
एंटी-हेल नेट एक खास तरह का मजबूत जाल होता है, जिसे HDPE यानी हाई डेंसिटी पॉलीथीन से बनाया जाता है और यह UV स्टेबलाइज्ड होने के कारण धूप, बारिश और मौसम के असर को लंबे समय तक सहन कर सकता है. इसे फसलों के ऊपर लगाया जाता है, जिससे एक सुरक्षा परत बन जाती है और ओले सीधे फलों या पौधों पर नहीं गिर पाते. जब ओले इस नेट से टकराते हैं, तो उनकी ताकत कम हो जाती है और वे किनारे गिर जाते हैं या ऊपर ही रुक जाते हैं.
खास बात यह है कि यह सिर्फ ओलावृष्टि से ही बचाव नहीं करता, बल्कि फसल के लिए एक बेहतर वातावरण भी तैयार करता है. यह तेज धूप से फलों को बचाता है, हवा की गति को कम करता है और पौधों की बढ़त को स्थिर बनाए रखता है. इसी वजह से फसल की गुणवत्ता बेहतर होती है और उत्पादन भी बढ़ने लगता है.
क्यों जरूरी हो गया है यह सुरक्षा?
आज ओलावृष्टि सिर्फ सर्दियों तक सीमित नहीं रही. अब यह किसी भी मौसम में हो सकती है. बीते साल महाराष्ट्र के नासिक, पुणे, सांगली और सोलापुर में में अचानक हुई बारिश और ओलों ने करीब 50,000 एकड़ अंगूर, प्याज समेत कई फसल बर्बाद कर दी थी. वहीं हिमाचल प्रदेश में सेब की फसल पर भी मौसम का बुरा असर पड़ा था. उत्पादन 50 फीसदी तक घट गया और किसानों को करीब 2500-3000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. इतना ही नहीं फरवरी मार्च में होने वाली बारिश हर साल बड़ी मात्रा में फसल को बर्बाद कर देते हैं. ऐसे में ये उदाहरण बताते हैं कि अब ओलावृष्टि से बचाव कोई विकल्प नहीं, बल्कि जरूरत बन चुका है.
एंटी-हेल नेट के प्रकार: कौन सा बेहतर?
बाजार में मुख्य रूप से दो तरह के एंटी-हेल नेट मिलते हैं- राशेल (Raschel) और लेनो (Leno). राशेल नेट आमतौर पर ज्यादा इस्तेमाल होता है. यह किफायती होता है और हल्की छाया भी देता है, जिससे फसल को धूप से भी राहत मिलती है. दूसरी ओर, लेनो नेट ज्यादा मजबूत और पारदर्शी होता है. यह खासकर उन फसलों के लिए बेहतर है, जहां धूप की ज्यादा जरूरत होती है, जैसे अंगूर और सेब. हालांकि इसकी कीमत थोड़ी ज्यादा होती है.

एंटी-हेल नेट से ओले, तेज धूप और हवा से एक साथ मिलेगी सुरक्षा, pc-AI
कैसे किया जाता है इंस्टॉलेशन?
एंटी-हेल नेट लगाने के कई तरीके होते हैं, जो खेती के प्रकार और जमीन के हिसाब से तय किए जाते हैं.
- पहला तरीका सबसे आसान होता है, जिसमें लकड़ी या लोहे के खंभों के सहारे नेट लगाया जाता है. यह छोटे और पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों के लिए अच्छा विकल्प है.
- दूसरा तरीका ट्रेलिस सिस्टम है, जिसमें मजबूत लोहे के ढांचे पर नेट लगाया जाता है. यह बड़े और आधुनिक बागानों के लिए ज्यादा उपयुक्त होता है.
- तीसरा तरीका फुल कैनोपी स्ट्रक्चर है, जिसमें पूरी खेती को नेट से कवर किया जाता है. यह सबसे सुरक्षित लेकिन थोड़ा महंगा विकल्प होता है.
सरकार से मिलती है सब्सिडी
सरकार भी किसानों को इस तकनीक को अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है. एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH) योजना के तहत एंटी-हेल नेट पर करीब 50 फीसदी तक सब्सिडी मिलती है. इसमें केंद्र और राज्य दोनों मिलकर सहायता देते हैं. कुछ राज्यों में अतिरिक्त सब्सिडी भी दी जाती है. किसान अपने जिले के बागवानी विभाग से इसकी जानकारी ले सकते हैं.
कैसे चुनें सही नेट?
सही एंटी-हेल नेट चुनते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
- कौन सी फसल उगा रहे हैं
- आपके इलाके में ओलावृष्टि कितनी होती है
- आपकी जमीन और बजट क्या है
अगर ओले ज्यादा गिरते हैं, तो मजबूत नेट लेना बेहतर है. वहीं सीमित बजट वाले किसान राशेल नेट से शुरुआत कर सकते हैं.
किसानों के लिए कितना फायदेमंद?
एंटी-हेल नेट को सिर्फ एक खर्च के रूप में नहीं, बल्कि खेती के लिए एक तरह का सुरक्षा बीमा माना जा सकता है. किसान अपनी फसल पर लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन एक तेज ओलावृष्टि पल भर में सारी मेहनत बर्बाद कर सकती है. ऐसे में यह नेट उनकी मेहनत और निवेश दोनों को सुरक्षित रखने का काम करता है. इसके इस्तेमाल से फसल का नुकसान काफी कम हो जाता है, फलों और सब्जियों की गुणवत्ता बेहतर बनी रहती है और बाजार में अच्छी कीमत मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है.