Gold Rate: सोना-चांदी ने मचाया तहलका! एक ही दिन में बंपर उछाल, जानें अपने शहर में आज के ताजा भाव
Gold Rate Today: 11 फरवरी 2026 को सोना और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखा गया. MCX पर सोना करीब 1% महंगा हुआ, जबकि चांदी में 3% से ज्यादा की तेजी आई. अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुस्ती के संकेत मिलने से निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के तौर पर सोना-चांदी की ओर रुख किया, जिससे घरेलू बाजार में भी कीमतें बढ़ीं.
Gold-Silver Rate Today: घरेलू कमोडिटी बाजार में बुधवार, 11 फरवरी 2026 को सोना और चांदी की कीमतों में तेज बढ़त देखने को मिली. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों में मजबूती ने निवेशकों का ध्यान खींचा है. बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, यह तेजी सिर्फ घरेलू कारणों से नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय संकेतों के चलते भी आई है.
MCX पर सोना-चांदी चमके
MCX पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना करीब 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,58,436 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया. इसमें लगभग 1,600 रुपये की तेजी दर्ज की गई. वहीं, मार्च डिलीवरी वाली चांदी ने और भी तेज रफ्तार दिखाई. चांदी 8,300 रुपये यानी करीब 3.3 प्रतिशत उछलकर 2,60,838 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. यह तेजी हाल के महीनों में चांदी की सबसे मजबूत चालों में से एक मानी जा रही है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिला सपोर्ट
सोने की कीमतों में आई इस मजबूती का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ा हुआ है. ग्लोबल मार्केट में अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स करीब 1 प्रतिशत बढ़कर 5,079 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस पर पहुंच गया. दरअसल, अमेरिका से आए हालिया आर्थिक आंकड़ों ने निवेशकों को यह संकेत दिया है कि वहां की अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी हो सकती है.
- Tip Of The Day: फरवरी में एक गलती और 30% गेहूं हो जाएगा चौपट! जान लें फसल गिरने से बचाने के 5 पक्के उपाय
- गाय-भैंस में ये 5 पोषण की कमी बन सकती हैं जानलेवा! एक गलती और दूध-कमाई दोनों हो जाएगी जीरो, जानें
- फरवरी में मुर्गीपालकों की एक गलती करा सकती है भारी नुकसान! जानें दाना-पानी से जुड़ी सरकारी एडवाइजरी
दिसंबर महीने के रिटेल सेल्स के आंकड़े उम्मीद से कमजोर रहे हैं और पिछले महीनों के आंकड़ों में भी कटौती की गई है. ऐसे माहौल में निवेशक शेयर बाजार से हटकर सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिनमें सोना सबसे भरोसेमंद माना जाता है. यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की मांग बढ़ी है, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा है.
प्रमुख शहरों में सोने के दाम
अगर देश के प्रमुख शहरों की बात करें तो राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,57,340 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 1,44,228 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है.
मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,57,680 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,44,540 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है. कोलकाता में 24 कैरेट सोने का भाव 1,57,470 रुपये और 22 कैरेट का 1,44,348 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
दक्षिण भारत की बात करें तो चेन्नई (Chennai Gold Rate Today) में 24 कैरेट सोना 1,58,180 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,44,998 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा है. वहीं, हैदराबाद में 24 कैरेट सोना 1,57,970 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,44,806 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है.
आगे क्या रह सकता है रुझान?
बाजार जानकारों का मानना है कि अगर वैश्विक स्तर पर आर्थिक अनिश्चितता बनी रहती है और डॉलर में कमजोरी आती है, तो सोना और चांदी दोनों में आगे भी मजबूती देखने को मिल सकती है. हालांकि, निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि किसी भी तरह का निवेश करने से पहले बाजार के उतार-चढ़ाव और विशेषज्ञों की राय पर ध्यान जरूर दें.