Gold Silver Rate Today India: 10 फरवरी 2026 को घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार के दौरान सोने के दाम में 601 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई, जिसके बाद इसका भाव घटकर 1,57,465 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. बाजार जानकारों के मुताबिक, यह गिरावट वैश्विक स्तर पर डॉलर के मजबूत होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग में आई हल्की नरमी का नतीजा है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर
ग्लोबल मार्केट में भी आज सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव देखने को मिला. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.60 फीसदी की गिरावट के साथ 5,050.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया. वहीं, चांदी में भी कमजोरी रही और यह 1.09 फीसदी टूटकर 81.34 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर ट्रेड करती दिखी. मजबूत डॉलर के कारण प्रीशियस मेटल्स महंगे हो जाते हैं, जिससे उनकी मांग पर असर पड़ता है.
चांदी में बड़ी गिरावट
एमसीएक्स पर चांदी के दाम में आज 2,663 रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई. इसके बाद चांदी का भाव घटकर 2,59,957 रुपये प्रति किलो पर आ गया. पिछले कुछ सत्रों में चांदी ने तेज रफ्तार पकड़ी थी, लेकिन अब उसमें भी करेक्शन देखने को मिल रहा है. जानकारों का मानना है कि चांदी में उतार-चढ़ाव सोने की तुलना में ज्यादा तेज रहता है, इसलिए इसमें जोखिम भी अधिक होता है.
- Tip Of The Day: फरवरी में एक गलती और 30% गेहूं हो जाएगा चौपट! जान लें फसल गिरने से बचाने के 5 पक्के उपाय
- गाय-भैंस में ये 5 पोषण की कमी बन सकती हैं जानलेवा! एक गलती और दूध-कमाई दोनों हो जाएगी जीरो, जानें
- फरवरी में मुर्गीपालकों की एक गलती करा सकती है भारी नुकसान! जानें दाना-पानी से जुड़ी सरकारी एडवाइजरी

सोना-चांदी की कीमतो में बड़ी गिरावट (Photo Credit: Canva)
खरीदारों के लिए राहत, निवेशक सतर्क
घरेलू बाजार में आई इस गिरावट को उन लोगों के लिए राहत माना जा रहा है, जो काफी समय से सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे थे. कीमतों में नरमी के चलते अब ज्वैलरी खरीद थोड़ी सस्ती हो सकती है. हालांकि, लंबे समय के निवेशकों के लिए सोना-चांदी अभी भी सुरक्षित निवेश विकल्प बने हुए हैं, क्योंकि वैश्विक अनिश्चितता के दौर में प्रीशियस मेटल्स को ‘सेफ हेवन’ माना जाता है.
दिल्ली समेत बड़े शहरों का हाल
सराफा बाजार की बात करें तो राजधानी दिल्ली (Gold Rate In Delhi Today) में आज सोने और चांदी के दाम में हल्की तेजी देखने को मिली. 24 कैरेट सोना 10 रुपये बढ़कर और 22 कैरेट सोना भी 10 रुपये की तेजी के साथ बिकता नजर आया. पिछले दो दिनों में दिल्ली में 24 कैरेट सोना कुल 1,320 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,210 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो चुका है.
चांदी की बात करें तो दिल्ली में लगातार दूसरे दिन इसके भाव बढ़े हैं. तीन दिन तक स्थिर रहने के बाद बीते दो दिनों में चांदी 15,100 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो चुकी है. आज दिल्ली में चांदी 3,01,100 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बिक रही है. मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे प्रमुख महानगरों में भी चांदी लगभग इसी भाव पर कारोबार कर रही है.
एक्सपर्ट्स की क्या है राय?
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में बाजार की नजर अमेरिका से जारी होने वाले GDP, PMI, नॉन-फार्म पेरोल और महंगाई के आंकड़ों पर बनी रहेगी. इसके अलावा चीन, जर्मनी और भारत के महंगाई डेटा भी कीमतों की दिशा तय कर सकते हैं. एकस्पर्ट का कहना है कि सोने में कंसॉलिडेशन और रिकवरी यह संकेत देती है कि इसका ट्रेंड अभी भी सकारात्मक है. वहीं, चांदी को लेकर वह सतर्क रहने की सलाह देते हैं, क्योंकि इसमें आगे तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.