Kharmas 2026: मार्च में इस तारीख से थम जाएंगे शादी-ब्याह! शुरू हो रहा है खरमास, जानें 1 महीने तक क्या रहेगा बंद?

Kharmas Kab Shuru Ho Raha Hai: मार्च 2026 में 15 मार्च से खरमास शुरू हो रहा है, जो 14 अप्रैल तक चलेगा. इस दौरान विवाह, गृह प्रवेश, नई गाड़ी या संपत्ति खरीदने जैसे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते. मान्यता है कि सूर्य के मीन राशि में प्रवेश करने से यह अवधि शुरू होती है और शुभ काम टालने की सलाह दी जाती है.

नोएडा | Updated On: 21 Feb, 2026 | 03:14 PM

Kharmas 2026: हिंदू पंचांग में जहां शुभ मुहूर्त का विशेष महत्व होता है, वहीं कुछ समय ऐसे भी माने जाते हैं जब मांगलिक कार्य करने से बचने की सलाह दी जाती है. इन्हीं में से एक है खरमास. साल में दो बार खरमास लगता है और इस दौरान विवाह, गृह प्रवेश जैसे शुभ कार्य नहीं किए जाते. मार्च 2026 में साल का पहला खरमास शुरू होने जा रहा है. आइए जानते हैं इसकी तिथि, समय और इससे जुड़े नियम.

कब से शुरू होगा खरमास?

ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार जब सूर्य धनु या मीन राशि में प्रवेश करते हैं, तब खरमास लगता है. मार्च 2026 में सूर्य 15 मार्च को दोपहर 1 बजकर 08 मिनट पर मीन राशि में प्रवेश करेंगे. इसी समय से खरमास की शुरुआत मानी जाएगी. यह अवधि लगभग एक महीने तक चलेगी और 14 अप्रैल 2026 को समाप्त होगी. धार्मिक मान्यता है कि इस दौरान सूर्य का प्रभाव अपेक्षाकृत कमजोर होता है. सूर्य को ग्रहों का राजा और ऊर्जा का प्रमुख स्रोत माना जाता है.

ऐसे में ग्रहों का तेज कम माना जाता है, इस वजह से शुभ कार्यों के सफल होने की संभावना भी कम समझी जाती है. यही कारण है कि इस समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.

खरमास में क्यों टाले जाते हैं मांगलिक कार्य?

खरमास को ऐसा समय माना जाता है जब नए और बड़े कार्य शुरू करना शुभ नहीं होता. विशेष रूप से विवाह इस अवधि में नहीं किया जाता. मान्यता है कि इस समय शादी करने से दांपत्य जीवन में बाधाएं आ सकती हैं. इसके अलावा सगाई, नई दुल्हन का गृह प्रवेश, घर की नई शुरुआत या कोई बड़ी धार्मिक पूजा भी इस दौरान टाल दी जाती है. लोग इन कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त का इंतजार करते हैं.

इन कामों से भी करें परहेज

खरमास में नई गाड़ी खरीदना भी उचित नहीं माना जाता. इसी तरह संपत्ति से जुड़े काम जैसे जमीन या मकान खरीदना, नया व्यापार शुरू करना या कोई बड़ा निवेश करना भी टालने की सलाह दी जाती है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार ऐसे कार्यों को या तो खरमास शुरू होने से पहले पूरा कर लेना चाहिए या फिर इसके समाप्त होने तक इंतजार करना चाहिए.

हालांकि मांगलिक कार्यों से परहेज किया जाता है, लेकिन पूजा-पाठ, दान और आध्यात्मिक साधना करना शुभ माना जाता है. इस समय को आत्मचिंतन और धार्मिक गतिविधियों के लिए अच्छा समझा जाता है.

मार्च 2026 में लगने वाला खरमास करीब एक महीने तक रहेगा. ऐसे में जो लोग विवाह या अन्य शुभ कार्य की योजना बना रहे हैं, उन्हें तिथि और समय का ध्यान रखते हुए तैयारी करनी चाहिए.

 

Published: 21 Feb, 2026 | 03:40 PM

Topics: