फसलों के बीज सुखाने वाली गैस खत्म हो गई? फार्मर आईडी, खाद सप्लाई को लेकर राज्यों संग बैठक करेगा केंद्र

Fertilizer Stock & Supply: केंद्रीय कृषि मंत्री ने उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति पक्की करने पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह खरीफ सीजन के लिए खाद स्टॉक और आपूर्ति की व्यवस्था अभी से कर लें. वैश्विक संकट का लाभ उठाकर खाद और बीजों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

नोएडा | Updated On: 25 Mar, 2026 | 06:13 PM

वैश्विक स्तर पर युद्ध के हालातों ने जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति को प्रभावित किया है. ऐसे में फसलों के बीजों को सुखाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्राकृतिक गैसों के स्टॉक को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने समीक्षा बैठक की है. इन प्राकृतिक गैसों का इस्तेमाल ड्रायर में ईंधन के रूप में किया जाता है. इसके अलावा कृषि मंत्रालय ने खाद आपूर्ति और स्टॉक के साथ ही फार्मर आईडी जेनरेशन को लेकर राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कृषि मंत्रियों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया है.

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अपने निवास पर समीक्षा बैठक बुलाई. बैठक का उद्देश्य वर्तमान वैश्विक अस्थिरता के बीच भारतीय कृषि क्षेत्र और किसानों के हितों की रक्षा करने के साथ ही आगामी खरीफ सीजन के लिए रणनीतिक तैयारी करना था. उन्होंने कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हमें संकट के समय सक्रिय भूमिका निभानी है.

खाद आपूर्ति पक्की करने और कालाबाजारी रोकने के निर्देश

केंद्रीय कृषि मंत्री ने उर्वरकों (फर्टिलाइजर) की निर्बाध आपूर्ति पक्की करने पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह खरीफ सीजन के लिए खाद स्टॉक और आपूर्ति की व्यवस्था अभी से कर लें. वैश्विक संकट का लाभ उठाकर खाद और बीजों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने राज्य सरकारों को भी इस दिशा में कड़े कदम उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा.

देशभर में 9.18 करोड़ किसानों की फार्मर आईडी बनी

केंद्रीय कृषि मंत्री ने अधिकारियों को ‘फार्मर आईडी’ के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि वितरण व्यवस्था पारदर्शी हो सके. कृषि मंत्रालय के अनुसार देशभर में 9.18 करोड़ से ज्यादा किसानों की फार्मर आईडी जेनरेट की जा चुकी हैं. सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में 1.99 करोड़ किसानों की फार्मर आईडी बन चुकी हैं. इसके बाद महाराष्ट्र में 1.31 करोड़ और मध्य प्रदेश में 1.04 करोड़ फार्मर आईडी बन गई हैं. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 100 फीसदी किसानों की फार्मर आईडी बननी हैं इसके लिए वे जल्द ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कृषि मंत्रियों के साथ बैठक भी करेंगे.

बीज सुखाने के लिए कम नहीं पड़ेगी गैस और एग्रो केमिकल्स

केंद्रीय कृषि मंत्री ने फसलों के बीजों को सुखाने के लिए जरूर गैस और एग्रो केमिकल्स की उपलब्धता की समीक्षा की. बता दें कि बीजों को सुखाने के लिए ड्रायर और ब्रॉयलर में प्राकृतिक गैस ईंधन के रूप में इस्तेमाल की जाती है. वैश्विक स्तर पर युद्ध के हालातों को देखते हुए बीज सुखाने पर गैस की कमी नहीं होने पाए, इसके लिए स्टॉक की समीक्षा की गई. कृषि मंत्री ने कहा कि वैश्विक संकट में पैकेजिंग सामग्री (विशेषकर दूध और अन्य कृषि उत्पादों के लिए) की कमी न हो. इसके लिए उन्होंने पेट्रोलियम मंत्रालय और संबंधित विभागों के साथ समन्वय करने के निर्देश भी दिए.

खाद-बीज और कीटनाशकों के स्टॉक-आपूर्ति की निगरानी करेगी स्पेशल सेल

कृषि क्षेत्र की पल-पल की निगरानी के लिए एक ‘विशेष सेल’ का गठन किया भी गया है. यह सेल खाद, बीज और कीटनाशकों की उपलब्धता की साप्ताहिक रिपोर्ट केंद्रीय कृषि मंत्री को देगा. उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए किसी भी चीज की कमी नहीं होने दी जाएगी. जमाखोंरों, जालसाजों और घटिया सामग्री बिक्री करने वालों पर तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं. कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को हर संभव संसाधन समय पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.

Published: 25 Mar, 2026 | 06:09 PM

Topics: