NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, सीबीआई जांच और रीएग्जाम कराने का आदेश, 22 लाख छात्रों की मेहनत बर्बाद

Neet 2026: NTA ने NEET UG 2026 की परीक्षा रद्द कर दी है. यह एग्जाम 3 मई 2026 को हुआ था, जिसमें लगभग 22.79 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था. जांच एजेंसियों की रिपोर्ट में गड़बड़ी और धांधली की आशंका सामने आने के बाद सरकार की मंजूरी से यह बड़ा फैसला लिया गया.

नोएडा | Updated On: 12 May, 2026 | 02:20 PM

NEET UG 2026 Cancelled: पेपर लीक और गड़बड़ी की आशंका के बाद NTA ने NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है. सरकार ने CBI जांच और री-एग्जाम का आदेश दिया है. यह फैसला केंद्रीय एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद लिया गया है, जिन्होंने 3 मई को हुए एग्जीम की निष्पक्षता पर चिंता जताई थी. NEET UG 2026 में करीब 22 लाख छात्र शामिल हुए थे, जिससे यह देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक बन गई थी. लेकिन अब यह एग्जाम एक बड़े विश्वसनीयता संकट में फंस चुका है.

जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद लिया गया निर्णय

एनटीए ने कहा कि जांच एजेंसियों की रिपोर्ट में परीक्षा से जुड़ी कुछ बड़ी गड़बड़ियों की बात सामने आई थी. इसके बाद सरकार ने पूरे मामले की समीक्षा की और NEET UG 2026 परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया. साथ ही, मामले की गहराई से जांच कराने के लिए इसे CBI को सौंप दिया गया है. अब CBI परीक्षा में हुई संभावित धांधली और आरोपों की जांच करेगी.

छात्रों की परेशानी को लेकर क्या बोला NTA?

NTA ने माना है कि परीक्षा दोबारा कराने के फैसले से छात्रों और उनके परिवारों को काफी परेशानी होगी. एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि यह फैसला बहुत सोच-समझकर लिया गया है. NTA के मुताबिक, अगर दोबारा परीक्षा नहीं कराई जाती, तो छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा और कमजोर हो सकता था. इसलिए निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया.

दुनिया की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में शामिल है NEET

NEET UG को दुनिया की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में गिना जाता है. इस साल परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी. परीक्षा के लिए 5,432 से ज्यादा केंद्र बनाए गए थे. एनटीए के मुताबिक परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए 6,000 से अधिक ऑब्जर्वर तैनात किए गए थे. इसके अलावा करीब 2 लाख कर्मियों को परीक्षा संचालन में लगाया गया था, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से हो सके.

जल्द जारी होगी री-एग्जाम की नई तारीख

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि NEET UG 2026 री-एग्जाम की नई तारीखें जल्द आधिकारिक वेबसाइट और अन्य माध्यमों से जारी की जाएंगी. साथ ही नए एडमिट कार्ड भी दोबारा जारी किए जाएंगे. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन पर ही भरोसा करें और किसी अफवाह पर ध्यान न दें.

किसी भी जानकारी के लिए छात्र 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं. परीक्षा रद्द होने के बाद अब लाखों छात्र दोबारा परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं. छात्रों और अभिभावकों के बीच तनाव और चिंता का माहौल है, लेकिन सभी की नजर अब NTA की अगली घोषणा पर टिकी हुई है.

Published: 12 May, 2026 | 02:15 PM

Topics: