LPG सिलेंडर कमी को लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन, ईरान से भारतीय जहाजों की आवाजाही पर सरकार की बड़ी जीत, क्या खत्म होगा संकट

एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर देशभर में जगह-जगह लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लाइन लगी देखी जा रही है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान ने भारतीय झंडे वाले जहाज को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित गुजरने देगा. केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री ने कहा कि LPG संकट को नियंत्रण में लाने के प्रयास चल रहे हैं और भारत के लिए अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के रास्ते खुल रहे हैं.

नोएडा | Published: 12 Mar, 2026 | 12:52 PM

मध्य पूर्व देशों में युद्ध के चलते ईरान ने समुद्री यातायात का मुख्य मार्ग होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर रखा है, जिसके चलते पेट्रोलियम पदार्थों समेत अन्य वस्तुओं की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है. देश में बीते सप्ताह एलपीजी घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए जाने से लोगों में नाराजगी है तो वहीं दो दिनों से उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं. इसको लेकर राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेताओं ने संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की है.

सिलेंडर कमी को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन, राहुल गांधी ने पीएम को घेरा

एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर देशभर में जगह-जगह लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लाइन लगी देखी जा रही है. इस बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी देश भर में LPG गैस सिलेंडर की कमी की खबरों को लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे विपक्षी नेताओं में शामिल हुए. राहुल गांधी ने कहा ने कहा कि “PM बोल रहे हैं कि पैनिक करने की जरूरत नहीं है लेकिन वे खुद पैनिक में हैं कई अन्य कारणों की वजह से. वे एपस्टीन की वजह से पैनिक में हैं, वे अदाणी केस की वजह से पैनिक में हैं. कल PM की कुर्सी खाली पड़ी थी. वे देश को कह रहे थे कि पैनिक ना करें और खुद पैनिक में हैं.”

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने एएनआई से बात करते हुए केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि आप (केंद्र सरकार) LPG की कमी, पेट्रोल और डीजल की कमी के बारे में बात नहीं कर रहे हैं. यह स्थिति लोगों में डर पैदा कर रही है. होटल और रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं। मोदी सरकार ने इस पर कुछ नहीं कहा है.’

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने एलपीजी सप्ला पर क्या कहा

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने गुरुवार मीडिया से बात करते हुए कहा कि LPG संकट को नियंत्रण में लाने के प्रयास चल रहे हैं और भारत के लिए अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के रास्ते खुल रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी देशों से बात की है कि होर्मुज स्ट्रेट मुद्दे ने जिंदगी पर कैसे असर डाला है और छूट मांगी है. मैं सही डेटा नहीं दे रहा हूं, लेकिन हमारे लिए ज्यादा LPG पाने के रास्ते खुल रहे हैं. उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल और श्मशान जैसी इमरजेंसी यूटिलिटी सर्विस को प्रायोरिटी दी जा रही है. उन्होंने कहा कि एक मिनिस्ट्री के तौर पर हमें लगता है कि स्थिति कंट्रोल में है.

भारतीय जहाजों को होर्मुज से गुजरने देगा ईरान, पेट्रोलियम पदार्थों की क्राइसिस खत्म होगी

विदेश मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से एएनआई ने कहा कि ईरान ने भारतीय झंडे वाले जहाज को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित गुजरने देगा. भारत को छूट देते हुए ईरान ने ये भी स्पष्ट किया है कि अमेरिका, यूरोप और इजरायल से जुड़े जहाजों पर फिलहाल प्रतिबंध जारी रहेंगे, लेकिन भारतीय टैंकर सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर सकेंगे. ईरान के प्रतिबंध के चलते वर्तमान में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों का ट्रैफिक 90% तक कम हो गया है और कई देशों के टैंकर फंसे हुए हैं. ऐसे में भारतीय झंडे वाले जहाजों को गुजरने देने के फैसले को भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत के रूप में देखा जा रहा है. साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि पेट्रोलियम पदार्थों से लैस भारत के टैंकर अब आवागमन कर सकेंगे और प्रभावित हुई सप्लाई को सुधारने में मदद मिलेगी.

Topics: