केंद्र से MSP पर बड़ी राहत, सूरजमुखी और चना खरीद के लिए सरकार ने दिए 4886 करोड़

केंद्र सरकार ने किसानों को MSP पर फसल बेचने में राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. कर्नाटक में सूरजमुखी और महाराष्ट्र में चना खरीद को मंजूरी दी गई है. इस कदम से किसानों को बाजार में कम दाम पर फसल बेचने से राहत मिलेगी और उनकी आय सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी.

नोएडा | Updated On: 5 May, 2026 | 07:28 PM

MSP Scheme: केंद्र सरकार ने किसानों को उनकी फसल का सही दाम दिलाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने कर्नाटक के सूरजमुखी किसानों और महाराष्ट्र के चना किसानों को राहत देते हुए एमएसपी पर फसल खरीद को मंजूरी दी है. सरकार के इस फैसले से किसानों को 4,886 करोड़ रुपये से ज्यादा की एमएसपी सुरक्षा मिलेगी. सरकार का कहना है कि, किसानों को मजबूरी में कम कीमत पर फसल बेचने से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है. इससे किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य मिलेगा और खेती में भरोसा बढ़ेगा.

कर्नाटक के सूरजमुखी किसानों को बड़ी राहत

केंद्र सरकार ने कर्नाटक में रबी 2026 सीजन के लिए 9,023 मीट्रिक टन सूरजमुखी की खरीद  (Sunflower Procurement) को मंजूरी दी है. ये खरीद मूल्य समर्थन योजना यानी PSS के तहत की जाएगी. सरकार के अनुसार इस खरीद का कुल एमएसपी (MSP) मूल्य 69.66 करोड़ रुपये से ज्यादा होगा. इससे सूरजमुखी उगाने वाले किसानों को बाजार में कम दाम मिलने की चिंता नहीं रहेगी. कई बार किसानों को बाजार में उचित कीमत नहीं मिलती और उन्हें मजबूरी में फसल कम दाम पर बेचनी पड़ती है. लेकिन अब एमएसपी पर सरकारी खरीद होने से किसानों को राहत मिलेगी. विशेषज्ञों का कहना है कि इससे सूरजमुखी की खेती करने वाले किसानों का उत्साह बढ़ेगा और वे आगे भी इस फसल की खेती करने के लिए प्रेरित होंगे.

महाराष्ट्र के चना किसानों के लिए बड़ा फैसला

केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के चना किसानों  (Chana Purchase) के लिए भी बड़ा निर्णय लिया है. रबी 2025-26 सीजन के दौरान चने की अधिकतम खरीद सीमा बढ़ाकर 8,19,882 मीट्रिक टन कर दी गई है. इस खरीद का कुल एमएसपी मूल्य 4,816.80 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया गया है. इसके साथ ही चना खरीद की समय सीमा भी 30 दिन बढ़ाकर 29 मई 2026 तक कर दी गई है. ये फैसला उन किसानों के लिए काफी फायदेमंद माना जा रहा है जो तय समय में अपनी फसल बेच नहीं पाए थे. अब उन्हें अतिरिक्त समय मिलेगा और वे एमएसपी पर अपनी उपज बेच सकेंगे. सरकार का मानना है कि इससे किसानों को बाजार में औने-पौने दाम पर फसल बेचने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उनकी आय सुरक्षित रहेगी.

किसानों को सही दाम दिलाने पर जोर

केंद्र सरकार लगातार किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने पर जोर दे रही है. कृषि मंत्रालय का कहना है कि सरकार चाहती है कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा फायदा मिले और उन्हें बाजार में नुकसान न उठाना पड़े. एमएसपी पर खरीद  बढ़ाने का उद्देश्य किसानों की आर्थिक सुरक्षा मजबूत करना है. इससे किसानों में भरोसा बढ़ता है और वे बेहतर तरीके से खेती कर पाते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि सरकारी खरीद बढ़ने से बाजार में भी स्थिरता आती है. इससे किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए ज्यादा संघर्ष नहीं करना पड़ता.

किसान हित में लगातार फैसले ले रही सरकार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  (PM Modi) के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार किसान हित से जुड़े फैसले ले रही है. कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय का कहना है कि सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों की आय  बढ़ाने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है. कर्नाटक में सूरजमुखी और महाराष्ट्र में चना खरीद से जुड़े फैसलों को किसान कल्याण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. इससे संबंधित राज्यों के लाखों किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा. सरकार का कहना है कि आने वाले समय में भी किसानों को एमएसपी का फायदा दिलाने और कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाते रहेंगे. किसानों को सही दाम मिलने से खेती में स्थिरता आएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी.

Published: 5 May, 2026 | 06:02 PM

Topics: