शिवराज सिंह चौहान ने लॉन्च किया SEHAT ऐप, अब खेती के साथ मिलेगा सेहत का जबरदस्त कनेक्शन

केंद्र सरकार ने कृषि और स्वास्थ्य को जोड़ते हुए नया SEHAT मिशन शुरू किया है. इस पहल के तहत वैज्ञानिक और डॉक्टर मिलकर बेहतर पोषण और स्वास्थ्य सुधार पर काम करेंगे. सरकार का मानना है कि इससे किसानों की आय बढ़ाने, पौष्टिक फसलों को बढ़ावा देने और लोगों की सेहत बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

नोएडा | Updated On: 11 May, 2026 | 05:23 PM

SEHAT Mission: देश में लोगों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने नई पहल शुरू की है. अब खेती और स्वास्थ्य को एक साथ जोड़कर लोगों तक बेहतर पोषण पहुंचाने की तैयारी की जा रही है. इसी दिशा में SEHAT मिशन की शुरुआत की गई है. इस मिशन का पूरा नाम (Science Excellence for Health through Agricultural Transformation) है. इसका उद्देश्य कृषि और मेडिकल रिसर्च को साथ लाकर लोगों के स्वास्थ्य में सुधार करना है. इस मिशन की शुरुआत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने मिलकर की है. नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा (JP Nadda) और शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने इसे लॉन्च किया. सरकार का मानना है कि यह पहल पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याओं को कम करने में मदद करेगी.

खेती और स्वास्थ्य को पहली बार जोड़ा गया

अब तक खेती और स्वास्थ्य  को अलग-अलग क्षेत्रों के रूप में देखा जाता था, लेकिन SEHAT मिशन के जरिए पहली बार दोनों को एक साथ जोड़ने की कोशिश की गई है. सरकार का मानना है कि अच्छी खेती और सही पोषण से लोगों का स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सकता है. इस मिशन के तहत ऐसे कृषि उत्पादों पर रिसर्च की जाएगी, जो लोगों के शरीर को ज्यादा पोषण दे सकें. वैज्ञानिक ये पता लगाएंगे कि कौन-सी फसलें स्वास्थ्य के लिए ज्यादा फायदेमंद हैं और उन्हें बेहतर तरीके से कैसे उगाया जा सकता है. इसके अलावा किसानों को भी ऐसी खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे लोगों को पौष्टिक अनाज, फल और सब्जियां मिल सकें. इससे एक तरफ किसानों की आय बढ़ेगी, वहीं दूसरी तरफ लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर होगा.

पोषण और बीमारियों पर रहेगा खास फोकस

देश में आज भी बड़ी संख्या में लोग पोषण की कमी से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं. बच्चों और महिलाओं में कमजोरी, एनीमिया और खराब खानपान जैसी दिक्कतें आम हैं. SEHAT मिशन का मुख्य उद्देश्य ऐसी समस्याओं को कम करना है. इस मिशन के तहत कृषि वैज्ञानिक और डॉक्टर मिलकर काम करेंगे. दोनों संस्थाएं यह अध्ययन करेंगी कि किस तरह खेती के जरिए लोगों को बेहतर पोषण दिया जा सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि लोगों को पौष्टिक भोजन आसानी से मिलने लगे, तो कई बीमारियों का खतरा कम हो सकता है. इसी वजह से मिशन में स्वास्थ्य और पोषण सुधार  पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा. जेपी नड्डा ने कहा कि यह पहल लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है.

किसानों को भी मिलेगा बड़ा फायदा

SEHAT मिशन का लाभ केवल स्वास्थ्य क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा. इससे किसानों को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है. नई रिसर्च और आधुनिक तकनीकों की मदद से किसानों को ऐसी फसलें उगाने की जानकारी दी जाएगी, जिनकी बाजार में ज्यादा मांग हो और जो स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक हों. इससे किसानों की आमदनी बढ़ सकती है. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेती को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे लोगों के बेहतर स्वास्थ्य से भी जोड़ा जाएगा. उनका मानना है कि इस पहल से किसानों और आम लोगों दोनों को फायदा मिलेगा. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर किसान पोषण से जुड़ी फसलों की खेती  करेंगे, तो उन्हें बेहतर कीमत मिलने की संभावना रहेगी. साथ ही नई तकनीकों से खेती की गुणवत्ता और उत्पादन भी सुधर सकता है.

पहले भी चल चुकी हैं SEHAT नाम की योजनाएं

SEHAT नाम से पहले भी कई योजनाएं शुरू की जा चुकी हैं, लेकिन उनका उद्देश्य अलग था. साल 2021 में रक्षा मंत्रालय ने SeHAT नाम का ऑनलाइन हेल्थ पोर्टल शुरू किया था. इसका इस्तेमाल सेना के जवानों और उनके परिवारों को घर बैठे डॉक्टर से सलाह देने के लिए किया गया था. इसके अलावा साल 2015 में ग्रामीण इलाकों में टेलीमेडिसिन सुविधा बढ़ाने के लिए भी SEHAT पहल शुरू हुई थी. इस योजना के तहत कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं देने की कोशिश की गई थी. हालांकि, नया SEHAT मिशन इन सभी से अलग है, क्योंकि इसमें पहली बार कृषि और स्वास्थ्य को एक साथ जोड़कर काम किया जाएगा. सरकार को उम्मीद है कि यह मिशन आने वाले समय में देश के लोगों के स्वास्थ्य और किसानों की आय दोनों को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

Published: 11 May, 2026 | 05:23 PM

Topics: