Snake Bite Alert: अपने पास रखें ये छड़ी.. नहीं काटेगा सांप, डर से किंग कोबरा भी भागेगा दूर

मानसून में खेतों में सांपों का खतरा तेजी से बढ़ जाता है. ऐसे समय किसानों के लिए छड़ी सुरक्षा कवच बन सकती है. यह दूर से सांप या अन्य जहरीले जीवों की मौजूदगी का संकेत देकर किसानों को पहले ही सतर्क करने में मदद करती है.

नोएडा | Updated On: 28 Jul, 2026 | 04:43 PM

Snake Bite Alert: बारिश की पहली फुहार किसानों के लिए खुशहाली का संदेश लेकर आती है, लेकिन यही मानसून खेतों में एक ऐसा अदृश्य खतरा भी लेकर आता है, जो पलभर में जिंदगी छीन सकता है. जलभराव होते ही सांप अपने बिलों से निकलकर खेतों, मेड़ों, भूसे के ढेर और गोहालों की ओर आ जाते हैं. ऐसे में धान की रोपाई, सिंचाई या रात के समय खेतों में काम करने वाले किसानों के सामने सर्पदंश का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. इसी खतरे को कम करने के लिए अब एक नई तकनीक सामने आई है- किसान मित्र छड़ी जो आसपास मौजूद सांप या अन्य जहरीले जीवों की पहले ही चेतावनी देकर किसानों की सुरक्षा बढ़ाने का दावा करती है.

देश में हर साल लाखों लोग बनते हैं का शिकार

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय  के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2025 में देशभर में 1,40,302 लोगों को सांप ने काटा, जिनमें से अधिकांश लोगों का समय पर इलाज होने से जीवन बचा लिया गया. हालांकि 429 लोगों की मौत भी दर्ज की गई. विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान खेतों, जंगलों और ग्रामीण इलाकों में सर्पदंश का खतरा सबसे अधिक रहता है. इसलिए खेतों में काम करने वाले किसानों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है.

क्या है किसान मित्र छड़ी, कैसे करती है काम?

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए विकसित किसान मित्र छड़ी  (Kisan Mitra Stick) की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह एक स्मार्ट सुरक्षा उपकरण है. यह खेत, बगीचे या जंगल जैसे इलाकों में करीब 100 मीटर तक आसपास मौजूद सांप, बिच्छू या अन्य जहरीले जीवों की मौजूदगी का संकेत देने में सक्षम बताई जा रही है.

इस छड़ी का उपयोग करने के लिए किसान को इसका बटन दबाकर इसे जमीन के संपर्क में रखना होता है. यदि आसपास कोई जहरीला जीव मौजूद होता है तो छड़ी कंपन (वाइब्रेशन) के माध्यम से खतरे का संकेत देती है. इससे किसान पहले ही सतर्क होकर सुरक्षित रास्ता चुन सकता है और संभावित दुर्घटना से बच सकता है.

रात में खेतों में काम करने वाले किसानों के लिए बड़ी राहत

धान की रोपाई, सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों के दौरान  कई किसान देर शाम या रात में भी खेतों में काम करते हैं. अंधेरे, घास और पानी से भरे खेतों में सांपों को देख पाना मुश्किल होता है. ऐसे में किसान मित्र छड़ी किसानों को पहले से चेतावनी देकर उनकी सुरक्षा बढ़ा सकती है. खासतौर पर उन इलाकों में जहां हर साल सर्पदंश की घटनाएं अधिक होती हैं, यह तकनीक उपयोगी साबित हो सकती है. हालांकि विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि किसी भी तकनीक के साथ-साथ किसान हमेशा टॉर्च, ऊंचे जूते और दस्तानों का उपयोग करें तथा सांप काटने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें.

तकनीक के साथ सावधानी भी जरूरी

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक तकनीक खेती  को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है, लेकिन पूरी तरह उस पर निर्भर रहना उचित नहीं है. मानसून के दौरान खेतों में काम करते समय हमेशा सतर्क रहें, झाड़ियों और पानी भरे स्थानों में बिना देखे हाथ या पैर न डालें तथा खेतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें.

यदि किसान मित्र छड़ी का व्यापक स्तर पर उपयोग होता है, तो यह न केवल किसानों की सुरक्षा बढ़ा सकती है बल्कि सर्पदंश जैसी जानलेवा घटनाओं को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है. मानसून के मौसम में तकनीक और सावधानी का यह मेल किसानों के लिए एक नई सुरक्षा ढाल साबित हो सकता है.

Published: 28 Jul, 2026 | 05:05 PM

Topics: