जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से मुलाकात के बाद सोनम वांगचुक ने तोड़ा अनशन, PM मोदी की NEET छात्रों से अपील

26 दिन के अनशन के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से मुलाकात के बाद अपना अनशन खत्म कर दिया. सरकार ने छात्रों से जुड़े मामलों पर लिखित आश्वासन दिया. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई और फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान किया.

नोएडा | Updated On: 24 Jul, 2026 | 08:03 AM

जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन खत्म कर दिया है. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से मुलाकात के बाद अपना अनशन समाप्त किया. बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से कुछ मांगों पर लिखित आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने यह फैसला लिया. सरकार ने लिखित आश्वासन दिया है कि जिन छात्रों के खिलाफ मामले दर्ज हैं और जिन्होंने किसी तरह की हिंसा नहीं की है, उनके केस वापस लिए जाएंगे. इसके अलावा सरकार ने यह भी लिखित भरोसा दिया है कि नीट (NEET) परीक्षा से जुड़े उन अभ्यर्थियों के परिवारों को मुआवजा देने के मुद्दे पर विचार किया जाएगा, जिन्होंने आत्महत्या की थी. सरकार के इन आश्वासनों के बाद सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधी रात को आकर NEET पेपर लीक मामले में छात्रों से अपील की.

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि उन्होंने 26 दिन बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया है. वांगचुक ने लिखा कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, डॉ. जितेंद्र सिंह और लेह-लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मैंने अपना अनशन खत्म किया. उन्होंने बताया कि इससे पहले अलग-अलग राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने उनसे मुलाकात की थी या पत्र लिखकर अनशन खत्म करने की अपील की थी. वांगचुक के मुताबिक, सरकार के साथ लंबी बातचीत और देश में संभावित हिंसा की आशंका को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया. उन्होंने कहा कि अनशन खत्म करने से जुड़ी सभी शर्तों की जानकारी वह जल्द ही एक अलग वीडियो के जरिए साझा करेंगे. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शांति बनाए रखें और देश में कहीं भी किसी तरह की हिंसा न होने दें.

पीएम मोदी की सोशल मीडिया पर अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार 23 जुलाई की देर रात को सोशल मीडिया के जरिए NEET पेपर लीक मामले  पर छात्रों की चिंताओं को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि पेपर लीक कोई सामान्य गलती नहीं है, बल्कि यह लाखों छात्रों और उनके परिवारों के साथ बड़ा अन्याय है. इससे छात्रों को भारी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है. पीएम मोदी ने कहा कि इसी गंभीरता को देखते हुए पिछले ढाई महीनों में सरकार ने तेज और सख्त कार्रवाई की है. मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

जस्टिस अनु ग्रोवर फास्ट-ट्रैक कोर्ट की स्पेशल जज नियुक्त

इसी बीच देर रात दिल्ली हाईकोर्ट ने जस्टिस अनु ग्रोवर बालीगा को फास्ट-ट्रैक कोर्ट की स्पेशल जज नियुक्त किया. यह अदालत पेपर लीक और सरकारी परीक्षाओं में नकल या अन्य अनुचित तरीकों से जुड़े आपराधिक मामलों की सुनवाई करेगी.

आज  CJP और सरकार के बीच बैठक

इस कदम का उद्देश्य ऐसे मामलों का तेजी से निपटारा करना और दोषियों को जल्द सजा दिलाना है. रकारी सूत्रों के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार (24 जुलाई 2026) को केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेगा. सूत्रों ने बताया कि यह बैठक दोपहर 12:30 बजे होगी. हालांकि, बैठक कहां होगी, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है. वहीं, इस प्रस्तावित बैठक को लेकर CJP की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

Published: 24 Jul, 2026 | 07:48 AM

Topics: