Water bottle cap color: हम सभी जानते हैं कि पानी हमारे जीवन के लिए कितना जरूरी है. खासकर जब हम सफर में होते हैं, तो बाहर की पानी की बोतल खरीदकर ही अपनी प्यास बुझाते हैं. लेकिन क्या आपने कभी इस बात पर ध्यान दिया है कि उस बोतल के ढक्कन का रंग क्या बता रहा है? ज्यादातर लोग ब्रांड, कीमत या पैकेजिंग देखते हैं, लेकिन ढक्कन के रंग के पीछे छिपे संकेत को नजरअंदाज कर देते हैं.
दरअसल, पानी की बोतल पर लगा ढक्कन सिर्फ बंद करने के लिए नहीं होता, बल्कि वह यह भी बताता है कि अंदर मौजूद पानी किस प्रकार का है. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि अलग-अलग रंग के ढक्कन का क्या मतलब होता है.
क्यों जरूरी है ढक्कन के रंग को समझना
डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. हितेश सारोगी के किसान इंडिया को बताया कि, आजकल बाजार में कई तरह का पानी उपलब्ध है RO, मिनरल, फ्लेवर्ड, अल्कलाइन आदि. हर पानी की अपनी खासियत होती है और शरीर पर उसका असर भी अलग होता है. अगर आप बिना समझे पानी पीते हैं, तो हो सकता है कि आप अपनी जरूरत के अनुसार सही पानी न चुन पा रहे हों. इसलिए अगली बार बोतल खरीदते समय ढक्कन के रंग पर जरूर ध्यान दें.
अलग-अलग रंग के ढक्कन और उनका मतलब
1. सफेद ढक्कन – प्रोसेस्ड या RO पानी
सफेद ढक्कन वाली बोतल में आमतौर पर RO या प्रोसेस्ड पानी होता है. इसे मशीनों के जरिए साफ किया जाता है और इसमें जरूरी मिनरल्स को संतुलित किया जाता है. यह पानी पीने के लिए सुरक्षित माना जाता है और इसका स्वाद भी सामान्य पानी जैसा होता है.
2. लाल ढक्कन – इलेक्ट्रोलाइट या कार्बोनेटेड पानी
लाल ढक्कन का मतलब होता है कि बोतल में इलेक्ट्रोलाइट या हल्का कार्बोनेटेड पानी है. इसमें कभी-कभी हल्की गैस (फिज) भी होती है. यह पानी शरीर को जल्दी हाइड्रेट करने में मदद करता है और खासकर थकान के समय उपयोगी होता है.
3. नीला ढक्कन – नेचुरल स्प्रिंग वॉटर
नीले रंग का ढक्कन सबसे ज्यादा देखने को मिलता है. इसका मतलब होता है कि पानी प्राकृतिक स्रोत (स्प्रिंग) से लिया गया है. इसमें बहुत कम प्रोसेसिंग होती है, जिससे इसके प्राकृतिक मिनरल्स बने रहते हैं. इसका स्वाद भी थोड़ा अलग और नेचुरल होता है.
4. हरा ढक्कन – फ्लेवर्ड पानी
अगर बोतल का ढक्कन हरा है, तो समझ लीजिए कि यह फ्लेवर्ड वॉटर है. इसमें किसी तरह का स्वाद या फ्लेवर मिलाया गया होता है. यह सामान्य पानी नहीं होता, बल्कि स्वाद के लिए बनाया जाता है.
5. काला ढक्कन – अल्कलाइन पानी
काले ढक्कन वाली बोतल में अल्कलाइन वॉटर होता है. इसका pH लेवल सामान्य पानी से ज्यादा होता है. इसे शरीर में एसिड को संतुलित करने और बेहतर हाइड्रेशन के लिए अच्छा माना जाता है. यही वजह है कि कई लोग और सेलिब्रिटी इसे पसंद करते हैं.
सही पानी चुनना क्यों जरूरी है
हर तरह का पानी अलग जरूरत के लिए होता है. जैसे:
- रोजमर्रा के लिए RO या मिनरल वॉटर
- ज्यादा थकान या एक्सरसाइज के बाद इलेक्ट्रोलाइट वॉटर
- खास डाइट या हेल्थ के लिए अल्कलाइन वॉटर
अगर आप बिना समझे पानी चुनते हैं, तो हो सकता है कि आप अपने शरीर की जरूरत के हिसाब से सही विकल्प न ले पा रहे हों.
अगली बार रखें इन बातों का ध्यान
जब भी आप पानी की बोतल खरीदें:
- सिर्फ ब्रांड और कीमत न देखें
- ढक्कन का रंग जरूर देखें
- अपनी जरूरत के अनुसार पानी चुनें