देश भर में गेहूं खरीद में हो रही देरी के अलावा मंडियों से गेहूं का उठान नहीं होने, भंडारण की कमी के चलते किसानों में रोष है. हरियाणा की मंडियों में गेहूं रखने की जगह नहीं बची है तो मध्य प्रदेश में खरीद में दिक्कतें हो रही हैं. जबकि, उत्तर प्रदेश में धीमी खरीद रफ्तार ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं. इस बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शिकायत मिली है कि कई मंडियों में तौल काटों में दिक्कत और पर्याप्त संख्या नहीं होने से किसानों को परेशान होना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि जिन खरीद केंद्रों या मंडियों में अव्यवस्थाएं पाई जाएंगी वहां के संचालकों और अधिकारियों पर कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ेगी तो गेहूं खरीद की समयसीमा को भी बढ़ाया जाएगा.
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में मीडिया से कहा कि सभी राज्यों में गेहूं खरीद चल रही है और किसानों को भुगतान भी किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा-रायसेन संसदीय क्षेत्र में गेहूं खरीद व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से खरीद केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
स्लॉट बुकिंग में समस्या पर किसानों को और मौके दिए जाएं
केंद्रीय मंत्री ने सभी अधिकारियों ने निर्देशित किया है कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. गेहूं बिक्री के लिए स्लॉट बुकिंग, पंजीयन और सत्यापन से संबंधित समस्याओं का तुरंत निराकरण करें तथा जिन किसानों का स्लॉट तकनीकी कारणों से नहीं बन पाया है, उन्हें समुचित अवसर प्रदान कर प्रक्रिया में शामिल किया जाए.
तौल कांटों को दुरुस्त करें और उनकी संख्या बढ़ाने के निर्देश
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खरीद केंद्रों पर बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, तौल कांटों की संख्या में आवश्यकता अनुसार बढ़त की जाए. उन्होंने कहा कि कई जगह से शिकायतें आ रही हैं कि पर्याप्त तौल कांटे नहीं होने और गड़बड़ियां होने से किसानों को मुश्किल हो रही है. उन्होंने कहा कि किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. तुरंत तौल कांटों को दुरुस्त कर उनकी संख्या बढ़ाई जाए और अन्य व्यवस्थाओं को भी अधिक मजबूत किया जाए.
खरीद लिमिट और समयसीमा बढ़ाई जाएगी
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारी सरकार किसान हित के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है. प्रत्येक किसान का गेहूं हर हाल में खरीदा जाएगा. उन्होंने कहा कि इस बार 1202 लाख मीट्रिक टन गेहूं उत्पादन का अनुमान है. ऐसे में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों ने पिछले साल की तुलना में गेहूं खरीद टारगेट बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर खरीद की समयसीमा और खरीद मात्रा को भी बढ़ाया जाएगा.