महिला किसानों को जीजामाता कृषि भूषण पुरस्कार, खेती में योगदान के लिए महाराष्ट्र सरकार से सम्मानित

महाराष्ट्र सरकार ने कृषि में अतुलनीय योगदान देने और इनोवेशन के साथ खेती करने के लिए कृषि सम्मानों की घोषणा कर दी है. वाशिम, लातूर और वर्धा समेत कई जिलों की महिला किसानों को जीजाबाई, युवा शेतकरी समेत कई प्रमुख अवॉर्ड से नवाजा गया है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 10 Jul, 2026 | 07:24 PM

महाराष्ट्र सरकार ने खेती में अतुलनीय योगदान के लिए महिला किसानों को जीजामाता कृषि भूषण पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया है. वाशिम की ललिता विश्वास गोदमले और लातूर की संजीवनी अंगद नागमोडे और नाशिक की भावना नीलकंठ निकम, कोल्हापुर की अरुंधती संजय पाटिल को महाराष्ट्र सरकार ने यह पुरस्कार दिया है. इसके अलावा वर्धा जिले की प्रतिभा प्रमोद महाजन को युवा शेतकरी पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया गया है. यह पुरस्कार महिलाओं को जैविक खेती, मॉडर्न फार्मिंग मॉडल और पशुपालन के क्षेत्र में इनोवेशन के लिए दिया गया है.

महाराष्ट्र सरकार के कृषि विभाग के अनुसार किसानों को अलग-अलग क्षेत्रों में प्रेरणादायी कार्य करने के लिए हर साल पुरस्कार दिए जाते हैं. मुंबई के सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम में आयोजित समारोह में गवर्नर जिष्णु देव वर्मा ने लातूर जिले के चिंचोलीराव वाडी गांव की महिला किसान संजीवनी अंगद नागमोडे को जीजामाता कृषि भूषण पुरस्कार 2024 देकर सम्मानित किया. इस समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे और अन्य मंत्रियों के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए.

लातूर की संजीवनी को जीजामाता कृषि भूषण पुरस्कार

लातूर जिले की महिला किसान संजीवनी अंगद नागमोडे को खेती में ऑर्गेनिक तरीकों, आधुनिक तकनीक और खेती से जुड़ी अन्य गतिविधियों को मिलाकर नया तरीका अपनाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने सम्मानित किया है. जिला सूचना कार्यालय के बयान में कहा गया है कि नागमोडे ने अपने खेत में डेयरी फार्मिंग, बकरी पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन, फलों की खेती और चारे के उत्पादन को सफलतापूर्वक मिलाकर खेती को एक नया आयाम दिया है.

ललिता को प्राकृतिक खेती के लिए मिला पुरस्कार

वाशिम जिले की ललिता विश्वास गोदमले को भी महाराष्ट्र सरकार ने जीजामाता कृषि भूषण पुरस्कार 2024 देकर सम्मानित किया. यह पुरस्कार प्राकृतिक खेती को प्राथमिकता देते हुए केमिकल फर्टिलाइजर का इस्तेमाल पूरी तरह से बंद करने के प्रयासों के लिए दिया गया है. उन्होंने अपने खेत में ही ऑर्गेनिक इनपुट जैसे कि गोबर की खाद बनाई और खेती में उसे इस्तेमाल किया. इससे अन्य महिलाओं को भी प्राकृतिक खेती करने और जैविक खाद इस्तेमाल करने को प्रेरणा मिली.

Women farmers received Jijamata Krishi Bhushan Award

महिला किसानों ने महाराष्ट्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी दी.

बायोगैस से खाना पकाने के इनोवेशन के लिए मिला युवा शेतकरी पुरस्कार

वर्धा जिले की प्रतिभा प्रमोद महाजन को युवा शेतकरी पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया गया है. उन्हें मिट्टी की उपजाऊ क्षमता बनाए रखने और वेस्ट रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए यह सम्मान मिला. प्रतिभा ने बायोगैस प्लांट, वर्मीकम्पोस्ट यूनिट, अज़ोला उत्पादन यूनिट और कम्पोस्टिंग सिस्टम लगाया है. बायोगैस प्लांट से निकलने वाली स्लरी का इस्तेमाल ऑर्गेनिक खाद के तौर पर किया जाता है, साथ ही यह यूनिट खाना पकाने के लिए टिकाऊ ईंधन का समाधान भी देती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 10 Jul, 2026 | 07:17 PM

लेटेस्ट न्यूज़