लाल किले से PM मोदी का युवाओं को तोहफा, देशभर में मिलेगी फ्री ऑनलाइन कोचिंग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग और अगले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग देने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि नल से जल, गैस कनेक्शन, शौचालय और गरीबों को घर देने की रफ्तार बढ़ी है. सरकार ने सैकड़ों पुराने कानून भी खत्म किए हैं.

नोएडा | Updated On: 15 Aug, 2026 | 09:39 AM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के लाल किले से देश को संबोधित करते हुए युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि देशभर के युवाओं के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी. इससे छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी और परिवारों पर कोचिंग फीस का आर्थिक बोझ कम होगा. खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए कहा कि अगले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके साथ ही छात्रों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद के लिए ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी. सरकार को उम्मीद है कि उसके लिए फैसले से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी.

160 गीगावॉट पहुंची सोलर क्षमता

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधन के दौरान कई विकास योजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में सोलर एनर्जी की क्षमता बहुत कम थी, जो अब बढ़कर 160 गीगावॉट हो गई है. उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी असर दिख रहा है और करीब 50 लाख घरों में सोलर एनर्जी से बिजली पहुंच रही है. इससे हजारों घरों का बिजली बिल शून्य हो गया है और लोग अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाई भी कर रहे हैं. पीएम मोदी ने रेलवे में हुए बदलाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देश में करीब 70 फीसदी रेलवे नेटवर्क का विद्युतीकरण हो चुका है. बिजली से ट्रेनें चलने से पर्यावरण को भी फायदा हो रहा है. इसके अलावा देश में पहली हाइड्रोजन ट्रेन भी चल चुकी है.

12 साल में 70 से 700 शहरों तक पहुंची पाइप से गैस की सुविधा

पीएम मोदी कहा कि भारत ऊर्जा सुरक्षा के लिए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों पर तेजी से काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि ऊर्जा का सही इस्तेमाल बढ़ाने के साथ-साथ देश में पाइप से गैस की पहुंच भी तेजी से बढ़ी है.पीएम मोदी के मुताबिक, 2014 से पहले देश के सिर्फ 70 शहरों में पाइप से गैस की सुविधा थी. पिछले 12 साल में यह संख्या बढ़कर 700 शहरों तक पहुंच गई है.

आम लोगों की सुविधाओं पर सरकार का फोकस

प्रधानंभी ने कहा कि 2014 से पहले करीब 20-22 लाख घरों तक ही पाइप से गैस पहुंचती थी. अब देश में करीब 1.75 करोड़ घरों में पाइप से गैस पहुंचाने का काम हो रहा है. प्रधानमंत्री ने इसे देश में विकास की तेज रफ्तार  का उदाहरण बताया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार ने आम लोगों की सुविधाओं पर तेजी से काम किया है. उन्होंने बताया कि हर साल औसतन 15 गुना ज्यादा तेजी से नल से जल कनेक्शन, 6 गुना ज्यादा रफ्तार से गैस कनेक्शन और 4 गुना तेजी से गरीबों के लिए शौचालय बनाए गए. वहीं, गरीबों को घर देने की रफ्तार भी 3 गुना बढ़ी है.

 

 

Published: 15 Aug, 2026 | 09:23 AM

Topics: