चावल की कीमतों में उछाल, निर्यात भाव बढ़े..कम सप्लाई और घटते उत्पादन अनुमान से बाजार गर्म

भारत में चावल के निर्यात भाव इस सप्ताह बढ़ गए हैं. सप्लाई घटने और धान उत्पादन को लेकर चिंता से कीमतों को सहारा मिला है. अगस्त में बारिश सामान्य से 16 फीसदी कम रही. वियतनाम में भाव स्थिर हैं, जबकि बांग्लादेश ने सुगंधित चावल का निर्यात कोटा घटाया है. थाईलैंड में भी उत्पादन कम रहने की आशंका से चावल के भाव बढ़े हैं.

नोएडा | Updated On: 11 Sep, 2026 | 09:27 AM

चावल की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है. इसके चलते चावल निर्यात भाव इस सप्ताह और बढ़ गए हैं. भारत के 5 फीसदी टूटे उबले चावल का निर्यात भाव  इस सप्ताह 371-377 डॉलर (35,500- 36,050 रुपये) प्रति टन रहा, जो पिछले सप्ताह के 369-375 डॉलर (35,300- 35,850 रुपये) से अधिक है. वहीं, 5 फीसदी टूटे सफेद चावल का भाव 368-373 डॉलर (35,240- 35,720 रुपये) प्रति टन रहा. कहा जा रहा है कि सप्लाई कम होने और गर्मियों में बोई जाने वाली धान की फसल के उत्पादन को लेकर चिंता बढ़ने से कीमतों को सहारा मिला है.

कोलकाता के एक कारोबारी के मुताबिक, बारिश की कमी बढ़ने के साथ फसल के उत्पादन के अनुमान घटाए जा रहे हैं. इससे चावल की कीमतों में तेजी बनी हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक, सितंबर में भी मॉनसून की बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है. अगस्त में देश में बारिश सामान्य से 16 फीसदी कम हुई थी.

वियतनाम में चावल की सप्लाई घटने लगी

बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, वियतनाम में 5 फीसदी टूटे चावल का भाव इस सप्ताह 440-445 डॉलर (42,060- 42,540 रुपये) प्रति टन पर स्थिर रहा. हो ची मिन्ह सिटी के एक कारोबारी के मुताबिक, गर्मी-शरद सीजन की फसल की कटाई करीब एक हफ्ते में पूरी हो जाएगी. इससे घरेलू सप्लाई घट रही है, हालांकि मांग भी कमजोर है. कारोबारी ने कहा कि फिलीपींस ने चावल का आयात बढ़ाया है, लेकिन वह वियतनाम के बजाय दूसरे देशों से खरीदारी कर रहा है. वियतनाम फूड एसोसिएशन के हवाले से सरकारी मीडिया ने बताया कि इस साल देश का चावल निर्यात करीब 77.4 लाख टन रहने का अनुमान है.

बांग्लादेश ने सुगंधित चावल के निर्यात पर लगाई सीमा

बांग्लादेश ने व्यापारियों के लिए सुगंधित चावल के पहले मंजूर निर्यात कोटा को आधा कर दिया है. घरेलू बाजार में चावल की बढ़ती कीमतों और आगे दाम बढ़ने की आशंका को देखते हुए सरकार ने निर्यात की अधिकतम मात्रा घटाई है. बांग्लादेश सरकार ने 45,270 टन सुगंधित चावल के निर्यात को मंजूरी दी थी. लेकिन 30 अगस्त तक सिर्फ 2,419 टन चावल का ही निर्यात हो पाया. अब सरकार ने निर्यात की मंजूर मात्रा को घटाकर आधा कर दिया है.

नई मंजूरी के तहत सुगंधित चावल का न्यूनतम निर्यात भाव 1.60 डॉलर (153 रुपये) प्रति किलो तय किया गया है. इसके अलावा कस्टम विभाग गुणवत्ता की जांच करेगा और निर्यात से होने वाली कमाई को देश में वापस लाना जरूरी होगा.

थाईलैंड में चावल के भाव बढ़े

वहीं, थाईलैंड में 5 फीसदी टूटे चावल का भाव बढ़कर 488 डॉलर (46,650 रुपये) प्रति टन हो गया है. पिछले सप्ताह यह 483-485 डॉलर (46,175- 46,365 रुपये) प्रति टन था. बैंकॉक के एक कारोबारी के मुताबिक, उत्पादन कम रहने की उम्मीद के कारण चावल की कीमतों में तेजी आई है.

Published: 11 Sep, 2026 | 09:12 AM

Topics: