धतूरे की ऑनलाइन बिक्री पर कर्नाटक सरकार का एक्शन, अमेजन, इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के लाइसेंस सस्पेंड

Datura Sale Online: कर्नाटक सरकार ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर धतूरे के फल और बीज की बिक्री को लेकर सख्त कार्रवाई की है. अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा, धतूरे के फल और बीज बेचने वाले दुकानदारों और सप्लायरों के लाइसेंस पर भी कार्रवाई की जाएगी.

नोएडा | Updated On: 25 Aug, 2026 | 12:18 PM

Karnataka News: कर्नाटक सरकार ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर धतूरे के फल और बीज की बिक्री को लेकर सख्त कदम उठाया है. राज्य के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित करने के निर्देश दिए हैं. सरकार ने यह कार्रवाई लोगों की सेहत और खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की है. इसके साथ ही इन प्लेटफॉर्म पर धतूरे के फल और बीज बेचने वाले दुकानदारों और सप्लायरों के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन भी निलंबित करने का आदेश दिया गया है.

ऑनलाइन बिक्री में दिखा धतूरे का फल-बीज

कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, मामला तब सामने आया जब कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के तहत धतूरे के फल और बीज बिक्री के लिए दिखाए जा रहे थे. विभाग ने इसे गंभीर मामला माना, क्योंकि धतूरे का इस्तेमाल खाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए. इसके फल और बीज में जहरीले गुण पाए जाते हैं जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है. सरकार का कहना है कि किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इन चीजों को खाद्य पदार्थ या मानव उपभोग के लिए बेचने, दिखाने या उनका प्रचार करने से लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता है.

तीनों प्लेटफॉर्म पर क्यों हुई कार्रवाई?

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और उससे जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. सरकार ने अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित करने को कहा है. इसके साथ ही इन प्लेटफॉर्म से धतूरे के फल और बीज से जुड़ी सभी लिस्टिंग, विज्ञापन और प्रचार सामग्री तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं. यानी अब इन उत्पादों को खाने या इंसानों के इस्तेमाल के लिए बेचने की अनुमति नहीं होगी.

बेचने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई

सरकार ने केवल ऑनलाइन कंपनियों पर ही कार्रवाई नहीं की है. धतूरे के फल और बीज की सप्लाई करने वाले दुकानदारों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. राज्य और केंद्रीय स्तर के संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ फूड सेफ्टी अधिकारियों को ऐसे प्रतिष्ठानों और विक्रेताओं के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन को तत्काल निलंबित करने को कहा गया है. इससे साफ है कि सरकार इस मामले में सिर्फ ऑनलाइन लिस्टिंग हटाने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि सप्लाई करने वालों पर भी कार्रवाई करेगी.

धतूरे को लेकर क्यों चिंतित है सरकार?

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, धतूरे के पौधे में जहरीले गुण होते हैं. इसके फल और बीज खाने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. यही वजह है कि इन्हें खाद्य सामग्री के तौर पर बेचना या प्रचारित करना सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है. विभाग ने सभी संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटरों को भविष्य में भी धतूरे के फल और बीज को खाने या मानव उपभोग के लिए बेचने और वितरित करने से पूरी तरह बचने का निर्देश दिया है.

आगे क्या होगा?

फिलहाल अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस का निलंबन अगले आदेश तक जारी रहेगा. संबंधित कंपनियों और विक्रेताओं से अनुपालन रिपोर्ट मांगी गई है. सरकार ने कहा है कि रिपोर्ट मिलने के बाद लाइसेंस निलंबन हटाने या आगे जारी रखने पर अलग से फैसला किया जाएगा. हालांकि, इससे पहले संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा.

कर्नाटक सरकार ने सभी संबंधित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और फूड बिजनेस ऑपरेटरों को निर्देशों का तुरंत और सख्ती से पालन करने को कहा है, ताकि खाद्य सुरक्षा से जुड़े किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सके.

Published: 25 Aug, 2026 | 12:17 PM

Topics: