Mumbai FDA Raid: महाराष्ट्र में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले रेस्टोरेंट, होटल और फूड आउटलेट्स के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है. राज्यभर में 19 और 20 अगस्त को चलाए गए विशेष जांच अभियान में दूध और डेयरी उत्पादों से लेकर रेस्टोरेंट की रसोई और प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला तक की जांच की गई. इस दौरान मुंबई के कई नामी ठिकानों पर साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर लापरवाही सामने आई. इसके बाद कुछ प्रतिष्ठानों के FSSAI लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए.
मैकडॉनल्ड्स समेत कई बड़े नाम जांच के घेरे में
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में की गई कार्रवाई में मैकडॉनल्ड्स (McDonald’s) के कोलाबा स्थित मेट्रो हाउस आउटलेट का भी री-इंस्पेक्शन किया गया. जांच में पहले मिली 20 कमियों में से 18 अब भी बरकरार पाई गईं. रसोई में जिंदा कॉकरोच मिले और कर्मचारियों के हाथ साफ किए बिना खाना छूने की बात सामने आई. इसके अलावा असली चीज के दावे के बावजूद एनालॉग सॉस के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठे.
बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब में रसोई के अंदर जिंदा मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच मिले. इतना ही नहीं, खाने के सामान के पास ही वाशिंग पाउडर रखा हुआ था. खार जिमखाना में बर्तन धोने के लिए गर्म पानी की व्यवस्था नहीं थी. यहां कच्चे और पके भोजन को भी सही तरीके से अलग नहीं रखा गया था.
नोवारा में पुरानी कमियों को दूर नहीं करने और साफ-सफाई के लिहाज से खराब बर्तनों के इस्तेमाल पर कार्रवाई की गई. वहीं, नरीमन पॉइंट के स्टेटस रेस्टोरेंट में ग्राहक की शिकायत के बाद जांच हुई. यहां एक कर्मचारी साफ बर्तनों के ऊपर मुंह धोता मिला, जिससे गंदा पानी बर्तनों पर गिरने का खतरा था.
छत्रपति संभाजीनगर के होटल में भी मिली गंदगी
FDA की कार्रवाई सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं रही. छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक स्थित गायत्री मेवाड प्राइवेट लिमिटेड होटल में जांच के दौरान रसोई में कई गंभीर खामियां मिलीं. जांच टीम को बार-बार इस्तेमाल के कारण काला पड़ चुका तेल मिला. सब्जी के लिए रखा पनीर भी खराब और बदबूदार था और उस पर एक्सपायरी डेट नहीं लिखी थी. टॉयलेट के मुख्य दरवाजे के पास मकड़ी के जालों के बीच सब्जियां काटी जा रही थीं.
इसके अलावा उबले नूडल्स को बर्तन धोने वाली जगह के पास खुले में रखा गया था, जहां नाली के गंदे पानी के छींटे पड़ने की आशंका थी. प्याज और दूसरे कच्चे सामान को भी जमीन पर दीवार से सटाकर रखा गया था. होटल को पहले नोटिस के साथ 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका था. नियमों का लगातार पालन नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 32(3) के तहत उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया.
गुटखा-पान मसाला बेचने वालों पर भी कार्रवाई
FDA ने खाद्य सुरक्षा नियमों के साथ प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के अवैध कारोबार पर भी कार्रवाई की. मुंबई में तीन दुकानों को सील किया गया और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. छापेमारी के दौरान करीब 1.95 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला जब्त किया गया. FDA की इस कार्रवाई से साफ है कि अब सिर्फ खाने की क्वालिटी ही नहीं, बल्कि रसोई की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री पर भी सख्ती की जा रही है.