होलसेल में नींबू हुआ महंगा, एक महीने में 100 फीसदी तक बढ़ी कीमत.. जानें ताजा मंडी रेट

आंध्र प्रदेश के गुडूर में नींबू के दाम एक महीने में दोगुने होकर 200 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं. तेज गर्मी, कम बारिश और घटती आवक से सप्लाई प्रभावित हुई है. इसका असर दिल्ली, पटना, जयपुर समेत कई बड़े बाजारों पर पड़ा है. व्यापारियों के मुताबिक, नींबू की कमी कीमत बढ़ने की मुख्य वजह है और आवक बढ़ने पर राहत मिल सकती है.

नोएडा | Updated On: 9 Sep, 2026 | 09:41 AM

आंध्र प्रदेश के गुडूर में नींबू की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इससे आम जनता के किचन का बजट बिगड़ गया है. पिछेल महीने जो नींबू 100 रुपये किलो बिक रहा था, अब उसका रेट बढ़कर 200 रुपये किलो हो गया है. यानी एक महीने के अंदर ही भाव में 100 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में मंडी में आवक बढ़ने से नींबू के रेट में गिरावट आ सकती है.

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, तेज गर्मी और त्योहारी सीजन के दौरान नींबू की बढ़ी मांग  के बीच मंडी में सप्लाई कम पड़ रही है. व्यापारियों के मुताबिक, सैदापुरम, पोडालाकुर, रापुर, वेंकटगिरी और बालायापल्ली इलाकों से इस सीजन नींबू की आवक काफी घट गई है. इससे मांग और सप्लाई के बीच अंतर बढ़ने से कीमतों पर दबाव बना हुआ है.

नींबू की कमी से कई बड़े शहरों में सप्लाई प्रभावित

गुडूर में नींबू की आवक कम होने का असर देश के कई बड़े बाजारों पर पड़ रहा है. नई दिल्ली, जयपुर, आगरा, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, गया, उज्जैन, पटना और बिहार के कई हिस्सों में नींबू की सप्लाई प्रभावित हुई है. गुडूर मंडी की नीलामी में अच्छी क्वालिटी के नींबू का भाव 200 रुपये किलो तक पहुंच गया है. पोडालाकुर नींबू मंडी में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिल रही है.

इस साल नींबू की पैदावार काफी घट गई

पोडालाकुर मंडी से जुड़े चार-पांच मंडलों में इस साल नींबू की पैदावार काफी घट गई है. इससे मंडी में नींबू की आवक  लगातार कम हो रही है. व्यापारियों के मुताबिक, बाजार में नींबू के भाव अच्छे मिल रहे हैं, लेकिन बागों में उत्पादन कम होने से मंडी में पर्याप्त माल नहीं पहुंच रहा है. व्यापारियों ने कहा कि नींबू की कमी ही कीमतों में तेज बढ़ोतरी की मुख्य वजह है.

अगस्त महीने में नींबू का होलसेल रेट

बता दें कि अगस्त महीने यानी सावन के दौरान भी नेल्लोर के गुडूर नींबू बाजार में नींबू की कीमतों में इतनी तेजी नहीं आई थी. तब थोक बाजार में नींबू 25 से 70 रुपये किलो बिक रहा था. अच्छी क्वालिटी के नींबू का भाव 75 रुपये किलो तक पहुंच गया था. वहीं, खुदरा बाजार में यही नींबू 120 रुपये किलो तक बिक रहा था. 50 किलो की एक बोरी की कीमत क्वालिटी के हिसाब से 1,250 से 3,500 रुपये के बीच थी. हालांकि, जुलाई महीने में नींबू का थोक भाव 20 से 50 रुपये किलो था. वहीं, 50 किलो की एक बोरी 1,200 से 2,500 रुपये में बिक रही थी. कीमत नींबू की क्वालिटी और आकार के हिसाब से तय हो रही थी.

Published: 9 Sep, 2026 | 09:34 AM

Topics: