156 रुपये क्विंटल हुआ प्याज, मक्का MSP से भी कम.. जानें टमाटर, उड़द और अरहर का ताजा मंडी रेट
टमाटर का रेट भी काफी कम हो गया है. eNAM की रिपोर्ट के मुताबिक, आंध्र प्रदेश की गुर्रमकोंडा और कालिकिरी मंडियों में 9 मार्च को टमाटर के भाव में हल्का अंतर देखने को मिला है. गुर्रमकोंडा मंडी में टमाटर का न्यूनतम भाव 800 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया.
Mandi Bhav: तेलंगाना, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में टमाटर, आलू और मक्के के रेट में भारी गिरावट आई है. ऐसे में किसान लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं. उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. खास कर प्याज के रेट में कुछ ज्यादा ही गिरावट दर्ज की गई है. बात अगर तेलंगाना की करें तो 9 मार्च यानी सोमवार को प्याज का भाव 200 रुपये क्विंटल से भी कम हो गया है. राष्ट्रीय कृषि बाजार (eNAM) के आंकड़ों के मुताबिक, तेलंगाना की सदाशिवपेट एपीएमसी मंडी में 9 मार्च को प्याज के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. इस दिन मंडी में प्याज का न्यूनतम भाव 156 से 306 रुपये प्रति क्विंटल के बीच दर्ज किया गया. वहीं मॉडल (औसत) कीमत 855 से 1,189 रुपये प्रति क्विंटल रही. वहीं, मंडी में प्याज का अधिकतम भाव 1,313 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा.
व्यापारियों के अनुसार, अलग-अलग क्वालिटी और आवक के कारण मंडी में दामों में यह अंतर देखने को मिल रहा है. फिलहाल अधिकतम भाव 1,313 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास बना हुआ है, जिससे किसान और व्यापारी दोनों बाजार की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. वहीं, रेट में गिरावट आने के चलते किसान लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं. उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है.
आंध्र प्रदेश की गुर्रमकोंडा मंडी में क्या है टमाटर का रेट
वहीं, टमाटर का रेट भी काफी कम हो गया है. eNAM की रिपोर्ट के मुताबिक, आंध्र प्रदेश की गुर्रमकोंडा और कालिकिरी मंडियों में 9 मार्च को टमाटर के भाव में हल्का अंतर देखने को मिला है. गुर्रमकोंडा मंडी में टमाटर का न्यूनतम भाव 800 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया, जबकि मॉडल कीमत 1,000 रुपये और अधिकतम भाव 1,200 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा. वहीं कालिकिरी मंडी में टमाटर का न्यूनतम भाव 750 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि मॉडल कीमत 1,000 रुपये और अधिकतम भाव 1,200 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. व्यापारियों के अनुसार आवक और गुणवत्ता के आधार पर मंडियों में टमाटर के दाम तय हो रहे हैं.
एमएसपी से कम है मक्के का रेट
इसी तरह तमिलनाडु की अलग-अलग मंडियों में मक्का के दाम अलग-अलग स्तर पर दर्ज किए गए हैं. अवलूरपेट मंडी में मक्का का न्यूनतम, मॉडल और अधिकतम भाव तीनों ही 1,759 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जिससे पता चलता है कि वहां कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, लेकिन एमएसपी से काफी कम है. ऐसे में किसानों को नुकसान हो रहा है. वहीं चिन्नासलेम मंडी में मक्का का न्यूनतम भाव 1,580 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया, जबकि मॉडल और अधिकतम कीमत 1,707 रुपये प्रति क्विंटल रही. व्यापारियों के अनुसार आवक और गुणवत्ता के आधार पर मंडियों में मक्का के दामों में यह अंतर देखा जा रहा है.
अभी मंडी में क्या है अरहर का रेट
अगर दलहन की बात करें तो आंध्र प्रदेश की अदोनी एपीएमसी मंडी में अरहर (तूर/रेड ग्राम) के दाम स्थिर से लेकर हल्के उतार-चढ़ाव के साथ दर्ज किए गए हैं. मंडी में अरहर का न्यूनतम भाव 6,986 रुपये प्रति क्विंटल से लेकर 7,263 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा. वहीं मॉडल (औसत) कीमत 7,263 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गई और अधिकतम भाव भी 7,263 रुपये प्रति क्विंटल ही रहा. व्यापारियों के अनुसार मंडी में अरहर की गुणवत्ता और आवक के आधार पर कीमतों में यह अंतर देखने को मिला है. फिलहाल मंडी में अरहर का प्रमुख भाव 7,263 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास बना हुआ है.
पुडुचेरी में उड़द दाल की लेटेस्ट कीमत
पुडुचेरी और तमिलनाडु की मंडियों में उड़द (काली दाल) के दाम अलग-अलग स्तर पर दर्ज किए गए हैं. पुडुचेरी के थट्टांचावडी मंडी में उड़द का न्यूनतम भाव 6,777 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि मॉडल कीमत 8,209 रुपये और अधिकतम भाव भी 8,209 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. वहीं तमिलनाडु के अवलूरपेट मंडी में उड़द का न्यूनतम भाव 3,666 रुपये प्रति क्विंटल रहा. यहां मॉडल कीमत 8,162 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम भाव 8,289 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा. व्यापारियों के अनुसार मंडियों में आवक और गुणवत्ता के आधार पर उड़द के दामों में यह अंतर देखने को मिल रहा है.