हरियाणा के किसान लखविंदर सिंह औलख समेत 14 किसान नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है. इसके साथ ही 100 लोगों को भी हिरासत में लिया गया है. लखविंदर सिंह औलख ने किसान इंडिया को बताया कि 1984 के दंगों में गिरफ्तार किए गए लोगों की सजा पूरी होने के बाद भी रिहाई नहीं होने के विरोध में दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारा में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित था, जिसके लिए किसान नेता जुटे थे. बीकेयू शेरे-पंजाब, एसकेएम और हरियाणा किसान संघर्ष मोर्चा के नेताओं और सदस्यों ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की निंदा की है और किसान नेताओं को जल्द छोड़ने की मांग की है.
राष्ट्रीय न्याय मोर्चा के आह्वान पर दिल्ली में जुटे थे
हरियाणा के बड़े किसान संगठन भारतीय किसान एकता ने बयान में कहा है कि उनके संगठन के साथ ही अन्य किसान संगठनों के नेताओं को दिल्ली पुलिस ने आज सुबह 10 बजे हिरासत में लिया है. 1984 के दंगों के आरोपों में हिरासत में लिए गए लोगों की सजा पूरी होने के बाद भी रिहाई नहीं किए जाने के विरोध में राष्ट्रीय न्याय मोर्चा के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन चल रहा है. मोर्चा के आह्वान पर दिल्ली में आज किसान और अन्य संगठनों से जुड़े लोग जुटे थे.
दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में जुटे थे
भारतीय किसान एकता के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष लखविंदर औलख ने किसान इंडिया को उन्हें दिल्ली पुलिस बस में बैठाकर नरेला इलाके में कहीं ले जा रही है. उन्होंने बताया बंदियों की रिहाई के लिए पंजाब के मोहाली में 4 साल से राष्ट्रीय न्याय मोर्चा के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन चल रहा है. संगठन ने आज 7 मई को दिल्ली में बंगला साहिब गुरुद्वारा में शांति पूर्ण प्रोटेस्ट करने का आह्वान किया था, जिसके चलते कई किसान संगठनों के नेता भी दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन विरोध शुरू होते ही दिल्ली पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया.
एसकेएम, बीकेयू समेत कई किसान संगठनों के नेता हिरासत में
किसान नेता लखविंदर औलख ने बताया कि दिल्ली पुलिस 4 बसों में किसानों को बैठाकर अलग-अलग इलाकों में ले जा रही है. उन्होंने बताया कि उनके संगठन भारतीय किसान एकता के कई नेताओं को हिरासत में लिया गया है. जबकि, भारतीय किसान यूनियन शेरे-पंजाब, संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक, हरियाणा किसान संघर्ष मोर्चा समेत कई किसान संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है.
इन नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया
बापू गुरचरण सिंह (जगतार सिंह हवारा के पिता), गुरिंदर सिंह भंगू, लखविंदर सिंह औलख, अंग्रेज सिंह बूटेवाला, करनैल सिंह पंजोली, पाल सिंह फ्रांस, गुरदीप सिंह बठिंडा, अंग्रेज सिंह कोटली, सरदूल सिंह भट्टी, त्रिलोक सिंह खारा, दलजीत सिंह चहल, बलविंदर सिंह काला झाड़ साहिब, सुखविंदर सिंह टोहरा, सुखजीत सिंह को हिरासत में लिया गया है. इसके अलावा 100 अन्य कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है.