Chhattisgarh Grain ATM: राशन लेने के लिए लंबी लाइन, दुकान खुलने का इंतजार और बार-बार चक्कर लगाने की परेशानी अब जल्द बीते दिनों की बात हो सकती है. छत्तीसगढ़ में राशन वितरण व्यवस्था को हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. बिलासपुर के सरकंडा में राज्य के पहले ‘अन्नपूर्ति’ ग्रेन एटीएम की शुरुआत हुई है. बैंक एटीएम की तरह काम करने वाली यह मशीन पैसे नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों को उनका निर्धारित राशन देगी. खास बात यह है कि करीब 25 से 30 सेकंड में 25 किलो तक अनाज मशीन से लिया जा सकता है.
24 घंटे मिलेगा राशन, लाइन में लगने की जरूरत नहीं
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के तकनीकी सहयोग से स्थापित किया है. इसका उद्देश्य राशन वितरण को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है. मशीन चौबीसों घंटे काम करने में सक्षम है, यानी हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार राशन ले सकता है. इस पहल से खासकर उन लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें राशन लेने के लिए काम छोड़कर घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ता है. मशीन से तय मात्रा का अनाज सीधे उपभोक्ता के बैग में भर जाएगा.
ऐसे काम करेगा अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम
ग्रेन एटीएम से राशन लेना काफी आसान रखा गया है. सबसे पहले हितग्राही को मशीन के सामने जाकर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए अपना अंगूठा लगाना होगा. पहचान की पुष्टि होते ही मशीन की स्क्रीन पर राशन कार्ड के अनुसार उपलब्ध अनाज की मात्रा दिखाई देगी. इसके बाद हितग्राही को स्क्रीन पर राशन की मात्रा की पुष्टि करनी होगी. फिर अपना खाली बैग मशीन के डिस्पेंसर के नीचे रखना होगा. ‘डिस्पेंस’ विकल्प दबाते ही निर्धारित मात्रा में अनाज सीधे बैग में भर जाएगा. पूरी प्रक्रिया कुछ ही सेकंड में पूरी हो सकती है.
एक बार में पूरा राशन लेना जरूरी नहीं
इस व्यवस्था की एक और खासियत यह है कि हितग्राही को महीने का पूरा राशन एक साथ लेने की मजबूरी नहीं होगी. उदाहरण के लिए, अगर किसी परिवार के लिए महीने में 35 किलो राशन तय है, तो वह जरूरत के हिसाब से पहले 20 किलो ले सकता है और बचा हुआ 15 किलो बाद में किसी भी दिन प्राप्त कर सकता है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ के किसी भी स्थान का राशन कार्ड इस व्यवस्था में मान्य होगा. इससे दूसरे स्थान पर रहने वाले पात्र हितग्राहियों के लिए भी राशन लेना आसान हो सकेगा.
बिजली जाने पर भी नहीं रुकेगा राशन वितरण
ग्रेन एटीएम में बिजली कटौती से निपटने के लिए हाई-कैपेसिटी UPS बैकअप की सुविधा दी गई है. बिजली चले जाने की स्थिति में भी मशीन कुछ समय तक बैकअप पावर से काम करती रहेगी और राशन वितरण बाधित नहीं होगा. फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तहत बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग में तीन ग्रेन एटीएम लगाए जा रहे हैं. सरकार को उम्मीद है कि इस तकनीक से राशन वितरण में मानवीय गलतियां कम होंगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और कालाबाजारी पर भी लगाम लगाने में मदद मिलेगी. आने वाले समय में यह व्यवस्था राज्य के राशन वितरण सिस्टम को और अधिक स्मार्ट बनाने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है.