खाड़ी देशों में आम निर्यात प्रभावित, फिर भी किसानों को बंपर कमाई की उम्मीद.. प्रशासन की जबरदस्त तैयारी

आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में इस बार आम किसानों को बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है. बंगनपल्ली आम की मांग बढ़ी है, जबकि तोतापुरी किसानों को राहत देने के लिए प्रशासन सक्रिय है. मैंगो पल्प स्टॉक पहले ही बिक चुका है और प्रोसेसिंग यूनिट्स समय पर शुरू होने जा रही हैं.

नोएडा | Updated On: 17 May, 2026 | 07:41 PM

Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के पुराने चित्तूर जिले के आम उत्पादक इस बार के सीजन को लेकर ज्यादा उत्साहित नजर आ रहे हैं. बाजार में आम की मांग बढ़ने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को लेकर बेहतर उम्मीदों से किसानों का भरोसा मजबूत हुआ है. जिला कलेक्टर सुमित कुमार किसानों और जूस फैक्ट्री मालिकों के साथ लगातार बैठक कर रहे हैं, ताकि आम की खरीद सुचारु रूप से हो सके और किसानों को बेहतर दाम मिल सके. इस साल घरेलू बाजार में खासकर बंगनपल्ली आम की मांग काफी बढ़ी है. वहीं खाड़ी देशों को निर्यात प्रभावित होने के कारण प्रशासन तोतापुरी आम किसानों को भी बेहतर कीमत दिलाने की कोशिश कर रहा है.

बागवानी विभाग और उद्योग से जुड़े अनुमान के मुताबिक, इस साल पुराने चित्तूर जिले में करीब 1.1 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में आम की खेती  हो रही है. इसमें अकेले तोतापुरी आम की खेती लगभग 86 हजार हेक्टेयर में की गई है. इससे यह इलाका देश के सबसे बड़े आम और मैंगो पल्प उत्पादन केंद्रों में बना हुआ है.

आम किसानों को घबराने की जरूरत नहीं

जिला कलेक्टर सुमित कुमार ने ‘द न्यू इंडियन एक्सप्रेस’ से कहा कि इस सीजन में आम किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि 80 फीसदी से ज्यादा मैंगो पल्प स्टॉक पहले ही बिक चुका है. उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस बार पल्प की स्थिति काफी बेहतर है और मैंगो प्रोसेसिंग यूनिट्स  समय पर काम शुरू करने के लिए तैयार हैं

बाजार में बेहतर दाम मिलने की उम्मीद

जिला कलेक्टर सुमित कुमार ने कहा कि मैंगो प्रोसेसिंग यूनिट्स ने प्रशासन को भरोसा दिया है कि इस सीजन में तय समय पर प्रोसेसिंग शुरू कर दी जाएगी और किसानों को पूरा सहयोग दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस साल फलों को कीड़ों से बचाने और उनकी गुणवत्ता बेहतर करने के लिए करीब 6.5 करोड़ मैंगो कवर बांटे गए हैं. कलेक्टर के मुताबिक, इस बार रंगदार तोतापुरी आमों को बाजार में बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है.

खरीद को लेकर काफी सकारात्मक हैं

जिला कलेक्टर सुमित कुमार ने कहा कि मैंगो प्रोसेसिंग कंपनियां इस साल के उत्पादन और खरीद को लेकर काफी सकारात्मक हैं. निर्यात में आ रही दिक्कतों को देखते हुए जिला प्रशासन किसानों को राहत देने, प्रोसेसिंग उद्योगों के साथ बेहतर तालमेल बनाने और बाजार की स्थिति स्थिर रखने के लिए लगातार कदम उठा रहा है, ताकि आम किसानों को नुकसान कम से कम हो.

पिछले साल की तुलना में इस बार हालात बेहतर

माधवरम गांव के आम किसान एच रामंजनेयुलु ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस बार हालात बेहतर दिख रहे हैं और किसानों को अच्छे दाम  मिलने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि पेड़ों पर आम के फलों को कवर करने की तकनीक से कीड़ों का नुकसान कम हुआ है और फलों की गुणवत्ता भी बेहतर हुई है. किसान ने कहा कि उन्हें बंगारुपालेम जैसे घरेलू बाजारों में कम से कम न्यूनतम तय कीमत मिलने की उम्मीद है.

Published: 17 May, 2026 | 11:30 PM

Topics: