पंजाब में ग्रामीण की आत्महत्या मामले पर सियासत, राहुल गांधी ने मांगा इस्तीफा, सीएम मान की तीखी टिप्पणी
Farmer Gulzar Singh suicide Punjab: पंजाब में ग्रामीण गुलजार सिंह की आत्महत्या मामले ने तूल पकड़ लिया है. राहुल गांधी ने मामले पर कार्रवाई करने और वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा के इस्तीफे की मांग की है. इस पर सीएम भगवंत मान ने उन्हें लाशों पर सियासत नहीं करने की हिदायत दी है.
पंजाब के संगरूर जिले के दिड़बा विधानसभा में बीते सोमवार को वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के कार्यक्रम में नशे पर सवाल पूछने वाले किसान गुलजार सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों ने मीडिया को बताया कि नशे पर सवाल पूछ जाने के बाद टूर बंजारा गांव में पंचायत हुई थी, जिसमें कुछ लोगों ने मांफी मांगने का दबाव बनाया था. इसके मानसिक रूप से परेशान होकर किसान गुलजार सिंह ने जहरीला पदार्थ खा लिया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मामले में राहुल गांधी ने मंत्री का इस्तीफा मांगा है तो वहीं बीजेपी ने सीबीआई जांच की मांग गवर्नर से की है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लाशों पर राजनीति नहीं करने की हिदायत विपक्ष को दी है.
वित्तमंत्री चीमा से इस्तीफा लें, निष्पक्ष जांच कराएं सीएम मान- राहुल गांधी
पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या मंगलवार को उस समय एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई, जब विपक्ष ने एक किसान की कथित आत्महत्या को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को घेरा. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर एक ग्रामीण की कथित आत्महत्या को लेकर तीखा हमला बोला और मुख्यमंत्री भगवंत मान से तुरंत वित्त मंत्री हरपाल चीमा का इस्तीफा लेने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
धमकियों के कारण ग्रामीण ने की आत्महत्या – एनसीएससी अध्यक्ष का दावा
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) के अध्यक्ष किशोर मकवाना ने बृहस्पतिवार को पंजाब के उस दिहाड़ी मजदूर गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात की, जिसने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी. उन्होंने दावा किया कि सिंह ने ‘धमकियां मिलने’ के कारण यह कदम उठाया. संगरूर जिले के दिरबा निवासी 47 वर्षीय दलित व्यक्ति सिंह की सात सितंबर की रात कथित तौर पर जहर खाने से मौत हो गई थी. उनके परिवार का कहना है कि छह सितंबर को दिरबा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वित्त मंत्री हरपाल चीमा से इलाके में नशीले पदार्थों की आपूर्ति को लेकर सवाल किया था.
पंजाब के लोगों, और खासकर दलितों को, AAP सरकार द्वारा सत्ता के दुरुपयोग को लेकर सतर्क हो जाना चाहिए।
गुलज़ार सिंह जी जो वाल्मीकि समुदाय से थे, उनपर उनके आखिरी दिनों में जो बीती है वो खुद उनके परिवार की, उनकी मां की, उनकी पत्नी की और उनके भाई की ज़ुबानी सुनिए।
जिंदगी में तो… https://t.co/j3DiW28OJz
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 9, 2026
बीजेपी ने गवर्नर से सीबीआई जांच कराने की मांग की
मामले में पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया से हुई मुलाकात पर पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि हमने अपनी मांग साफ कर दी है. हमें पंजाब सरकार की इस बात पर भरोसा नहीं है कि FIR दर्ज हो गई है और कार्रवाई की गई है. हमारी मांग है कि CBI जांच होनी चाहिए.
बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक अश्वनी शर्मा ने कहा कि सरकार ने जिस तरह का रवैया अपनाया है, उसमें एक दलित पिता को जबरदस्ती पीड़ित बनाया गया, सिर्फ इसलिए क्योंकि उन्होंने कहा था कि ड्रग्स को लेकर जो बातें कही जा रही हैं, वे जमीनी स्तर पर नहीं दिख रही हैं और उनका परिवार बर्बाद हो रहा है. उन्हें इतना परेशान किया गया कि उन्होंने अपनी जान दे दी. अपराध की सजा होती है, उसमें कोई समझौता नहीं होता. मुख्यमंत्री को अब तक मंत्री का इस्तीफा ले लेना चाहिए था.
लाशों पर राजनीति न करें राहुल गांधी- सीएम मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विपक्ष पर सियासत करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी लाशों ऊपर राजनीति ना करो. पंजाबी इस तरह की राजनीति को पसंद नहीं करते. सीएम ने कहा कि इस मामले में सभी आरोपियों को परिवार की निशानदेही पर पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया है. पंजाब में नशा फैलाने की जिम्मेदार अकाली, बीजेपी और कांग्रेसी सरकारें रही हैं. मेरी सरकार में किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा.