PHOTOS: दिल दहला देंगी असम बाढ़ की ये तस्वीरें! इंसान से लेकर बेजुबान तक, हर कोई पीड़ित
Assam Floods Photos: असम इस समय पिछले कई सालों की सबसे भयावह बाढ़ की मार झेल रहा है. उफनती नदियों ने हजारों घरों को निगल लिया, खेत पानी में समा गए और लाखों लोगों की जिंदगी पलभर में बदल गई. इस आपदा से सिर्फ इंसान ही नहीं, बल्कि बेजुबान जानवर भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. कहीं लोग अपनी जान बचाने के लिए घंटों पानी में तैरते तख्तों का सहारा लेने को मजबूर हुए, तो कहीं वन्यजीव भी बाढ़ के आगे हार गए. आइए देखते हैं असम की बाढ़ की 6 ऐसी तस्वीरें, जो इस विनाश की गंभीरता को करीब से दिखाती हैं.

शिवसागर में कई परिवारों ने मौत को बेहद करीब से देखा. घंटों तक पानी में तैरते लकड़ी के तख्त और दीवान पर बैठे रहकर उन्होंने अपनी जान बचाई. बाढ़ का पानी उतर गया, लेकिन उनके सपने, घर और वर्षों की मेहनत पलभर में उजड़ गई.

जब गांवों की सड़कें पूरी तरह पानी में समा गईं, तब नाव ही लोगों की एकमात्र उम्मीद बन गई. रोजमर्रा की छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी लोगों को पानी से भरे रास्तों और डूबे हुए वाहनों के बीच संघर्ष करना पड़ा.

हवाई तस्वीरों में बाढ़ की भयावह तस्वीर साफ दिखाई देती है. चारों तरफ फैले पानी के बीच घर छोटे-छोटे टापुओं की तरह नजर आते हैं. यह दृश्य बताता है कि कैसे कुछ ही घंटों में पूरा इलाका पानी की कैद में आ गया.

असम की बाढ़ ने सिर्फ इंसानों का ही नहीं, बल्कि जंगल के बेजुबान जीवों का भी बड़ा नुकसान किया. बाढ़ के पानी में एक सींग वाले गैंडे का शव मिला, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. यह तस्वीर बताती है कि, प्रकृति का कहर वन्यजीवों के लिए कितना विनाशकारी साबित होता है.

बाढ़ के बीच कई पशुपालक अपनी जान की परवाह किए बिना गाय-भैंसों को सुरक्षित जगह पहुंचाने में जुटे रहे. कोई पानी में उतरकर चारा दिखा रहा था, तो कोई मवेशियों को बहते पानी से निकालने की कोशिश कर रहा था. यह नजारा इंसान और उसके पशुओं के अटूट रिश्ते को बयां करता है.

बाढ़ का पानी कम होने के बाद राहत सामग्री जरूर पहुंचने लगी है, लेकिन लोगों की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं. कोई राशन के लिए कतार में खड़ा है, तो कोई अपने पशुओं और बचे हुए सामान को संभालने की कोशिश कर रहा है. असम के हजारों परिवार अब भी सामान्य जिंदगी लौटने का इंतजार कर रहे हैं.