पीएम किसान की राशि बढ़ेगी! अंतर मंत्रालयी बैठक में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे चर्चा

AIKCC सदस्य गुणी प्रकाश ने कहा कि पीएम किसान की राशि बढ़ाने को लेकर केंद्र सरकार से मांग की गई है. कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगामी बैठकों में इस पर चर्चा करने का भरोसा दिया है.

नोएडा | Updated On: 6 Aug, 2026 | 01:31 PM

PM Kisan Samman Nidhi: पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाए जाने को लेकर केंद्र सरकार का सकारात्मक रुख देखने को मिल रहा है. अखिल भारतीय किसान समन्वय समिति (AIKCC) ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री से मुलाकात कर पीएम किसान की राशि बढ़ाने की अपील की है, जिस पर केंद्रीय मंत्री विचार करने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि आगामी कैबिनेट बैठक में पीएम किसान की राशि बढ़ाए जाने पर चर्चा की जाएगी. AIKCC और केंद्रीय एमएसपी कमेटी के सदस्य गुणी प्रकाश ने किसान इंडिया को बताया कि कृषि मंत्री ने पीएम किसान को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है और राशि बढ़ाने का भरोसा दिया है.

पीएम किसान की राशि बढ़ाने को लेकर कृषि मंत्री का सकारात्मक रुख

किसान नेता गुणी प्रकाश ने बताया कि बीते दिन अखिल भारतीय किसान समन्वय समिति (AIKCC) के सदस्यों ने किसानों को मुद्दों को लेकर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की. इस दौरान इथेनॉल के लिए मक्का और चावल, फसलों के उचित दाम, उपज बिक्री के लिए मंडियों के अलावा वैकल्पिक व्यवस्था बनाने समेत कई मांगों पर चर्चा की गई. इस दौरान  पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाने की अपील भी कृषि मंत्री से की गई है.

अंतर मंत्रालयी और कैबिनेट बैठक में राशि बढ़ाने पर होगी चर्चा

AIKCC और केंद्रीय एमएसपी कमेटी के सदस्य गुणी प्रकाश ने बताया कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाने को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है और आगामी अंतर मंत्रालयी बैठक में इस पर चर्चा करने का भरोसा दिया है. इसके बाद कैबिनेट बैठक में भी योजना की राशि बढ़ोत्तरी पर चर्चा की जाएगी. किसान नेता ने कहा कि अगले 15 दिनों के भीतर पीएम किसान की राशि बढ़ोत्तर पर सरकार बड़ा निर्णय ले सकती है.

AIKCC के सदस्य गुणी प्रकाश और अन्य ने कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट की.

पीएम किसान 2031 तक जारी रखने का निर्णय ले चुकी सरकार

गौरतलब है कि बीते सप्ताह मोदी कैबिनेट ने कई अहम फैसले लिए हैं, जिनमें महत्वाकांक्षी योजना पीएम किसान सम्मान निधि को आगे भी 5 साल तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है. PM-KISAN स्कीम को फाइनेंशियल ईयर 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने को मंजूरी दी है. अगले 5 सालों के लिए 3,15,614 करोड़ रुपये का प्रस्तावित खर्च निर्धारित किया गया है. उन्होंने कहा कि PM-KISAN सभी जमीन वाले किसान परिवारों को इनकम सपोर्ट देता है, जो ऑपरेशनल गाइडलाइंस में एक्सक्लूजन क्राइटेरिया के अधीन है.

पीएम किसान की राशि नहीं बढ़ने से किसानों में नाराजगी

किसान नेता गुणी प्रकाश ने कहा कि योजना की शुरुआत 7 साल पहले हुई थी, तब से राशि नहीं बढ़ाई गई है. जबकि, कृषि वस्तुओं की महंगाई लगातार बढ़ रही है. इससे किसानों में नाराजगी है और लंबे समय से राशि बढ़ाने की मांग की जा रही है. पूर्व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाने की सिफारिश कर चुके हैं. बता दें कि हर पात्र किसान परिवार को योजना के तहत हर साल 6000 रुपये दिए जाते हैं. इसके तहत 2000 रुपये की तीन किस्तों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए रकम सीधे किसानों के बैंक खातो में क्रेडिट की जाती है.

किसान सम्मान निधि से 85 फीसदी किसानों पर कर्ज का बोझ घटा

केंद्र सरकार ने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री ने पीएम किसान योजना के जरिए पिछले पांच सालों में किसानों को कुल मिलाकर लगभग 3.10 लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं. यह पहल आगे भी जारी रहेगी. इस योजना की वजह से 85 फीसदी किसानों पर कर्ज का बोझ कम हुआ है. यह योजना किसानों के लिए आर्थिक रूप से मजबूती देने वाली साबित हुई है.

 

Published: 6 Aug, 2026 | 01:24 PM

Topics: