पीएम किसान को लेकर बड़ा अपडेट, 23वीं किस्त से पहले पूरा कर लें ये जरूरी काम.. वरना नहीं मिलेगा लाभ

यूनिक फार्मर आईडी बनवाने की प्रक्रिया को आसान रखा गया है, ताकि गांव के किसान भी इसे आसानी से बना सकें. किसान अपने राज्य के एग्रीस्टैक पोर्टल या नजदीकी कृषि विभाग के दफ्तर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और जमीन के जरूरी कागज होना जरूरी है.

नोएडा | Updated On: 6 Apr, 2026 | 07:09 PM

PM Kisan: बीते मार्च महीने में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan) की 22वीं किस्त जारी किए जाने के बाद अब देशभर के किसान 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन 23वीं किस्त जारी होने से पहले किसान फार्मर आईडी जरूर बनवा लें. वरना 23वीं किस्त की राशि उनके खाते में नहीं पहुंच सकती है. दरअसल, पीएम किसान योजना में पारदर्शिता बढ़ाने और धोखाधड़ी रोकने के लिए सरकार ने ‘फार्मर रजिस्ट्री’ यानी यूनिक फार्मर आईडी को अनिवार्य कर दिया है. यह एक डिजिटल पहचान कार्ड होगा, जो किसान की सही पहचान सुनिश्चित करेगा. यानी अब योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को यह आईडी बनवाना जरूरी होगा. फिलहाल आंध्र प्रदेश, तेलंगाना समेत देश के 14 राज्यों में इसे सख्ती से लागू किया जा रहा है, ताकि केवल पात्र किसानों तक ही योजना का फायदा पहुंच सके.

यह यूनिक फार्मर आईडी किसानों के लिए एक डिजिटल पहचान के रूप में काम करेगी, जिसमें उनकी जमीन और फसल से जुड़ी पूरी जानकारी दर्ज होगी. इस कार्ड के जरिए किसान आसानी से खाद सब्सिडी, बीज, फसल बीमा  जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे. इसमें पशुपालन और उर्वरक इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी भी शामिल होगी, जिससे किसानों को सुविधाएं पाने में आसानी होगी.

यूनिक फार्मर आईडी बनवाने की क्या है प्रक्रिया

यूनिक फार्मर आईडी बनवाने की प्रक्रिया को आसान रखा गया है, ताकि गांव के किसान भी इसे आसानी से बना सकें. किसान अपने राज्य के एग्रीस्टैक पोर्टल या नजदीकी कृषि विभाग के दफ्तर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और जमीन के जरूरी कागज होना जरूरी है. सरकार ने पीएम किसान योजना के पात्रता नियम पहले से ज्यादा सख्त कर दिए हैं. नए नियमों के मुताबिक, जिन किसानों ने 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदी है, उन्हें अब योजना का लाभ नहीं मिलेगा. इसके अलावा, एक ही परिवार में पति-पत्नी या पिता-पुत्र द्वारा अलग-अलग किस्त लेने के मामलों की भी अब कड़ी जांच की जा रही है, ताकि गलत तरीके से फायदा लेने वालों पर रोक लगाई जा सके.

लाभार्थी सूची में नाम जरूर जांचें

पीएम किसान की 23वीं किस्त आने से पहले किसानों को अपनी लाभार्थी सूची  में नाम जरूर जांच लेना चाहिए, क्योंकि नाम होने पर ही पैसा मिलेगा. किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘फार्मर्स कॉर्नर’ में राज्य और जिले का चयन करके बेनिफिशियरी लिस्ट देख सकते हैं. इसके अलावा ‘Know Your Status’ विकल्प से यह भी पता लगाया जा सकता है कि पिछली किस्त का भुगतान सही तरीके से हुआ है या खाते में कोई समस्या है.

कब जारी होगी 23वीं किस्त

पीएम किसान योजना के तहत किसानों को हर चार महीने में आर्थिक मदद दी जाती है. क्योंकि 22वीं किस्त मार्च में जारी हुई थी, इसलिए 23वीं किस्त  जून या जुलाई 2026 के बीच आने की संभावना है. अगर किसी किसान को आवेदन या जानकारी अपडेट करने में दिक्कत होती है, तो वे विभाग की आधिकारिक हेल्पलाइन या पोर्टल के जरिए आसानी से मदद ले सकते हैं.

PM किसान लाभार्थी सूची में नाम कैसे देखें

Published: 6 Apr, 2026 | 07:07 PM

Topics: