PM Kisan: कब जारी होगी 22वीं किस्त, किसानों को बेसब्री से इंतजार.. योजना के पैसे से करते सब्जी की बुवाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को तमिलनाडु के कोयंबटूर में 21वीं किस्त जारी की थी. इस दौरान 9 करोड़ से अधिक किसानों को कुल 18,000 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई. अब तक 21 किस्तों के जरिए इस योजना के तहत 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा राशि किसानों को दी जा चुकी है.
PM Kisan Yojana: किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही है. इनमें से एक प्रमुख योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) है. इस योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए तीन किस्तों में दी जाती है. अब तक सरकार 21 किस्तें जारी कर चुकी है. अब किसान 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, अभी तक सरकार की तरफ से तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है. लेकिन कहा जा रहा है कि मार्च महीने में कभी भी 22वीं किस्त जारी की जा सकती है. वहीं, बिहार के किसानों का कहना है कि सरकार होली से पहले 22वीं किस्त जारी कर देती तो ज्यादा अच्छा रहता.
बिहार के पटना जिला स्थिति जलपुरा गांव के किसान कृष्ण मुरारी शर्मा का कहना है कि वे पिछले एक महीने से 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन अभी तक सरकार ने तारीखों का ऐलान नहीं किया है. अगर सरकार फरवरी महीने में 22वीं किस्त जारी कर देती, तो वे योजना के पैसे से सब्जियों की बुवाई समय पर कर पाते. लेकिन अब बहुत देर हो रही है. इसलिए सरकार को होली से पहले 22वीं किस्त जारी कर देनी चाहिए.
19 नवंबर को तमिलनाडु के कोयंबटूर में 21वीं किस्त जारी की थी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को तमिलनाडु के कोयंबटूर में 21वीं किस्त जारी की थी. इस दौरान 9 करोड़ से अधिक किसानों को कुल 18,000 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई. अब तक 21 किस्तों के जरिए इस योजना के तहत 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा राशि किसानों को दी जा चुकी है. दरअसल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर चार महीने में 2,000 रुपये मिलते हैं, यानी सालभर में कुल 6,000 रुपये. यह राशि तीन किस्तों- अप्रैल-जुलाई, अगस्त-नवंबर और दिसंबर-मार्च में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है.
कब जारी होगी 22वीं किस्त
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, योजना की 22वीं किस्त मार्च 2026 में जारी हो सकती है, हालांकि सरकार ने अभी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है. इस बीच किसानों के लिए जरूरी है कि वे अपनी पात्रता जांच लें, ई-केवाईसी पूरा करें, लाभार्थी सूची में अपना नाम देखें और अगर अब तक आवेदन नहीं किया है तो जल्द आवेदन कर लें.
पीएम किसान योजना के लिए कौन पात्र है?
- वह भारत का नागरिक हो.
- उसके पास खेती योग्य जमीन हो.
- वह छोटा या सीमांत किसान हो.
- उसे हर महीने 10,000 रुपये या उससे अधिक पेंशन न मिलती हो.
- उसने आयकर रिटर्न दाखिल न किया हो.
- वह किसी संस्था या संस्थागत जमीन का मालिक न हो.
पीएम किसान योजना की किस्त पाने के लिए किसानों को ई-केवाईसी (e-KYC) कराना जरूरी है. योजना की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, सभी पंजीकृत किसानों के लिए e-KYC अनिवार्य है. किसान पीएम किसान पोर्टल पर ओटीपी के जरिए e-KYC कर सकते हैं या फिर नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर बायोमेट्रिक e-KYC करवा सकते हैं.
लाभार्थी स्टेटस कैसे चेक करें?
इसके लिए pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाएं और ‘Know Your Status’ विकल्प पर क्लिक करें. अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड भरकर ‘Get Data’ पर क्लिक करें. आपकी स्थिति स्क्रीन पर दिख जाएगी.
लाभार्थी सूची में नाम कैसे देखें?
वेबसाइट पर जाकर ‘Beneficiary List’ पर क्लिक करें. फिर राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव चुनकर ‘Get Report’ पर क्लिक करें. इसके बाद सूची स्क्रीन पर आ जाएगी. अगर किसान चाहें, तो किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155261 या 011-24300606 पर भी संपर्क कर सकते हैं.
पीएम किसान योजना में आवेदन कैसे करें?
वेबसाइट पर जाकर ‘New Farmer Registration’ पर क्लिक करें. अपना आधार नंबर और कैप्चा भरें, जरूरी जानकारी दर्ज करें और फॉर्म सबमिट करें. फॉर्म सेव कर उसका प्रिंट अपने पास रख लें.