होली पर किसानों को फिर मिलेगा कृषि यंत्रों का तोहफा, 80 फीसदी छूट के साथ खरीदें.. ऐसे करें आवेदन    

Krishi Yantra Subsidy Yojana: होली से पहले किसानों को तोहफा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने सब्सिडी पर कृषि यंत्र देने के लिए फिर से बुकिंग विंडो खोल दी है. योगी सरकार ने किसानों से कहा है कि वह छूट पर दिए जा रहे कृषि ड्रोन, ट्रैक्टर, हैरो-कल्टीवेटर समेत अन्य जरूरी कृषि यंत्रों को पाने के लिए आवेदन कर दें.

नोएडा | Updated On: 27 Feb, 2026 | 12:16 PM

Uttar Pradesh Farm Machinery Subsidy Scheme: योगी सरकार होली पर किसानों के जीवन में ‘समृद्धि’ का रंग घोलेगी. उप्र कृषि विभाग की ओर से त्योहार पर किसानों को कृषि यंत्र का तोहफा देने की पहल की गई है. सरकार ने कृषि यंत्रों पर 80 फीसदी तक छूट देने का ऐलान किया है. अनुदान पर मिलने वाले कृषि यंत्रों के लिए बुकिंग शुरू कर दी गई, जो चार मार्च तक चलेगी. वहीं,  वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनवरी तक 7777 कृषि यंत्रों की किसानों ने बुकिंग की है. इसके अलावा 51 कस्टम हायरिंग सेंटर और 64 फार्म मशीनरी बैंक बनाने के बिल पोर्टल पर किसानों की ओर से अपलोड किए जा चुके हैं.

4 मार्च तक इन यंत्रों के लिए आवेदन कर सकते हैं किसान

उत्तर प्रदेश कृषि विभाग की ओर से संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन, अन्य एकल कृषि यंत्र तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेज्ड्यू योजना के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन के अन्य एकल कृषि यंत्र एवं अन्य योजनाओं के कृषि यंत्र, कृषि रक्षा उपकरण के आवेदन 4 मार्च तक किए जा सकते हैं. त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत बैच ड्रायर एवं मेज सेलर के लिए आवेदन कर सकते हैं.

ऑनलाइन करनी होगी बुकिंग

किसान कृषि यंत्रों की बुकिंग या आवेदन विभाग की वेबसाइट www.agridarshan.up.gov.in पर ऑनलाइन कर सकते हैं. इस लिंक पर किसान कॉर्नर के अंतर्गत यंत्र बुकिंग प्रारंभ पर क्लिक कर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है. यंत्रों से जुड़ी समस्त जानकारी व अनुदान प्रक्रिया पर इस वेबसाइट पर उपलब्ध है. लाभार्थियों का चयन, बुकिंग टोकन कन्फर्म होने की तिथि से कृषि यंत्र खरीद कर उसकी रसीद व फोटो 10 दिन के भीतर www.agridarshan.up.gov.in या upyantratraking.in अपलोड करना होगा.

2017 से 2025 तक लगभग तीन लाख कृषि यंत्रों की बिक्री

कृषि विभाग के अनुसार 2017-18 से 2025 तक उत्तर प्रदेश में लगभग तीन लाख कृषि यंत्रों का वितरण किया गया. इसमें 2.31 लाख एकल कृषि यंत्र, 8405 कस्टम हायरिंग सेंटर, 7351 फॉर्म मशीनरी बैंक आदि प्रमुख हैं. वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जनवरी तक 7777 कृषि यंत्र, 51 कस्टम हायरिंग सेंटर एवं 64 फार्म मशीनरी बैंक स्थापित के बिल पोर्टल पर अपलोड हुए.

Published: 27 Feb, 2026 | 11:17 AM

Topics: