मॉनसून ने फिर पकड़ी रफ्तार! दिल्ली-UP से बिहार तक.. कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Weather Update: देश के कई राज्यों में मॉनसून फिर सक्रिय हो गया है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है. पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 31 Aug, 2026 | 07:11 AM

Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है. इसके चलते आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पहाड़ी राज्यों और मध्य भारत के कई इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम में यह बदलाव कई सक्रिय मौसमी प्रणालियों की वजह से हो रहा है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत हुआ है.

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश

उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल और उत्तर ओडिशा के तटीय क्षेत्र में बना कम दबाव का क्षेत्र अब मजबूत हो गया है. इसके अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है. इसके असर से उत्तर ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और जम्मू क्षेत्र के आसपास पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है. ऐसे में पहाड़ी इलाकों में भी बारिश का दौर बना रह सकता है.

दिल्ली में बादल, गर्मी से राहत की उम्मीद

दिल्ली में अगले दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य से कुछ ज्यादा रह सकता है. राजधानी में दक्षिण-पश्चिम दिशा से हवाएं चलेंगी. सुबह और शाम के समय हवा की गति करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

यूपी में कई दिन बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. पश्चिमी हिस्सों में कई जगह बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं 31 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश का खतरा है. इसके बाद 1 से 5 सितंबर के बीच भी पूर्वी यूपी में कई जगह बारिश और कुछ इलाकों में भारी वर्षा हो सकती है.

बिहार में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं

बिहार में भी 31 अगस्त से मौसम में तेजी आने की संभावना है. राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. 1 से 5 सितंबर के बीच तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और झोंकों के दौरान यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 31 अगस्त को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है.

पहाड़ों में भी बरसेंगे बादल

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. हिमाचल प्रदेश में 31 अगस्त से 5 सितंबर तक बारिश के आसार हैं और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में भी इस दौरान कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. जम्मू-कश्मीर और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में 31 अगस्त से 2 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मॉनसून

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बारिश का दौर बना रहेगा. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 31 अगस्त और 1 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 2 से 5 सितंबर के बीच बारिश का दायरा बढ़ सकता है. पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई जगह भारी बारिश होने का अनुमान है. खासकर 31 अगस्त को छत्तीसगढ़ में अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई गई है. इन इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर भी सावधानी जरूरी होगी.

पूर्वोत्तर में भारी बारिश का दौर

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 अगस्त से 5 सितंबर के बीच कई जगह बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 31 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है. असम और मेघालय में भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 से 5 सितंबर के बीच बारिश बढ़ सकती है.

दक्षिण भारत में भी बारिश और तेज हवाएं

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है. आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 31 अगस्त से 2 सितंबर के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर झोंकों के साथ हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, तेज हवाओं और बिजली गिरने जैसी स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना जरूरी रहेगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़