आंधी के साथ तेज बारिश का अलर्ट, 19 राज्यों में मौसम का दिखेगा तांडव.. घर से न निकलें बाहर

वेदर एक्सपर्ट डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के साथ-साथ इनके तराई वाले इलाकों में बारिश की पूरी संभावना  है. दक्षिण भारत के तटीय और आंतरिक क्षेत्रों, जैसे बंगाल से लेकर केरल और कर्नाटक तक भी बारिश हो सकती है. उन्होंने बताया कि एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर पहाड़ी इलाकों में दिखेगा, जिससे 4 और 5 मई को देश के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है.

नोएडा | Updated On: 4 May, 2026 | 07:11 AM

Weather Updates: भीषण गर्मी और लू से जल्द राहत मिलने वाली है. भारीतय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 मई को देश के कई हिस्सों में तेज मौसम बदलाव की चेतावनी जारी की है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के साथ तमिलनाडु और कर्नाटक समेत 19 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई जगहों पर गरज-चमक व बिजली गिरने की भी संभावना है. खासकर पूर्वी भारत में बिजली गिरने की भी संभावना ज्यादा है.

हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में रविवार रात को बारिश हुई. इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं. इससे मौसम सुहाना हो गया. लोगों को गर्मी से राहत मिली. आज दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे मेरठ, वाराणसी और प्रयागराज में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना  है, जहां हवा की रफ्तार 50- 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. लखनऊ में तापमान 29 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इसी तरह बिहार के पटना समेत कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. झारखंड में भी मध्यम से तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी तेज बारिश के साथ 60- 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

4 और 5 मई को देश के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है

वेदर एक्सपर्ट डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के साथ-साथ इनके तराई वाले इलाकों में बारिश की पूरी संभावना  है. दक्षिण भारत के तटीय और आंतरिक क्षेत्रों, जैसे बंगाल से लेकर केरल और कर्नाटक तक भी बारिश हो सकती है. उन्होंने बताया कि एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर पहाड़ी इलाकों में दिखेगा, जिससे 4 और 5 मई को देश के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है. यह ज्यादातर प्री-मॉनसून की बारिश होती है, जो आमतौर पर शाम के समय होती है.

बुंदेलखंड में भी बारिश के आसार हैं

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत, पहाड़ी राज्यों, मध्य प्रदेश और बुंदेलखंड में भी बारिश के आसार हैं. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना है. अलग-अलग इलाकों में बने चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है.

मछुआरों को खास सतर्क रहने की सलाह

मौसम को देखते हुए किसानों, मछुआरों और नदी या बांध के आसपास रहने वाले लोगों को खास सतर्क रहने की सलाह  दी गई है. बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और बाहर जाने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें, क्योंकि हालात तेजी से बदल सकते हैं. वहीं, राजस्थान में मौसम एक बार फिर खराब होने वाला है. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 4 मई को सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा. इस दिन प्रदेश के सभी 33 जिलों में बारिश, आंधी, मेघगर्जना और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. स्थिति को गंभीर मानते हुए मौसम विभाग ने 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है. इन इलाकों में तेज आंधी 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. साथ ही धूलभरी हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.

 

 

Published: 4 May, 2026 | 07:08 AM

Topics: