दिल्ली-यूपी-बिहार में गर्मी का टॉर्चर जारी, लेकिन जल्द मिलेगी राहत… IMD ने जारी किया अलर्ट
Today Weather: दिल्ली से लेकर बिहार, राजस्थान और ओडिशा तक तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है. लेकिन अब राहत की उम्मीद भी दिखाई दे रही है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है.
Today Weather: देशभर में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है. दिल्ली से लेकर बिहार, राजस्थान और ओडिशा तक तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है. लेकिन अब राहत की उम्मीद भी दिखाई दे रही है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को कुछ राहत मिल सकती है. चलिए जानते हैं राज्यवार मौसम का हाल, कि कहां कितनी गर्मी है और कहां राहत मिलने वाली है.
दिल्ली-एनसीआर में झुलसाने वाली गर्मी, जल्द आंशिक राहत
दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों तेज गर्मी और लू का असर लगातार बना हुआ है. यहां तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को दोपहर में सावधानी बरतने की सलाह दी है. 24 और 25 अप्रैल को भी गर्मी का यही हाल रहने की संभावना है, लेकिन 26 अप्रैल से हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं और तापमान थोड़ा कम होकर 42 डिग्री के आसपास आ सकता है. 27 और 28 अप्रैल को भी बादलों की मौजूदगी से हल्की राहत मिल सकती है.
उत्तर प्रदेश में लू का असर, बाद में बारिश की उम्मीद
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. खासकर पूर्वी यूपी में लू चलने की संभावना है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में भी तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है. लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और मेरठ जैसे शहरों में तापमान 40 से 44 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. हालांकि राहत की बात यह है कि 28 और 29 अप्रैल को मौसम बदल सकता है. इन दिनों कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी.
बिहार में पहले लू, फिर तूफान और बारिश
बिहार में 24 और 25 अप्रैल तक लू का असर देखने को मिलेगा. इस दौरान पटना, गया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों में गर्मी लोगों को परेशान करेगी. लेकिन 25 अप्रैल के बाद मौसम करवट ले सकता है. कई जिलों में आंधी, तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है. हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.
मुख्य बिंदु
(i) उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में और मध्य भारत में अगले 4-5 दिनों के दौरान और पूर्वी भारत में अगले 2-3 दिनों के दौरान उष्ण लहर चलने की संभावना है।
(ii) उत्तर-पूर्व और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में इस सप्ताह के दौरान गरज और बिजली के साथ छिटपुट से लेकर… pic.twitter.com/ewU06qmxZR
— India Meteorological Department (@Indiametdept) April 23, 2026
राजस्थान में बढ़ती गर्मी, अभी राहत दूर
राजस्थान में गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा. यहां तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है और आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है. उत्तर और पश्चिमी राजस्थान में हीट वेव की चेतावनी दी गई है. जोधपुर और आसपास के क्षेत्रों में धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है. फिलहाल यहां बारिश की कोई खास उम्मीद नहीं दिख रही है.
पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी का असर
पंजाब और हरियाणा में भी लोग गर्मी से परेशान हैं. बठिंडा में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच चुका है, जबकि रोहतक में 43 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया है. लुधियाना, पटियाला और अमृतसर जैसे शहरों में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है. चंडीगढ़ में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है और तापमान करीब 40 डिग्री तक है.
उत्तराखंड में बारिश से राहत के आसार
उत्तराखंड के लोगों के लिए राहत की खबर है. यहां 25 से 29 अप्रैल के बीच कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में मौसम सुहावना हो सकता है. पहाड़ी इलाकों में कुछ जगहों पर बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी.
हिमाचल प्रदेश में भी बदलेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में भी 24 से 29 अप्रैल के बीच मौसम बदलने की संभावना है. शिमला, मनाली, धर्मशाला, मंडी और कुल्लू में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है, जिससे मौसम ठंडा हो जाएगा.
ओडिशा में गर्मी का कहर जारी
ओडिशा में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं. राज्य के कई इलाकों में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है. हालात इतने गंभीर हैं कि कुछ जिलों में स्कूलों की छुट्टियां भी बढ़ा दी गई हैं.
झारखंड में बारिश से बदलेगा मौसम
झारखंड में शुरुआत में तापमान 38 से 40 डिग्री तक बना रहेगा, लेकिन 26 अप्रैल के बाद मौसम बदल सकता है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी.
केरल में गर्मी और उमस से परेशानी
केरल में भी गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है. कुछ जिलों में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पलक्कड़, कोल्लम और त्रिशूर में तापमान 40 से 41 डिग्री तक पहुंच सकता है. बाकी जिलों में भी गर्मी सामान्य से ज्यादा बनी रहेगी.