IMD की बड़ी चेतावनी: 1 अप्रैल को 19 राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं. खासकर 1 अप्रैल को दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है, जहां हवाएं करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.
Today weather: देश में बेमौसम बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक बार फिर मौसम ने करवट ली है और इसका असर पूरे भारत में देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने 1 अप्रैल 2026 के लिए 19 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं.
इस बार खास चिंता की बात यह है कि पूर्वी भारत के राज्यों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. वहीं किसानों को खास तौर पर सावधान रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि यह मौसम उनकी खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है.
मौसम विभाग की चेतावनी और बढ़ता खतरा
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं. खासकर 1 अप्रैल को दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है, जहां हवाएं करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.
इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कई हिस्सों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है. इन क्षेत्रों में बारिश के साथ तूफानी हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
आज का तापमान
उत्तर भारत में मौसम का असर
उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे सहारनपुर, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, कानपुर और लखनऊ में 1 से 3 अप्रैल के बीच तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
हरियाणा और पंजाब में भी 1 और 2 अप्रैल के दौरान बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा. गुरुग्राम, हिसार, अमृतसर, लुधियाना और जालंधर जैसे शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 3 और 4 अप्रैल को भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे पहाड़ी इलाकों में यात्रा करना जोखिम भरा हो सकता है.
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव में, उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है, जिसका चरम गतिविधि 03 और 04 अप्रैल 2026 को रहेगा। 03 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में तथा 03 और 04 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं… pic.twitter.com/fUW20zwx8p
— India Meteorological Department (@Indiametdept) March 31, 2026
पूर्वी भारत में सबसे ज्यादा असर
पूर्वी भारत के राज्यों में इस बार मौसम का असर ज्यादा गंभीर हो सकता है. बिहार के कई जिलों जैसे पटना, गया, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में 1 और 6 अप्रैल को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.
झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है, जो कई जगहों पर नुकसान पहुंचा सकती है.
मध्य भारत और पश्चिमी राज्यों की स्थिति
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौसम बदला हुआ रहेगा. यहां 1 से 2 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है.
राजस्थान के कई जिलों जैसे जयपुर, अजमेर और जैसलमेर में 2 से 4 अप्रैल के बीच बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. वहीं गुजरात और महाराष्ट्र में भी 2 से 4 अप्रैल के बीच मौसम खराब रहने वाला है. तटीय महाराष्ट्र में बिजली गिरने का खतरा है, जबकि मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में ओलावृष्टि हो सकती है.
दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम
दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम पूरी तरह शांत नहीं रहेगा. तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में 1 से 4 अप्रैल के बीच बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे स्थानीय स्तर पर नुकसान हो सकता है.
किसानों और आम लोगों के लिए जरूरी सलाह
इस बदलते मौसम को देखते हुए किसानों को खास सतर्क रहने की जरूरत है. खुले खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. खड़ी फसलों को भी इस मौसम से नुकसान हो सकता है, इसलिए जहां संभव हो वहां सुरक्षा के उपाय अपनाने जरूरी हैं.
आम लोगों को भी खराब मौसम के दौरान बाहर निकलने से बचना चाहिए और यात्रा से पहले मौसम की जानकारी जरूर लेनी चाहिए, खासकर पहाड़ी इलाकों में जाने से पहले.