45 डिग्री तक पहुंचा पारा, लेकिन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से मिलेगी राहत… कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

Today Weather: भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने थोड़ी राहत की खबर दी है. अगले 24 से 36 घंटों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदलने की संभावना है. हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में बादल आना शुरू हो सकते हैं और धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है.

नई दिल्ली | Published: 25 Apr, 2026 | 06:58 AM

Today Weather: देशभर में इस समय मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है, एक तरफ तेज गर्मी और लू का प्रकोप, तो दूसरी ओर कई राज्यों में आंधी-बारिश और बदलते मौसम के संकेत. तापमान कई जगह 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. लेकिन मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी सिस्टम के कारण कई राज्यों में मौसम बदल सकता है.

उत्तर प्रदेश: भीषण गर्मी के बाद बारिश से राहत के आसार

उत्तर प्रदेश में इस समय गर्मी अपने चरम पर है. राज्य के करीब 60 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट जारी है और कई जगह तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है. हालांकि, मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि 26 से 30 अप्रैल के बीच मौसम में बदलाव आएगा. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है और हल्की बारिश भी हो सकती है. साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है. इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है.

बिहार: लू के बीच तेज बारिश और ओले का अलर्ट

बिहार में भी गर्मी और लू का असर लगातार बना हुआ है. कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल से मौसम बदलना शुरू होगा और अगले 4-5 दिनों तक बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे. 27 अप्रैल से राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. शिवहर, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.

राजस्थान: 44.5 डिग्री तक पहुंचा पारा

राजस्थान में गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ रहा है. गंगानगर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, 25 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम में बदलाव आएगा. पश्चिमी और उत्तरी जिलों में 26 से 28 अप्रैल के बीच धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.

दिल्ली-एनसीआर: 43 डिग्री के आसपास तापमान

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी जारी है और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है. न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल को तेज गर्म हवाएं चलेंगी, लेकिन 26 अप्रैल से मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. रविवार से मंगलवार के बीच आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि तापमान में ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है. वहीं, हवा की गुणवत्ता भी खराब बनी हुई है, जहां कुछ इलाकों में AQI 320 से 360 के बीच दर्ज किया गया.

उत्तराखंड: बारिश और बर्फबारी से मिलेगी राहत

उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है. कई जगहों पर तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हुई हैं, जिससे गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अगले 3 दिनों तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. देहरादून, नैनीताल और टिहरी में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में गिरावट आएगी.

हिमाचल प्रदेश: पहाड़ों पर बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बदल गया है. शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में 25 अप्रैल से बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों जैसे किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बर्फबारी हो सकती है. इससे मैदानी क्षेत्रों में भी गर्मी से कुछ राहत मिलेगी.

पूर्वोत्तर भारत: तेज बारिश और तूफान का अलर्ट

पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम पूरी तरह सक्रिय है. असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मेघालय और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. यहां 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

दक्षिण भारत: प्री-मानसून बारिश के संकेत

दक्षिण भारत में एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम बदल रहा है. केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में अगले 48 घंटे के दौरान मध्यम स्तर की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है. इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात में भी हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है.

आज का तापमान

शहर का नाम न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान
दिल्ली 26°C 43°C
चंडीगढ़ 25°C 39°C
मुंबई 28°C 34°C
भोपाल 27°C 40°C
जयपुर 27°C 40°C
चेन्नई 28°C 34°C
बेंगलुरु 22°C 35°C
कोलकाता 27°C 38°C
रांची 24°C 38°C
पटना 27°C 41°C
लखनऊ 27°C 42°C
देहरादून 20°C 32°C
शिमला 15°C 27°C
कश्मीर 10°C 20°C

Topics: