बारिश से मिली राहत के बाद अब बढ़ेगी गर्मी, कई राज्यों में लू और आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही अब मौसम साफ होने लगा है और आने वाले दिनों में तापमान फिर तेजी से बढ़ेगा. देश के कई हिस्सों में मौसम अलग-अलग रूप दिखा रहा है. कहीं बारिश और बर्फबारी का असर है तो कहीं तेज धूप और लू की तैयारी शुरू हो चुकी है.

नई दिल्ली | Published: 11 Apr, 2026 | 06:58 AM

Today weather: उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से आंधी और बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई और लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिली. लेकिन अब यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही अब मौसम साफ होने लगा है और आने वाले दिनों में तापमान फिर तेजी से बढ़ेगा.

देश के कई हिस्सों में मौसम अलग-अलग रूप दिखा रहा है. कहीं बारिश और बर्फबारी का असर है तो कहीं तेज धूप और लू की तैयारी शुरू हो चुकी है. ऐसे में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से काफी अहम रहने वाले हैं.

उत्तर प्रदेश का मौसम

उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम थोड़ा नरम बना हुआ है. हाल ही में हुई बारिश और हवाओं के कारण गर्मी से राहत मिली है. लेकिन अब मौसम साफ हो रहा है और तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है. अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन बादलों की हल्की आवाजाही बनी रह सकती है.

11 अप्रैल के बाद कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ेगा. प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, आगरा और मेरठ जैसे शहरों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है. लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.

बिहार का मौसम

बिहार में भी पिछले दिनों की बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन अब यह राहत खत्म होती दिख रही है. मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी होगी और धूप का असर बढ़ेगा. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और अन्य जिलों में गर्मी धीरे-धीरे तेज होगी. 11 अप्रैल को पटना का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने की संभावना है. सप्ताह के अंत तक कुछ इलाकों में लू जैसी स्थिति भी बन सकती है.

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बादल छंट चुके हैं और अब मौसम शुष्क हो गया है. हवाओं की गति बढ़ने से धूल भरी आंधी चल सकती है, जिससे परेशानी हो सकती है. अगले कुछ दिनों में तापमान 32 से 35 डिग्री तक पहुंच सकता है. हालांकि, एक अच्छी बात यह है कि प्रदूषण स्तर में सुधार हुआ है और AQI करीब 140 के आसपास यानी मध्यम श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है.

उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम अभी भी सक्रिय बना हुआ है. अगले 24 घंटे में तेज हवाओं के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जैसे जिलों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. वहीं मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने के साथ तापमान बढ़ेगा.

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है. शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है. मनाली में तापमान बेहद कम रह सकता है, जहां अधिकतम 2 डिग्री और न्यूनतम माइनस 8 डिग्री तक जा सकता है. हालांकि, 13 अप्रैल के बाद मौसम के साफ होने की उम्मीद है.

जम्मू-कश्मीर का मौसम

जम्मू-कश्मीर में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है. श्रीनगर समेत कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है. अनंतनाग, बारामूला और पुलवामा जैसे जिलों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

शहर अधिकतम तापमान (11 अप्रैल)
न्यूनतम तापमान (11 अप्रैल)
दिल्ली 33°C 20°C
मुंबई 32°C 26°C
चेन्नई 33°C 27°C
कोलकाता 34°C 24°C
लखनऊ 35°C 22°C
पटना 34°C 22°C
रांची 32°C 21°C
भोपाल 36°C 23°C
जयपुर 35°C 22°C
शिमला 19°C 08°C
नैनीताल 24°C 13°C

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में अब बारिश से राहत मिल चुकी है और मौसम साफ हो गया है. इसके साथ ही तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है. गुरुग्राम, रोहतक, हिसार और करनाल जैसे जिलों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ेगी और लोगों को गर्मी का असर महसूस होने लगेगा.

पंजाब का मौसम

पंजाब में भी मौसम साफ रहने वाला है और बारिश की कोई संभावना नहीं है. अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा और चंडीगढ़ जैसे शहरों में तापमान बढ़ेगा और गर्मी का असर तेज होने लगेगा. आने वाले दिनों में यहां भी लू जैसी स्थिति बन सकती है.

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में गर्मी अब अपने तेवर दिखाने लगी है. जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर और बीकानेर जैसे इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ेगा. यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है और आने वाले दिनों में तेज गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

मध्य प्रदेश का मौसम

मध्य प्रदेश में भी मौसम शुष्क बना हुआ है. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में तापमान लगातार बढ़ रहा है. आने वाले दिनों में यहां भी गर्मी का असर तेज होगा और दिन के समय बाहर निना मुश्किल हो सकता है.

पूर्वोत्तर भारत का मौसम

पूर्वोत्तर भारत में मौसम काफी उग्र रूप ले सकता है. असम, मेघालय, नागालैंड और मिजोरम में तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.यहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.

पश्चिम बंगाल का मौसम

पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों जैसे दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. यहां तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है, जिससे लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.

दक्षिण भारत का मौसम

दक्षिण भारत के तटीय राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है. केरल, तमिलनाडु और अंडमान में वीकेंड पर आंधी और बारिश की संभावना है. यह बदलाव मन्नार की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हो रहा है.

Topics: