दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में अभी चलेंगी गर्म हवाएं ! इन राज्यों में होगी भारी बारिश.. अलर्ट जारी

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहने की संभावना है. वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 11 जून के बाद उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी से राहत मिल सकती है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 10 Jun, 2026 | 07:14 AM

Weather Updates: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित हरियाणा और पंजाब में अभी भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों के दौरान तापमान बढ़ने की संभावना है. IMD का कहना है कि राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिन तक गर्म मौसम बना रहेगा. इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय हो सकता है, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. मॉनसून के महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु के शेष हिस्सों और मध्य अरब सागर के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत के कई राज्यों में 14 जून तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश  हो सकती है. वहीं, तेलंगाना के लिए 10 जून को बहुत भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया गया है.

10 से 11 जून के बीच कैसा रहेगा मौसम

IMD के मुताबिक, कर्नाटक, लक्षद्वीप, केरल और माहे में 10 से 11 जून के बीच व्यापक बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों के साथ-साथ मध्य भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत में भी अरुणाचल प्रदेश, असम और मणिपुर में 14 जून तक व्यापक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. यहां भी गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

महाराष्ट्र में भारी बारिश होने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम भारत में कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में आज भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान 9 जून तक करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. इसी तरह उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश,  जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 11 और 12 जून को ओलावृष्टि होने की आशंका जताई गई है. इन क्षेत्रों में 11 जून तक तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. साथ ही मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र उग्र रह सकता है. ऐसे में मछुआरों को इन क्षेत्रों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

हरियाणा- पंजाब में कैसा रहेगा मौसम

वहीं, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की स्थिति बनी रह सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, 10 जून तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लगभग सभी हिस्से भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में आ सकते हैं. हालांकि 11 जून से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से मौसम बदल सकता है. हरियाणा के कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 10 Jun, 2026 | 07:09 AM

लेटेस्ट न्यूज़